Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

G7 समिट से लौटते वक्त ट्रंप ने वॉशिंगटन बुलाया, लेकिन PM मोदी ने क्यों ठुकराया न्योता? आज बताई सच्‍चाई…

G7 समिट से लौटते वक्त ट्रंप ने वॉशिंगटन बुलाया, लेकिन PM मोदी ने क्यों ठुकराया न्योता? आज बताई सच्‍चाई…

भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने ओडिशा दौरे के दौरान भुवनेश्वर में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के शासन मॉडल पर तीखा हमला बोला। साथ ही भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार के विकास कार्यों का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि दशकों तक कांग्रेस के मॉडल ने देश को सिर्फ अटकाया, भटकाया और लटकाया। इसके विपरीत, बीजेपी का मॉडल सुशासन, पारदर्शिता और विकास का पर्याय बन गया है।

ट्रंप का न्योता ठुकराया, ओडिशा को दी प्राथमिकता

पीएम मोदी ने सभा में एक किस्सा साझा करते हुए बताया कि हाल ही में जब वे कनाडा में G7 समिट में भाग लेने गए थे, तब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें वॉशिंगटन आने और साथ में भोजन करने का निमंत्रण दिया था। लेकिन पीएम मोदी ने उस निमंत्रण को यह कहते हुए ठुकरा दिया कि उन्हें महाप्रभु जगन्नाथ की धरती ओडिशा आना है। उन्होंने कहा, ‘आप लोगों का प्रेम और महाप्रभु की भक्ति मुझे यहां खींचकर ले आई है।’ इसलिए मैंने उनके निमंत्रण को नम्रता पूर्वक मना किया… अमेरिका के राष्ट्रपति से कहा, निमंत्रण के लिए आपका धन्यवाद, लेकिन मुझे तो महाप्रभु की धरती पर जाना जरूरी है।

बीजेपी मॉडल मतलब ट्रांसफॉर्मेशन

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, आजादी के बाद दशकों तक देश में कांग्रेस का जो मॉडल था, उसमें न सुशासन था और न ही लोगों की भलाई। घनघोर भ्रष्टाचार, लालफीताशाही, विकास योजनाओं को अटकाना-भटकाना कांग्रेस की पहचान रही है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में बीजेपी ने शासन के हर स्तर पर व्यापक बदलाव किए हैं। जिन राज्यों में पहली बार भाजपा की सरकार बनी, वहां सामाजिक और आर्थिक बदलाव की नई कहानी लिखी गई है।

असम और त्रिपुरा की मिसाल, हिंसा से शांति तक का सफर

प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्वोत्तर राज्यों की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि असम में जहां कभी अस्थिरता और उग्रवाद था, वहां आज विकास की बयार बह रही है। दशकों पुरानी उग्रवादी गतिविधियां बंद हुई हैं। इसी तरह उन्होंने त्रिपुरा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां वामपंथी शासन के बाद बीजेपी को मौका मिला और राज्य ने शांति और प्रगति की राह पकड़ी है।

ओडिशा में डबल इंजन सरकार ने दिखाया असर

ओडिशा के बारे में पीएम मोदी ने कहा, यहां वर्षों तक गरीबों और किसानों को उनका हक नहीं मिला, सरकारी मशीनरी में भ्रष्टाचार हावी था और इंफ्रास्ट्रक्चर जर्जर था। लेकिन बीते एक साल में बीजेपी की डबल इंजन सरकार ने परिवर्तन की गति तेज कर दी है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने से जनता को दोहरा लाभ मिला है। ‘डबल इंजन ने ओडिशा को डबल बेनिफिट दिया है।’

ओडिशा के लिए केंद्र की प्रतिबद्धता

प्रधानमंत्री ने कहा कि ओडिशा में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, गरीबों को पक्के घर, गैस कनेक्शन और किसानों को सीधी सहायता दी जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बीजेपी की सरकार ओडिशा को देश के अग्रणी राज्यों में शुमार करने के लिए संकल्पित है।

Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

Latest Posts