PlayBreaking News

'दुनिया आपदाओं के दौर से गुजर रही है…'नीदरलैंड्स में पीएम मोदी का बड़ा संदेश, बोले- हालात नहीं सुधरे तो आने वाले साल मुश्किल होंगे

नीदरलैंड्स के हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया को लेकर बड़ी चिंता जताई। पीएम मोदी ने कहा कि यह दशक आपदाओं का दौर बन चुका है और अगर हालात नहीं सुधरे तो आने वाले वर्षों पर इसका भारी असर पड़ेगा।
Follow on Google News
नीदरलैंड्स में पीएम मोदी का बड़ा संदेश, बोले- हालात नहीं सुधरे तो आने वाले साल मुश्किल होंगे
नीदरलैंड्स में पीएम मोदी का संदेश

नई दिल्ली। नीदरलैंड्स दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए दुनिया के मौजूदा हालात पर बड़ी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया एक ऐसे दौर से गुजर रही है जिसे 'आपदाओं का दशक' कहा जा सकता है। पीएम मोदी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर समय रहते हालात नहीं सुधरे, तो इसका असर आने वाले कई दशकों तक देखने को मिलेगा। हेग में मौजूद भारतीय समुदाय के बीच पीएम मोदी का भाषण काफी भावुक और उत्साह से भरा रहा। उन्होंने भारत की उपलब्धियों, संस्कृति, तकनीक और युवाओं की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि आज का भारत बड़े सपने देखने के साथ-साथ उन्हें पूरा करने का हौसला भी रखता है।

'कुछ देर के लिए भूल गया कि मैं नीदरलैंड्स में हूं'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत भारतीय समुदाय की तारीफ से की। उन्होंने कहा कि यहां मौजूद लोगों का प्यार और अपनापन देखकर उन्हें कुछ देर के लिए ऐसा लगा जैसे वे भारत में ही हों। पीएम मोदी ने कहा कि समय बदल गया, दुनिया बदल गई, लेकिन भारतीय संस्कार और संस्कृति आज भी दुनिया के हर कोने में लोगों के दिलों में जिंदा हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों में रहने वाले भारतीय देश की पहचान और संस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं।

'आज का भारत बड़े सपने देखता है'

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का भारत सिर्फ सपने नहीं देख रहा, बल्कि उन्हें सच भी कर रहा है। उन्होंने भारत की वैज्ञानिक और तकनीकी उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने चांद पर उस जगह पहुंचकर इतिहास रच दिया, जहां दुनिया का कोई दूसरा देश पहले नहीं पहुंच पाया था। उन्होंने कहा कि देश तेजी से तकनीक और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आज भारत के युवा नौकरी ढूंढने के बजाय नए स्टार्टअप शुरू करना चाहते हैं और दुनिया के लिए नई तकनीक बना रहे हैं।

Breaking News

यूपीआई और स्टार्टअप का किया जिक्र

अपने भाषण में पीएम मोदी ने भारत की डिजिटल क्रांति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज भारत में हर दिन करोड़ों यूपीआई ट्रांजैक्शन हो रहे हैं, जो दुनिया के लिए एक उदाहरण बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि देश में अब दो लाख से ज्यादा स्टार्टअप काम कर रहे हैं और युवा नई सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब सिर्फ उपभोक्ता देश नहीं रहा, बल्कि दुनिया को नई तकनीक और समाधान देने वाला देश बन रहा है।

'ग्रीन हाइड्रोजन में भारत-नीदरलैंड्स की साझेदारी अहम'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में ग्रीन एनर्जी और पर्यावरण को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि आने वाला समय स्वच्छ ऊर्जा का है और इस दिशा में भारत और नीदरलैंड्स मिलकर बड़ा काम कर सकते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि ग्रीन हाइड्रोजन को लेकर दोनों देशों के बीच सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि भारत पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को लेकर तेजी से काम कर रहा है।

ये भी पढ़ें: दुनिया के नक्शे में रहना है या इतिहास बनना है? पाकिस्तान को आर्मी चीफ की चेतावनी, आतंकवाद पर भारत का सख्त रुख

ट्यूलिप और कमल का दिलचस्प जिक्र

अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने नीदरलैंड्स और भारत के सांस्कृतिक प्रतीकों का भी जिक्र किया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि जैसे नीदरलैंड्स पूरी दुनिया में ट्यूलिप फूलों के लिए जाना जाता है, वैसे ही भारत कमल के लिए प्रसिद्ध है। प्रधानमंत्री की इस बात पर वहां मौजूद भारतीय समुदाय ने जोरदार तालियां बजाईं।

16 मई को बताया खास दिन

पीएम मोदी ने कहा कि 16 मई उनके जीवन का बेहद खास दिन है। उन्होंने याद दिलाया कि इसी दिन 12 साल पहले 2014 में लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे। पीएम मोदी ने नीदरलैंड्स की जनता को भारत के 140 करोड़ लोगों की ओर से शुभकामनाएं भी दीं। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय पांच देशों के दौरे पर हैं और इसी कड़ी में वह नीदरलैंड्स पहुंचे हैं। 

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts