एनवीडिया के सामने नई समस्या: अंतरिम सीईओ कोलेट क्रेस और जेन्सेन की बेटी मेडिसन हुआंग के बीच बिजनेस को लेकर गहरे मतभेद

वॉशिंगटन। एनवीडिया की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब सामने आया है कि कंपनी की नई अंतरिम सीईओ कोलेट क्रेस और जेन्सेन हुआंग की बेटी मेडिसन के बीच बिजनेस को लेकर संबंध सामान्य नहीं हैं। मेडिसन जेन्सेन की बेटी के नाते कंपनी में काफी ज्यादा दबदबा रखती थीं। कहा जाता है कि बड़े निर्णयों में उनका सीधा हस्तक्षेप होता था। वे उन 60 लोगों की टीम में शामिल थीं जो सीधे पूर्व सीईओ जेन्सेन होआंग को रिपोर्ट करती थीं। वहीं, जेन्सेन हुआंग के कंपनी से बाहर होने के बाद कंपनी की नई अंतरिम सीईओ बनीं कोलेट क्रेस के पास कंपनी के आंतरिक पावर स्ट्रक्चर को नए सिरे से व्यवस्थित करने का मौका है।
नई सीईओ से हो चुका है टकराव
कंपनी में चल रहे घटनाक्रम के बीच मेडिसन हुआंग के भविष्य के प्रभाव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, जो कंपनी के भीतर काफी अहम हस्ती बन गई थीं। 'द इंफॉर्मेशन' के अनुसार क्रेस का मेडिसन और उनके पति निको कैप्रेज के साथ टकराव हुआ था। गौरतलब है कि जेन्सेन हुआंग के चलते ये दोनों ही एनवीडिया में बहुत तेजी से ऊंचे पदों तक पहुंचे थे। लेकिन, अब जब जेन्सेन हुआंग कंपनी से बाहर हो गए हैं, तो माना जा रहा है कि मेडिसन और उनके पति का प्रभाव कम हो सकता है, क्योंकि अब उनकी CEO तक सीधी पहुंच नहीं रहेगी।
यह भी पढ़ें: Nvidia में जेनसन हुआंग की वापसी पर लगा ब्रेक! चेयरमैन ने साफ किया रुख, नए CEO की तलाश शुरू
मेडिसन के व्यवहार पर उठे सवाल
'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की एक रिपोर्ट के अनुसार, वह चीफ ऑफ स्टाफ की भूमिका भी निभाती हैं और सीनियर कर्मचारियों को बुरी तरह डांटने-फटकारने के लिए जानी जाती हैं। मेडिसन के साथ-साथ निको का भी एनवीडिया पर काफी नियंत्रण है, जिससे कुछ सीनियर कर्मचारी असहज महसूस कर रहे हैं। सत्रों का कहना है कि सीईओ से मतभेदों का असर इस जोड़े के प्रभाव पर पड़ सकता है। मेडिसन 2020 में एक इंटर्न के तौर पर एनवीडिया (Nvidia) से जुड़ीं और अब कंपनी में प्रोडक्ट मार्केटिंग की सीनियर डायरेक्टर हैं। वहीं, निको 2024 में एनवीडिया से जुड़े और जनवरी 2026 में उन्हें प्रमोट करके वाइस-प्रेसिडेंट बना दिया गया। कंपनी के अंदरूनी कल्चर पर 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की एक जांच में बताया गया है कि कैसे यह पति-पत्नी कभी-कभी अपने से ऊंचे पदों पर बैठे अधिकारियों को भी चुनौती देते थे। क्योंकि, उन्हें जेन्सेन हुआंग तक विशेष पहुंच (privileged access) हासिल थी।
कोलेट क्रेस ने जेन्सेन हुआंग को चुनौती दी थी
क्रेस 2013 में एनवीडिया में शामिल हुईं। कई साल से वे कंपनी के ग्राफिक्स-चिप निर्माता से AI के क्षेत्र में एक अग्रणी शक्ति बनने के परिवर्तन में एक प्रमुख व्यक्ति बन गईं। लेकिन वित्तीय जोखिम (फाइनेंशियल रिस्क) के प्रति उनका दृष्टिकोण कभी-कभी जेन्सेन हुआंग के साथ उनके मतभेद का कारण बना।
कंपनी की छवि को बचाने में मेडिसन की भूमिका
फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार मेडिसन ने सिंगापुर स्थित क्लाउड प्रोवाइडर 'मेगास्पीड' के साथ एनवीडिया के संबंधों को लेकर हो रही जांच पर कंपनी की सार्वजनिक प्रतिक्रिया तय करने में अहम भूमिका निभाई थी। मामले की जानकारी रखने वाले तीन लोगों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि मेडिसन ने अपने आधिकारिक पद की जिम्मेदारियों से कहीं बढ़कर काम किया था। जेन्सेन हुआंग को एनवीडिया से बाहर किए जाने के विवाद के केंद्र में यही कंपनी (मेगास्पीड) थी। इस विवाद में कैप्रेज भी शामिल थे जिनकी जिम्मेदारियों में पूरे एशिया में अंतरराष्ट्रीय क्लाउड-कंप्यूटिंग सौदों की देखरेख करना शामिल था।



















