जेन्सेन हुआंग को लेकर सिलिकॉन वैली में हलचल, इस्तीफे पर टेक जगत के दिग्गजों ऑल्टमैन और बेजोस ने रखी अपनी राय

मेनलो पार्क (कैलिफोर्निया)। एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग से जुड़ा घटनाक्रम सिलिकॉन वैली में चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है। इसमें विवाहेतर संबंधों (एक्ट्रामेरिटल अफेयर) की खबरों से लेकर पिछले सप्ताह उनके इस्तीफे और फिर पद पर लौटने की थोड़े समय की कोशिश तक की घटनाएं शामिल हैं। कंप्यूटर चिप बनाने वाली कंपनी एनवीडिया और हुआंग इस सप्ताह सेमाफोर के 'सिलिकॉन वैली : द वर्ल्ड' मंच पर भी चर्चा के केंद्र में रहे। इस कार्यक्रम में प्रौद्योगिकी कंपनियों के अधिकारी, निवेशक, नीति निर्माता और सरकारी अधिकारी शामिल हुए। इस घटनाक्रम और उसके बाद की स्थिति पर वहां मौजूद प्रमुख कारोबारियों और अधिकारियों की राय इस प्रकार है।
ओपनएआई के सह-संस्थापक एवं सीईओ सैम ऑल्टमैन ने कहा…

हुआंग के इस्तीफे के बाद उनके प्रति व्यक्तिगत रूप से गहरी सहानुभूति महसूस होती है। ऑल्टमैन को भी 2023 में सीईओ पद से हटा दिया गया था, हालांकि जल्द ही उन्हें बहाल कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि वह इस सवाल का जवाब देने के लिए पर्याप्त जानकारी रखते हैं कि हुआंग को एनवीडिया में वापस लौटना चाहिए या नहीं। हालांकि, उन्होंने कहा- जेन्सन लंबे समय से मेरे नायक रहे हैं। ऑल्टमैन ने कहा- नायकों में भी कमियां होती हैं। उन्होंने जो कंपनी बनाई है, उसके लिए मैं उनका आभारी हूं। जेन्सन के बिना एआई क्रांति की कल्पना करना मुश्किल है। उनकी कंपनी ने शुरुआत में हम पर दांव लगाया था और हमने भी शुरुआत में उन पर भरोसा किया था। इसके लिए मैं उनका बेहद आभारी हूं। ऑल्टमैन ने यह भी कहा कि एनवीडिया एक बहुत बड़ी कंपनी है और उनका मानना है कि लोगों को अब भी उसकी गारंटी पर बहुत भरोसा है।
अमेजन के संस्थापक बेजोस ने भी कहा…

इतना पता नहीं है कि इस बारे में कह सकूं कि हुआंग को एनवीडिया में वापस लौटना चाहिए या नहीं। बेजोस ने कहा- लेकिन मैं आपको निश्चित रूप से बता सकता हूं कि जेनसन असाधारण व्यक्ति हैं। उन्होंने कड़ी मेहनत और दूरदर्शिता के साथ एक असाधारण कंपनी की स्थापना की और उसे खड़ा किया। वह हर हाल में प्रशंसा और सम्मान के हकदार हैं और यह कभी खत्म नहीं होगा।
कंपनी से ही किसी को नया सीईओ नियुक्त करें
यह पूछे जाने पर कि एनवीडिया के निदेशक मंडल को क्या सलाह देंगे, बेजोस ने कहा कि कंपनी को अपने भीतर से ही किसी को नियुक्त करना चाहिए। बेजोस ने 27 साल तक अमेजन के सीईओ रहने के बाद 2021 में यह पद छोड़ दिया था, लेकिन वह अब भी कंपनी के कार्यकारी चेयरमैन हैं। उन्होंने कहा कि अमेजन और एनवीडिया के मामलों की तुलना करना बहुत गलत होगा। बेजोस ने कहा- इससे पहले नेतृत्व का इतना सुनियोजित हस्तांतरण कभी नहीं हुआ। उनकी इस टिप्पणी पर वहां मौजूद प्रौद्योगिकी उद्योग से जुड़े लोग हंसने लगे। उन्होंने कहा- स्पष्ट कर दूं कि दोनों स्थितियां बिल्कुल अलग हैं। यह कई वर्षों में योजनाबद्ध तरीके से किया गया हस्तांतरण था। अमेजन के सीईओ जैसी ने एक सत्र के दौरान कहा कि उन्हें नहीं लगता कि इस घटना और उसके बाद के घटनाक्रम का अमेजन पर कोई असर पड़ेगा। अमेजन एनवीडिया के चिप का इस्तेमाल करती है, लेकिन अपने खुद के विशेष चिप भी बना रही है।
परप्लेक्सिटी एआई के सह-संस्थापक एवं सीईओ श्रीनिवास ने कहा…

मेरा मानना है कि पिछले चार-पांच वर्षों में एआई क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने वाले हर व्यक्ति को एक व्यक्ति का आभार मानना चाहिए, वह जेन्सन हैं। अमेरिका को जेनसन जैसे और लोगों की जरूरत है। ऐसा व्यक्ति मिलना बहुत मुश्किल है, वह अपने आप में अनूठे हैं। लेकिन साथ ही, लोगों को उनके जैसी विरासत बनाने की आकांक्षा रखनी चाहिए।




















