संसद में गतिरोध: आमने-सामने आए NDA और कांग्रेस के सांसद, खरगे बोले- विपक्ष का गोल पोस्ट नहीं बदला

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के आखिरी सप्ताह में सरकार और विपक्ष के बीच मुद्दों को लेकर टकराव खुलकर सामने आ गया है। एनडीए जहां झारखंड में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर राहुल गांधी से जवाब मांग रहा है, वहीं विपक्ष अयोध्या में राम मंदिर चंदा चोरी और दिल्ली में लाठीचार्ज के मुद्दे पर सरकार को घेर रहा है। मल्लिकार्जुन खरगे ने साफ किया है कि विपक्ष का स्टैंड नहीं बदला है और वह छात्रों पर लाठीचार्ज के आदेश को लेकर सदन में जवाब चाहता है। वहीं BJP नेताओं ने राहुल गांधी पर चर्चा से भागने और संसद की कार्यवाही को बाधित करने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों के अपने-अपने मुद्दों पर अड़े रहने से संसद में गतिरोध लगातार बढ़ता जा रहा है।
संसद के बाहर आमने-सामने आए NDA और विपक्ष
सत्ताधारी NDA के सांसद झारखंड में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर नारेबाजी कर रहे थे, जबकि विपक्षी सांसद अयोध्या में राम मंदिर चंदा चोरी और दिल्ली में लाठीचार्ज के मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। NDA सांसद अपनी साप्ताहिक ‘मंगल मिलन’ यानी गठबंधन की संसदीय दल की बैठक में शामिल होने के बाद संसद पुस्तकालय से सदन के मुख्य प्रवेश द्वार मकर द्वार तक मार्च करते हुए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी जवाब दो और राहुल गांधी भागो मत जैसे नारे लगाए। NDA सांसदों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी देशभर में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन से जुड़े मुद्दे पर बहस से भाग रहे हैं। वहीं विपक्षी सांसद भी अपने मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ लगातार नारेबाजी करते रहे और दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद सुरक्षाकर्मियों ने उनके बीच घेरा बनाकर स्थिति को संभाला।
PM मोदी से मिले रिजिजू, फिर स्पीकर से चर्चा, FCRA बिल पर JPC का विकल्प आया सामने
खरगे बोले- विपक्ष का गोल पोस्ट नहीं बदला
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि विपक्ष का गोल पोस्ट चेंज नहीं हुआ है और शुरुआत में जो उसका स्टैंड था, वही अब भी कायम है। उन्होंने कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज के मामले में सरकार को सदन में आकर बताना चाहिए कि आखिर आदेश किसने दिया था। खरगे ने कहा कि इस मामले को 18 दिन हो चुके हैं, लेकिन सरकार बयान देने को तैयार नहीं है और उसकी मंशा सिर्फ बोलकर निकल जाने की है। झारखंड के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह अलग विषय है और संसद में सौ विषय होते हैं, जिन पर अलग-अलग चर्चा होती है। खरगे ने साफ किया कि विपक्ष अपने मूल मुद्दे से पीछे नहीं हटा है और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के मामले में सदन के भीतर जवाब चाहता है।
अखिलेश यादव ने दोनों मुद्दों पर बहस की मांग की
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा, परीक्षा और राम मंदिर के दोनों मुद्दे एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं, इसलिए दोनों विषयों पर संसद में बहस होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो बात आज कही जा रही है, वह एक सप्ताह पहले भी कही जा सकती थी। झारखंड के छात्रों के मामले पर अखिलेश यादव ने कहा कि बातचीत ही इसका रास्ता है और मुख्यमंत्री लगातार बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और विपक्ष के बीच बातचीत के जरिए ही विवाद का समाधान निकाला जा सकता है। दूसरी ओर, विपक्ष लगातार राम मंदिर चंदे और दिल्ली में हुए लाठीचार्ज जैसे मुद्दों को भी संसद में उठाने की मांग कर रहा है, जिससे सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध और बढ़ता नजर आ रहा है।
सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि गृह मंत्री हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार हैं और विपक्ष को सदन से भागना नहीं चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह का आचरण राहुल गांधी दिखा रहे हैं, उसमें जब भी गृह मंत्री या प्रधानमंत्री सदन में बोलते हैं, राहुल गांधी सदन से भाग जाते हैं। त्रिवेदी ने कहा कि हम राहुल गांधी को चुनौती देते हैं कि वह भागें नहीं और सदन में सरकार की बात सुनें। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को रांची जाना चाहिए और वहां छात्रों की आवाज सुननी चाहिए, लेकिन रांची के छात्रों की गूंज उन्हें सुनाई नहीं पड़ती। त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद के सदन को अपनी सनक और उद्दंडता का बंधक बनाकर रखना चाहते हैं।
रविशंकर प्रसाद ने भी बोला हमला
बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने सवाल उठाया कि झारखंड के बच्चों के मामले पर राहुल गांधी चुप क्यों हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में हर परीक्षा में नौकरी बिकने के आरोप हैं और कांग्रेस CBI जांच नहीं करवाना चाहती, क्योंकि जांच होने पर उसकी कलई खुल जाएगी। इसी के साथ रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी संसद में चर्चा नहीं चाहती, बल्कि देश में अराजकता चाहती है।












