Mrs World International : 10 महीने के बच्चे की मां, मप्र की पंखुड़ी 'मिसेज वर्ल्ड इंटरनेशनल 2026' में बनीं फर्स्ट रनर-अप

जभोपाल। सपने देखने की कोई उम्र या सीमा नहीं होती और मातृत्व किसी महत्वाकांक्षा का अंत नहीं, बल्कि एक नए और सशक्त उद्देश्य की शुरुआत है। इस बात को अपनी लगन और आत्मविश्वास से सच कर दिखाया है पंखुड़ी श्रीवास्तव लखानी ने। 10 महीने के मासूम बच्चे की मां पंखुड़ी ने प्रतिष्ठित 'मिसेस वर्ल्ड इंटरनेशनल 2026' प्रतियोगिता में फर्स्ट रनर-अप (चार्मिंग मिसेस वर्ल्ड इंटरनेशनल 2026) का खिताब अपने नाम कर देश का मान बढ़ाया है। पंखुड़ी इटारसी के व्यवसायी देवानंद लखानी की बहू हैं। दुनिया भर से आई प्रतिभाशाली और सशक्त विवाहित महिलाओं के बीच पंखुड़ी ने अपनी शालीनता, आत्मविश्वास और बुद्धिमत्ता से निर्णायकों का दिल जीत लिया। उनकी यह सफलता केवल सुंदरता की जीत नहीं, बल्कि मातृत्व के साथ अपने सपनों को पूरा करने के जुनून की एक अनूठी मिसाल है।
मां बनने के बाद मैं और अधिक निडर हुई
मां बनने के महज 10 महीने बाद वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली पंखुड़ी ने दिखाया कि जिम्मेदारियों के बीच भी सपनों की उड़ान भरी जा सकती है। अपनी इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए पंखुड़ी ने कहा: 'यह ताज उन सभी माताओं के लिए है जिन्होंने कभी यह सोचा कि मां बनने के बाद उनके सपने खत्म हो जाते हैं। मातृत्व ने मुझे अधिक मजबूत, धैर्यवान और निडर बनाया है। मेरा बच्चा मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा है। मुझे उम्मीद है कि मेरी यह यात्रा हर महिला को यह विश्वास दिलाएगी कि अगर आप खुद पर भरोसा रखती हैं, तो दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं है।'

आयोजकों ने की पंखुड़ी के जज्बे की सराहना
'मिसेज वर्ल्ड इंटरनेशनल' की संस्थापक और निदेशक बरखा अभिषेक नांगिया ने पंखुड़ी को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि पंखुड़ी का सफर इस बात का खूबसूरत प्रमाण है कि महिलाएं जीवन के हर पड़ाव पर असाधारण हासिल कर सकती हैं। उनके आत्मविश्वास और जज्बे ने न केवल जजों को, बल्कि दुनिया भर की अनगिनत महिलाओं को प्रेरित किया है।
मिसेज वर्ल्ड इंटरनेशनल के बारे में
'मिसेज वर्ल्ड इंटरनेशनल' एक वैश्विक मंच है जो दुनिया भर की विवाहित महिलाओं की उपलब्धियों, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का जश्न मनाता है। यह केवल एक सौंदर्य प्रतियोगिता न होकर महिलाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और अपनी पहचान बनाने के लिए सशक्त बनाता है।












