MP Weather: मध्य प्रदेश में बढ़ी ठंड, 20 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे; इंदौर-भोपाल में पचमढ़ी से ज्यादा सर्दी

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब मध्य प्रदेश में भी दिखाई देने लगा है। प्रदेश में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह के समय कई इलाकों में धुंध छाने लगी है। बीती रात प्रदेश के 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों के मुताबिक, कटनी जिले का करौंदी 10.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहीं, प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 12.6 डिग्री दर्ज किया गया। इसके मुकाबले इंदौर में 11.1 और भोपाल में 12.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। यानी इन दोनों शहरों में पचमढ़ी से ज्यादा ठंड महसूस की गई।
अगले 5 दिनों में 2 डिग्री तक गिर सकता है पारा
मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी का दौर जारी है। इसके अलावा 14 और 15 नवंबर को राजस्थान के बीकानेर संभाग में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश होने की संभावना है। इसका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ सकता है। उत्तरी हवाओं का प्रभाव बढ़ने से अगले पांच दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे रात और सुबह के समय ठिठुरन बढ़ने के आसार हैं।
फिलहाल बारिश का अलर्ट नहीं
मौसम विभाग ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के किसी भी जिले में आंधी या बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में नया मौसम सिस्टम सक्रिय होने पर कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना बन सकती है।
ग्वालियर-चंबल में बढ़ेगी ठंड
नवंबर के दूसरे पखवाड़े से ग्वालियर-चंबल संभाग में ठंड का असर और तेज हो सकता है। यहां सीधी उत्तरी हवाएं चलने से रात के तापमान में तेजी से गिरावट आने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस क्षेत्र में ठिठुरन बढ़ सकती है।
भोपाल में नवंबर में 6.1 डिग्री तक पहुंच चुका है पारा
राजधानी भोपाल में नवंबर के दौरान रात का न्यूनतम तापमान आमतौर पर 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच जाता है। पिछले वर्षों के रिकॉर्ड भी इसी तरह के ट्रेंड की ओर इशारा करते हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, भोपाल में नवंबर महीने में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। यह रिकॉर्ड 30 नवंबर 1941 को दर्ज किया गया था। नवंबर में राजधानी में बारिश का इतिहास भी रहा है। पिछले 10 वर्षों में तीन बार इस महीने बारिश दर्ज की गई है। वहीं, 1936 में नवंबर के दौरान साढ़े पांच इंच से ज्यादा बारिश हुई थी।
इंदौर में 5.6 डिग्री तक पहुंच चुका है तापमान
इंदौर में भी नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड बढ़ने लगती है। इस दौरान रात का तापमान अक्सर 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है। हालांकि, शहर में इससे भी कम तापमान दर्ज होने का रिकॉर्ड है। 25 नवंबर 1938 को इंदौर का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। नवंबर में यहां कभी-कभी बारिश भी होती है, जबकि दिन का तापमान सामान्य तौर पर 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है।




















