भोपाल में किसानों के मुद्दों पर सपा का प्रदर्शन, सीएम और केंद्रीय कृषि मंत्री के आवास घेरने की कोशिश

भोपाल। किसानों की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को शक्ति प्रदर्शन किया। पार्टी ने इसे ‘समाजवादी किसान पीडीए पंचायत’ नाम दिया। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए सपा कार्यकर्ता जेपी अस्पताल के सामने स्थित प्रदेश कार्यालय पर एकत्रित हुए। प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से ट्रैक्टर और अन्य वाहनों से भोपाल पहुंच रहे किसानों और पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कई स्थानों पर रोक दिया। खजूरी कलां क्षेत्र में ट्रैक्टर से आ रहे कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने नहीं दिया गया। इसी तरह बैरागढ़ और मंडीदीप की ओर से आ रहे किसानों का मार्ग भी डायवर्ट कर दिया गया।
पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोका
प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास का घेराव करने की घोषणा की। हालांकि, जेपी अस्पताल के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसके अलावा शहर में अन्य दिशाओं से आ रहे किसानों को भी प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस ने व्यवस्था की थी।

ये भी पढ़ें: आज डासना जेल से बाहर आ सकते हैं आजम खान, गाजियाबाद कोर्ट ने जारी किया रिहाई परवाना
खाद, फसल के दाम और बेरोजगारी के मुद्दे उठाए
सपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने कहा कि सरकार किसानों और आम जनता से किए गए वादों को पूरा करने में नाकाम रही है। किसानों को खाद की समस्या से जूझना पड़ रहा है और उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, जबकि आम जनता महंगाई से परेशान है। इन्हीं मुद्दों को लेकर पार्टी ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव का SSR पर तंज, बोले- इसका उल्टा RSS; चुनाव आयोग पर उठाए सवाल



















