पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल फिर सस्ता:पेट्रोल ₹373.78 और डीजल ₹378.78 प्रति लीटर पर पहुंचा, 5 हफ्तों से लगातार मिल रही राहत

पाकिस्तान सरकार ने एक बार फिर पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल (HSD) की कीमतों में कटौती की है। नई दरों के मुताबिक पेट्रोल 4 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर और डीजल 2 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर सस्ता किया गया है। इसके बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 373.78 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर और हाई स्पीड डीजल की कीमत 378.78 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर हो गई है। नई कीमतें 13 जून से लागू कर दी गई हैं।
भारत के मुकाबले पाकिस्तान में ईंधन अब भी महंगा
कीमतों में कटौती के बावजूद पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल भारत के मुकाबले अब भी काफी महंगे हैं। भारत में पेट्रोल की कीमत करीब ₹102.12 प्रति लीटर और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर है। वहीं पाकिस्तान में भारतीय मुद्रा के हिसाब से पेट्रोल करीब ₹127.71 और डीजल ₹129.42 प्रति लीटर के आसपास पहुंचता है।
लगातार पांच हफ्तों से मिल रही राहत
पाकिस्तान में पिछले पांच हफ्तों से ईंधन की कीमतों में लगातार राहत देखने को मिल रही है। इस दौरान पेट्रोल की कीमत कुल मिलाकर 41 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर तक कम हो चुकी है। पिछले सप्ताह भी सरकार ने पेट्रोल 4 रुपए सस्ता किया था हालांकि उस समय डीजल के दाम स्थिर रखे गए थे।
ये भी पढ़ें: Samsung Galaxy S26 Ultra हुआ सस्ता, 200MP कैमरे वाले फ्लैगशिप फोन पर ₹15,000 तक की बचत
टैक्स की वजह से बढ़ी हुई हैं कीमतें
पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर भारी टैक्स लगाया जा रहा है। सरकार पेट्रोल पर करीब 125 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर टैक्स वसूल रही है। इसमें पेट्रोलियम लेवी, कस्टम ड्यूटी और क्लाइमेट लेवी शामिल हैं। वहीं हाई स्पीड डीजल पर करीब 100 रुपए प्रति लीटर टैक्स लिया जा रहा है। इसमें पेट्रोलियम लेवी, कस्टम ड्यूटी, क्लाइमेट सपोर्ट लेवी और इनलैंड फ्रेट इक्वलाइजेशन मार्जिन (IFEM) जैसे शुल्क शामिल हैं।
हर शुक्रवार रात तय हो रही नई कीमतें
पाकिस्तान सरकार पिछले कुछ समय से हर शुक्रवार रात पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों की समीक्षा कर रही है। बताया जा रहा है कि 28 फरवरी से अमेरिका और ईरान के बीच शुरू हुए तनाव और युद्ध जैसी स्थिति के बाद पाकिस्तान में ईंधन आपूर्ति और कीमतों पर दबाव बढ़ गया था। इसी वजह से सरकार लगातार साप्ताहिक समीक्षा कर रही है।












