ट्रंप के टैरिफ का दिखा असर! अमेरिका में 4.2 अरब डॉलर लगाएगी ऑडी, 4500 लोगों को मिलेगी नौकरी

अमेरिका में मध्यावधि चुनाव नजदीक आते ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा आर्थिक दांव खेला है। जर्मनी की लग्जरी कार कंपनी ऑडी अब अमेरिका में अपना पहला कारखाना लगाने की तैयारी कर रही है। इस प्रोजेक्ट पर करीब 4.2 अरब डॉलर खर्च किए जाएंगे और हजारों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। ट्रंप ने इस निवेश को अपनी टैरिफ नीति की बड़ी जीत बताया है। उनका कहना है कि विदेशी कंपनियां अब अमेरिका में कारखाने लगाने के लिए आगे आ रही हैं। हालांकि, उनकी टैरिफ नीति को लेकर अमेरिका में लगातार सवाल भी उठते रहे हैं।
अमेरिका में ऑडी लगाएगी पहला कार प्लांट
जर्मनी की बड़ी वाहन निर्माता कंपनी फॉक्सवैगन एजी की लग्जरी कार ब्रांड ऑडी ने अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में अपना पहला कारखाना लगाने की योजना बनाई है। यह प्लांट जॉर्जिया के मैकॉन शहर के पास बनाया जाएगा। कंपनी इस प्रोजेक्ट में करीब 4.2 अरब डॉलर का निवेश करने की तैयारी कर रही है। जानकारी के मुताबिक, इस कारखाने में हर साल करीब 2 लाख कारें बनाने की क्षमता होगी। कंपनी का लक्ष्य अमेरिका में अपनी मौजूदगी मजबूत करना और स्थानीय बाजार की मांग को पूरा करना है।
4500 लोगों को मिलेगा रोजगार
ऑडी के इस नए कारखाने से अमेरिका में रोजगार के हजारों नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। कंपनी के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट से करीब 4,500 लोगों को नौकरियां मिल सकती हैं। कारखाने का निर्माण कार्य 2027 में शुरू करने की योजना है। वहीं, 2030 के दशक के शुरुआती वर्षों में यहां गाड़ियों का उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है। यह निवेश लंबे समय के लिए किया जा रहा है। इससे जॉर्जिया में ऑटोमोबाइल उद्योग को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
ट्रंप बोले- हर साल 2 लाख कारें बनेंगी, यह अविश्वसनीय है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जॉर्जिया के पेरी शहर में रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ऑडी के नए प्लांट का जिक्र करते हुए इसे अमेरिका के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। ट्रंप ने कहा कि फॉक्सवैगन ग्रुप की कंपनी ऑडी मैकॉन के पास एक बड़ा कारखाना लगाने जा रही है, जहां हर साल करीब दो लाख कारों का उत्पादन होगा। उन्होंने इस योजना पर खुशी जताते हुए कहा कि सालाना दो लाख कारों का उत्पादन होना अविश्वसनीय है। ट्रंप ने दावा किया कि उनकी टैरिफ नीति के कारण विदेशी कंपनियां अमेरिका में निवेश करने के लिए आगे आ रही हैं।
क्या ट्रंप की टैरिफ नीति से अमेरिका को फायदा?
डोनाल्ड ट्रंप लंबे समय से विदेशी सामान पर टैरिफ लगाने की नीति का समर्थन करते रहे हैं। उनका कहना है कि इससे अमेरिकी उद्योगों को मजबूती मिलती है और कंपनियां देश में उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित होती हैं। ट्रंप ने ऑडी के नए प्लांट को भी इसी नीति की सफलता के तौर पर पेश किया है। हालांकि, उनकी व्यापार नीति को लेकर अमेरिका में आलोचना भी होती रही है। आलोचकों का कहना है कि ज्यादा टैरिफ से सामान महंगा हो सकता है और इसका असर आम लोगों तथा कारोबारियों पर पड़ सकता है। ऐसे में ऑडी के निवेश को लेकर ट्रंप का दावा राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, कंपनी के इस फैसले के पीछे केवल टैरिफ नीति ही जिम्मेदार है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
ऑडी बनाएगी अपनी सबसे बड़ी और महंगी SUV
जॉर्जिया में आयोजित चुनावी कार्यक्रम के दौरान ऑडी के प्रबंधन बोर्ड के चेयरमैन गर्नोट डॉलनर भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि अमेरिका में बनने वाले नए प्लांट में कंपनी की सबसे बड़ी और सबसे महंगी स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल यानी SUV का उत्पादन किया जाएगा। डॉलनर ने कहा कि यह कंपनी का लंबी अवधि का निवेश है, क्योंकि ऑडी को अमेरिकी बाजार पर भरोसा है। कंपनी ने भी अपने बयान में कहा कि जॉर्जिया में लगने वाला यह अमेरिका में उसका पहला कारखाना होगा।
मध्यावधि चुनाव से पहले ट्रंप की बड़ी रणनीति
अमेरिका में मध्यावधि चुनाव होने वाले हैं और रिपब्लिकन पार्टी के सामने कांग्रेस में अपना नियंत्रण बनाए रखने की बड़ी चुनौती है। ऐसे समय में ट्रंप ऑडी के निवेश और रोजगार के नए अवसरों को अपनी आर्थिक नीतियों की सफलता के रूप में पेश कर रहे हैं। जॉर्जिया अमेरिकी राजनीति में एक महत्वपूर्ण राज्य माना जाता है। यहां सीनेट के चुनाव के साथ गवर्नर पद की लड़ाई भी चर्चा में है। राज्य में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कीशा लांस बॉटम्स और रिपब्लिकन रिक जैक्सन के बीच गवर्नर पद के लिए कड़ा मुकाबला बताया जा रहा है। कुक पॉलिटिकल रिपोर्ट ने इस मुकाबले को 'टॉस-अप' यानी ऐसा चुनाव बताया है, जिसमें किसी भी उम्मीदवार की जीत हो सकती है।
ये भी पढ़ें: मन की बात में PM मोदी का संदेश, विदेशों तक पहुंचा बिहार का मखाना, नदी बचाने से लेकर स्वदेशी तक पर दिया जोर
जॉर्जिया में ओबामा भी करेंगे चुनाव प्रचार
जॉर्जिया में चुनावी मुकाबले को देखते हुए डेमोक्रेटिक पार्टी भी अपनी पूरी ताकत लगा रही है। जानकारी के मुताबिक, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा बुधवार को जॉर्जिया में चुनाव प्रचार कर सकते हैं। उनके डेमोक्रेटिक नेता जॉन ओसॉफ और कीशा लांस बॉटम्स के साथ प्रचार करने की उम्मीद है। इससे साफ है कि जॉर्जिया में दोनों प्रमुख राजनीतिक दल चुनाव जीतने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं।
जॉर्जिया से ट्रंप का पुराना राजनीतिक रिश्ता
डोनाल्ड ट्रंप के लिए जॉर्जिया पहले भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने 2016 और 2024 के राष्ट्रपति चुनावों में इस राज्य में जीत हासिल की थी। हालांकि, 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में उन्हें डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बाइडेन से हार का सामना करना पड़ा था। उस चुनाव के नतीजों को ट्रंप ने चुनौती देने की कोशिश की थी। उन पर जॉर्जिया के सेक्रेटरी ऑफ स्टेट ब्रैड रैफेन्सपर्गर पर अतिरिक्त वोट तलाशने का दबाव डालने के आरोप भी लगे थे। इस मामले में ट्रंप के खिलाफ चुनाव में दखल देने के आरोप लगाए गए थे, जिन्हें बाद में हटा दिया गया। अब एक बार फिर जॉर्जिया अमेरिकी राजनीति के केंद्र में है। ऑडी का नया कारखाना और हजारों नौकरियों का वादा चुनाव से पहले ट्रंप के लिए एक महत्वपूर्ण मुद्दा बन गया है। फिलहाल देखना होगा कि ऑडी के इस बड़े निवेश और ट्रंप की टैरिफ नीति को लेकर किए गए दावों का अमेरिकी मतदाताओं पर कितना असर पड़ता है।



















