Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

वेनेजुएला के बाद पाकिस्तान में कांपी धरती :कई इलाकों में महसूस हुए भूकंप के झटके, जानें रिक्टर स्केल पर कितनी थी तीव्रता?

वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद अब पाकिस्तान में 5.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। कई इलाकों में झटके महसूस किए गए, हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। जानिए भूकंप का केंद्र कहां था, पाकिस्तान में बार-बार भूकंप क्यों आते हैं और क्या कहते हैं वैज्ञानिक।
कई इलाकों में महसूस हुए भूकंप के झटके, जानें रिक्टर स्केल पर कितनी थी तीव्रता?

इस्लामाबाद। दुनिया के कई हिस्सों में लगातार बढ़ रही भूकंपीय गतिविधियों के बीच शनिवार को पाकिस्तान में एक बार फिर तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंपीय केंद्र (EMSC) के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.5 दर्ज की गई। झटकों के बाद कई इलाकों में लोगों में दहशत फैल गई और वे घरों से बाहर निकल आए।

हालांकि राहत की बात यह है कि, फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों का आकलन किया जा रहा है।

सुबह आया भूकंप, जमीन के अंदर था केंद्र

EMSC के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 8:36 बजे आया। इसका केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था, जिसके कारण आसपास के कई क्षेत्रों में झटके महसूस किए गए। वहीं अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र पाकिस्तान के बरखान क्षेत्र से लगभग 63 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था। कुछ अन्य रिपोर्टों में डेरा गाजी खान के आसपास का इलाका भी प्रभावित क्षेत्र बताया गया है।

कई हिस्सों में महसूस हुए झटके

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान के कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। लोगों ने एहतियात के तौर पर घरों और इमारतों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर शरण ली। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है।

Twitter Post

एक दिन पहले भी आया था भूकंप

इससे पहले शुक्रवार को भी पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस समय भूकंप की तीव्रता करीब 5.1 दर्ज की गई थी। लगातार दो दिनों तक आए भूकंपों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञ भी क्षेत्र में बढ़ती भूकंपीय गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।

वेनेजुएला में तबाही के बाद बढ़ी चिंता

पाकिस्तान में आए भूकंप से पहले वेनेजुएला में शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई थी। वहां लगातार आए तेज झटकों के बाद बड़े पैमाने पर नुकसान की खबरें सामने आई थीं। इसी सप्ताह भारत के नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने सेलेबेस सागर क्षेत्र में भी 6.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज होने की जानकारी दी थी। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में लगातार आ रहे भूकंपों ने वैज्ञानिकों की चिंता बढ़ा दी है।

Breaking News

पाकिस्तान में बार-बार क्यों आते हैं भूकंप?

जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान भूकंप की दृष्टि से बेहद संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है। यहां भारतीय (Indian Plate) और यूरेशियन (Eurasian Plate) टेक्टोनिक प्लेटों का टकराव होता है। इसी कारण बलूचिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा, गिलगित-बाल्टिस्तान, पंजाब और सिंध जैसे कई इलाके सक्रिय फॉल्ट लाइनों के पास आते हैं। प्लेटों की लगातार हलचल के कारण इन क्षेत्रों में समय-समय पर भूकंप आते रहते हैं।

5.5 तीव्रता का भूकंप कितना खतरनाक होता है?

  • 3.0 से 3.9 - हल्के झटके
  • 4.0 से 4.9 - मध्यम तीव्रता
  • 5.0 से 5.9 - गंभीर श्रेणी, नुकसान की आशंका
  • 6.0 से 6.9 - शक्तिशाली भूकंप
  • 7.0 से 7.9 - अत्यंत विनाशकारी
  • 8.0 या उससे अधिक - बेहद भीषण और व्यापक तबाही की संभावना

5.5 तीव्रता का भूकंप मजबूत इमारतों को सामान्यतः ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचाता, लेकिन कमजोर निर्माण और संवेदनशील इलाकों में इसका असर गंभीर हो सकता है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts