पाक-अफगान सीमा पर फिर घमासान, गुलिस्तान में गोलीबारी; कई तालिबानी लड़ाके मारे जाने का दावा

नई दिल्ली। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। बलूचिस्तान के गुलिस्तान इलाके में पाकिस्तान और अफगान तालिबान के बीच गोलीबारी की खबर है। पाकिस्तान का दावा है कि अफगान तालिबान के लड़ाकों ने पाकिस्तानी इलाके में घुसने और आक्रामक कार्रवाई करने की कोशिश की, जिसे उसकी सेना ने नाकाम कर दिया। इस दौरान कई तालिबानी लड़ाकों के मारे जाने का भी दावा किया गया है। हालांकि, इन दावों की पाकिस्तानी सेना या अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने पुष्टि नहीं की है।
गुलिस्तान में रात तक रुक-रुककर गोलीबारी
एक समाचार एजेंसी ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि गुरुवार को अफगानी तालिबान लड़ाकों ने बलूचिस्तान के गुलिस्तान सेक्टर में पाकिस्तानी क्षेत्र में घुसने की कोशिश की। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें कई अफगान तालिबान लड़ाकों के मारे जाने का दावा किया गया। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि आधी रात के बाद तक रुक-रुककर गोलीबारी होती रही। हालांकि, हमले की योजना या इसमें शामिल लड़ाकों को लेकर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। अफगानिस्तान की ओर से भी गुलिस्तान में हुई इस झड़प को लेकर तत्काल कोई विस्तृत बयान नहीं आया।
तीन महीने की शांति के बाद फिर बढ़ा तनाव
दोनों देशों के बीच यह टकराव ऐसे समय में हुआ है, जब करीब तीन महीने तक हालात काफी हद तक शांत रहे थे। पिछले सप्ताह उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में पुलिस के एक ठिकाने पर हमला हुआ था, जिसमें कम से कम 24 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद पाकिस्तान ने गुरुवार को अफगानिस्तान में 10 जगहों पर हवाई और ड्रोन हमले किए। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने इन हमलों में चार आम नागरिकों के मारे जाने की बात कही थी। इसके बाद दोनों देशों के बीच एक बार फिर टकराव बढ़ गया।
पाकिस्तानी चौकियां छोड़ने का दावा
इस बीच अफगानिस्तान के टोलो न्यूज ने दावा किया है कि पाकिस्तानी सेना ने कंधार के रेगिस्तान, शोराबाक और स्पिन बोल्डक जिलों में सीमा के पास अपनी कई चौकियां छोड़ दी हैं और इलाके से पीछे हट रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को स्पिन बोल्डक के सरो सानो इलाके में डूरंड लाइन के पास अफगान सेना और पाकिस्तानी सेना के बीच झड़प हुई। सूत्र के हवाले से चार पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने और एक चौकी के नष्ट होने का दावा किया गया है। हालांकि, ये दावे भी स्वतंत्र रूप से पुष्ट नहीं हैं।
पाकिस्तान ने 8 ड्रोन गिराने का दावा किया
पाकिस्तान ने बुधवार को दावा किया कि उसकी सेना ने आठ ड्रोन मार गिराए। इनमें चार ड्रोन तोरखम बॉर्डर के पास और चार खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट के पास गिराए जाने की बात कही गई। वहीं, अफगानिस्तान ने ड्रोन हमलों में शामिल होने से इनकार किया और पाकिस्तान के हमलों की निंदा की।
सिक्किम में लैंडस्लाइड का खौफनाक मंजर, पहाड़ी से गांव की तरफ बहता दिखा मलबा..!
तालिबान ने दी ‘उचित जवाब’ की चेतावनी
तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने गुरुवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पाकिस्तान के हमलों में अफगानिस्तान के चार आम नागरिक मारे गए। उन्होंने कहा कि काबुल सख्त रुख और उचित जवाब के साथ प्रतिक्रिया देगा। मुजाहिद ने यह भी कहा कि ऐसी कार्रवाइयों के पाकिस्तानी सेना के लिए गंभीर परिणाम होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान अफगानिस्तान पर हमले कर मक्का पैक्ट की जिम्मेदारियों से बचने की कोशिश कर रहा है। उनका कहना था कि अफगानिस्तान पाकिस्तान के हमलों का जवाब देने से पीछे नहीं हटेगा। गुलिस्तान बॉर्डर पर हुई ताजा झड़प और सीमा के पास चौकियां छोड़ने के दावों के बीच दोनों देशों के बीच तनाव एक बार फिर सामने आया है। हालांकि, झड़प में हुए नुकसान और सैनिकों के मारे जाने से जुड़े कई दावों की संबंधित पक्षों की ओर से पुष्टि नहीं हुई है।




















