होर्मुज जलडमरूमध्य में 24 घंटे में चौथा हमला, नेवल माइन से टकराने के बाद टैंकर के इंजन रूम में लगी आग

तेहरान/दुबई। UK मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने X पर जानकारी दी है कि ओमान के पास होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक टैंकर पर हमले की सूचना है। संस्था ने बताया कि जहाज खराब हो गया है और उसके इंजन रूम में आग लग गई है। हालांकि चालक दल सुरक्षित है और नुकसान के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है। बताया जा रहा है कि इस इलाके में पिछले 24 घंटों में हुआ यह चौथा ऐसा हमला है। ईरानी नौसेना ने भी इस घटना की पुष्टि की है और कहा है कि टैंकर को काफी नुकसान पहुंचा है। ईरानी नौसेना ने कहा कि यह टैंकर एक प्रतिबंधित इलाके में अपना नेविगेशन सिस्टम बंद करके जा रहा था। कहा जा रहा है कि इस इलाके में जहाज पर 24 घंटे में यह चौथा हमला है।
तय रास्ते से जाने की सलाह दी
तेहरान ने शिपिंग ऑपरेटरों को सख्त सलाह दी है कि वे सुरक्षा बलों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और होर्मुज जलडमरूमध्य में तय किए गए रास्ते का ही इस्तेमाल करें। यह इलाका भारी सुरक्षा घेरे में है और अमेरिका-ईरान संघर्ष का मुख्य केंद्र बना हुआ है। इस इलाके में अमेरिका और ईरान का युद्ध शुरू होने से ही जहाज हमलों के शिकार बन रहे हैं।
जहाज के इंजन रूम में आग लगी
एक्स पर एक पोस्ट में बताया गया कि कि ओमान के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पूर्वी हिस्से में एक तेल टैंकर नेवल माइन से टकरा गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई। UKMTO ने बताया कि उसे ओमान के पास होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक टैंकर पर हमले की सूचना मिली, हमले के बाद। जहाज खराब हो गया है, उसके इंजन रूम में आग लग गई है। चालक दल सुरक्षित है, और नुकसान के बारे में विस्तृत जानकारी अभी आनी बाकी है।
ईरानी नौसेना से तालमेल जरूरी
ईरानी सरकारी ब्रॉडकास्टर इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (IRIB) द्वारा जहाज के संबंध जारी एक बयान में कहा गया कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में प्रतिबंधित इलाके से गुजर रहे इस टैंकर ने अपना नेविगेशन सिस्टम बंद कर रखा था। ईरानी नौसेना ने कहा कि सशस्त्र बलों के साथ तालमेल बिठाए बिना और नियमों के खिलाफ जाकर की गई किसी भी अवैध गतिविधि का नतीजा यही होता है कि जहाज बारूदी सुरंगों से टकरा जाते हैं और उनमें आग लग जाती है। नौसेना ने इस बात पर जोर दिया कि सुरक्षित आवाजाही के लिए ईरानी बलों के साथ तालमेल जरूरी है। ईरानी नौसेना ने यह भी कहा कि इस इलाके से गुजरने वाले जहाजों को समुद्री नियमों का पालन करना चाहिए।
और भी घटनाएं हुई हैं यहां
यूके मरीन ट्रेड ऑपरेशंस के अनुसार यह घटना एक अन्य तेल टैंकर में आग लगने के एक दिन बाद हुई है। होर्मुज में एक अज्ञात वस्तु के टकराने से इस टैंकर के इंजन रूम में आग लग गई थी। सुरक्षा निगरानी एजेंसी वैनगार्ड ने बताया कि यह पनामा के झंडे वाला टैंकर ऑन फीनिक्स (ON PHOENIX) था, जो ओमान से तीन नॉटिकल मील दूर हादसे का शिकार हुआ। दोनों एजेंसियों ने बताया कि जहाज पर सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।
ईरान की चेतावनी प्रतिबंधित रास्ते पर न जाएं
इससे कुछ घंटे पहले दो तेल टैंकर नेवल माइन्स से टकरा गए थे। ईरान का कहना है कि ये जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) के प्रतिबंधित रास्ते से निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी यह घटना हुई। इस वजह से जहाजों में विस्फोट हुआ और उनमें आग लग गई। ईरान ने कई बार शिपिंग ऑपरेटरों को चेतावनी दी है कि वे प्रतिबंधित समुद्री इलाके में न जाएं। इस इलाके में पिछले कुछ हफ्तों से पाबंदियां लागू हैं और लगातार टकराव की स्थिति बनी हुई है।




















