PU Special :पिता से सीखा हुनर बना परिवार का सहारा; जबलपुर की नीतू ने थामी नाव की पतवार, पर्यटकों को कराती हैं मां नर्मदा के दर्शन

जबलपुर के गौरीघाट की नीतू बर्मन ने बचपन में पिता से नाव चलाना सीखा था। कभी शौक के तौर पर सीखा यह हुनर आज उनके परिवार की आजीविका का सहारा बन गया है। पिता के ट्रेन हादसे में घायल होने के बाद उन्होंने नौकरी छोड़कर नाव चलाने को रोजगार बनाया।
पिता से सीखा हुनर बना परिवार का सहारा; जबलपुर की नीतू ने थामी नाव की पतवार, पर्यटकों को कराती हैं मां नर्मदा के दर्शन
जबलपुर। नीतू बर्मन गौरीघाट की इकलौती महिला नाविक हैं।

सिद्धार्थ तिवारी, जबलपुर। हालात कितने भी मुश्किल क्यों न हों, हौसला हो तो रास्ते खुद बन जाते हैं। गौरीघाट की नीतू बर्मन इसकी मिसाल हैं। बचपन में पिता के साथ शौकिया तौर पर नाव चलाना सीखने वाली नीतू ने कभी नहीं सोचा था कि यही हुनर एक दिन उनके परिवार की आजीविका का सहारा बनेगा। आज वह गौरीघाट की इकलौती महिला नाविक हैं। रोज नाव की पतवार थामकर पर्यटकों को मां नर्मदा के दर्शन कराती हैं और इसी काम से अपने परिवार की जिम्मेदारी उठा रही हैं।

पहले एक शौक था, अब बना जीवन का हुनर

नीतू बताती हैं कि उनके पिता ने उन्हें बेटे की तरह पाला। पढ़ाई-लिखाई से लेकर उनकी हर छोटी-बड़ी खुशी का ध्यान रखा। पिता जिलहरी घाट के पास छोटी सी होटल चलाते थे और नदी किनारे सब्जियां भी उगाते थे। सब्जियां बेचने के लिए जब पिता नाव से जाते, तो नीतू भी उनके साथ जाने की जिद करती थीं। इसी दौरान उन्होंने पिता से नाव चलाना सीखा। उस समय यह महज एक शौक था, लेकिन वक्त ने इसी शौक को उनके जीवन का सबसे बड़ा हुनर बना दिया।

ये भी पढ़ें: PU Special : जबलपुर के साइंस कॉलेज में कोडिंग से तैयार किया अटेंडेंस का स्मार्ट सिस्टम, डिजिटल टाइटन्स क्लब ने किया नवाचार

पिता के हादसे ने बदल दी जिंदगी 

कुछ साल पहले नीतू के पिता ट्रेन हादसे का शिकार हो गए। हादसे में उनके हाथ में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उनके लिए नाव चलाना संभव नहीं रहा। परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ने लगी। नीतू ने नौकरी भी की, लेकिन माता-पिता की खराब तबीयत के कारण उन्हें पर्याप्त समय नहीं दे पाती थीं। छुट्टी नहीं मिलने से उनकी देखभाल में भी परेशानी होती थी। ऐसे में उन्होंने नौकरी छोड़कर पिता से सीखे हुनर को ही रोजगार बनाने का फैसला किया।

तानों और आशंकाओं के बीच नहीं छोड़ी पतवार 

नीतू के लिए यह राह आसान नहीं थी। नाव चलाने के पेशे में महिलाओं की मौजूदगी न के बराबर थी। शुरुआत में कुछ नाविकों को भी संदेह था कि एक युवती कितने दिन इस काम को कर पाएगी। लेकिन नीतू ने किसी की बातों की परवाह किए बिना मेहनत जारी रखी। वर्ष 2020 में शुरू हुआ उनका यह सफर आज परिवार की आर्थिक मजबूती का आधार बन चुका है। 

ये भी पढ़ें: जबलपुर: डॉ. अर्जुन शुक्ला की बड़ी उपलब्धि, नर्मदा की 5 जलीय प्रजातियों को मिला कॉपीराइट

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts