दिखा चीन का गुप्त शेनलोंग स्पेसप्लेन, चीन कर सकता है पथ्वी की कक्षा में स्थापित, किया जा सकता है मिलिट्री इस्तेमाल

वॉशिंगटन। अमेरिकी खुफिया विभाग की जारी की गई एक तस्वीर ने चीन के गुप्त स्पेसप्लेन शेनलोंग को लेकर दुनिया का ध्यान खींच लिया है। इस तस्वीर में शेनलोंग के पेलोड बे के दरवाजे खुले हुए नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के बाद दोबारा इस्तेमाल होने वाले स्पेसप्लेन के संभावित सैन्य इस्तेमाल पर चर्चा तेज हो गई है। इनमें कक्षा से तेजी से हमला करने की क्षमता के साथ आपातकालीन मदद और हाई स्पीड ट्रांसपोर्ट जैसे इस्तेमाल भी शामिल हैं। यह यान दिखने में अमेरिकी सेना के बोइंग निर्मित X-37B जैसा है। X-37B बिना चालक दल वाला एक ऐसा स्पेसप्लेन है जिसे बार बार इस्तेमाल किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: चीन का 10 टन वजनी इलेक्ट्रिक विमान CE-25A अब पायलट के साथ उड़ा, ग्रीन एविएशन में बड़ी छलांग
क्या सैन्य हमलों के लिए हो सकता है इस्तेमाल
प्रस्तावित स्पेसप्लेन समूह का सैन्य अभियानों पर असर पड़ सकता है। चीन के विशेषज्ञ यह स्टडी कर रहे हैं कि ऐसे 40 विमान कैसे पूरी दुनिया पर असर डाल सकते हैं। बता दें कि कक्षा में पहले से मौजूद इन वाहनों को कमांड मिलने के बाद पृथ्वी से लॉन्च करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके बजाय वे कक्षा में सही मौका मिलने पर सीधे नीचे उतरना शुरू कर सकते हैं। जमीन से लॉन्च की जाने वाली पारंपरिक बैलिस्टिक मिसाइलों के विपरीत ये ऑर्बिटल वाहन अलग अलग दिशाओं से लक्ष्यों तक पहुंच सकते हैं और वायुमंडल में उड़ान भरते समय अपनी दिशा बदल सकते हैं। इससे मिसाइल रक्षा प्रणालियों के लिए इनका पता लगाना, चेतावनी देना और इन्हें रोकना मुश्किल हो सकता है।
अमेरिकी खुफिया एजेंसी की तस्वीर में दिखा
यह तस्वीर अमेरिकी रक्षा खुफिया एजेंसी DIA ने अपनी रिपोर्ट Challenges to Security in Space के हिस्से के रूप में जारी की थी। इसे मैक्सर टेक्नोलॉजीज के वर्ल्डव्यू-3 कमर्शियल इमेजिंग सैटेलाइट ने 90 किलोमीटर से भी कम दूरी से लिया था। इस सैटेलाइट का संचालन अब वैंटोर द्वारा किया जाता है। तस्वीर में डेल्टा विंग आकार का एक स्पेसक्राफ्ट दिख रहा है। इसके कार्गो बे के दरवाजे खुले हैं और पिछले हिस्से में कुछ उपकरण लगे हुए हैं।
इस एयरक्राफ्ट के साथ 4 मिशन पूरे हो चुक हैं
चीन ने 2020 से अपने प्रायोगिक और दोबारा इस्तेमाल होने वाले स्पेसक्राफ्ट के साथ चार मिशन पूरे किए हैं। इनमें सबसे हालिया मिशन फरवरी में लॉन्च किया गया था। बीजिंग ने इस कार्यक्रम के डिजाइन और क्षमताओं के बारे में बहुत कम जानकारी दी है।
चीनी स्टडी में क्या प्रस्ताव है
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, चीनी शोधकर्ताओं की एक स्टडी में बताया गया है कि 40 रीयूजेबल ऑर्बिटल वाहनों के एक बेड़े को इस तरह तैनात किया जा सकता है कि वे कुछ ही मिनटों में पृथ्वी पर लगभग किसी भी जगह पहुंच सकें। इस स्टडी में एक ऐसे ऑर्बिटल सिस्टम का प्रस्ताव दिया गया है, जिसकी मदद से बिना चालक दल वाला एक स्पेसप्लेन पृथ्वी पर मौजूद किसी भी लक्ष्य की ओर अधिकतम 2.5 मिनट के इंतजार के बाद नीचे उतरना शुरू कर सकता है। दुनिया के ज्यादातर आबादी वाले इलाकों के लिए यह इंतजार घटकर लगभग एक मिनट तक हो सकता है।
जानें क्या है वेट टाइम का मतलब
यहां बताए गए एक से दो मिनट के समय का मतलब उस अधिकतम इंतजार (वेट टाइम) से है, जो वापसी की यात्रा शुरू करने के लिए सही मौका मिलने तक करना पड़ सकता है। इसका मतलब वह समय नहीं है जो स्पेसप्लेन को अपनी मंजिल तक पहुंचने में लगेगा।




















