आंध्र प्रदेश पर चक्रवात अकवान का बड़ा खतरा! 145 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, MP-छत्तीसगढ़ में भी बदलेगा मौसम

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात अकवान अब आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इसके और ताकतवर होने की चेतावनी दी है। अनुमान है कि 19 नवंबर की सुबह तक यह बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है। इसके बाद 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम के बीच तट पार करने की संभावना है। तूफान का असर ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ सकता है।
19 नवंबर तक बेहद ताकतवर हो सकता है तूफान
मौसम विभाग के 17 नवंबर के बुलेटिन के अनुसार, चक्रवात अकवान दक्षिण और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है। यह धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। 17 नवंबर की शाम तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने का अनुमान था। इसके बाद 19 नवंबर की सुबह तक यह बहुत गंभीर तूफान बन सकता है। IMD के मुताबिक, 20 नवंबर को दोपहर के आसपास यह नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश और यानम के तट को पार कर सकता है। उस समय हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा रहने और झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है।
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास की रफ्तार तेज,174 करोड़ से बने 24 बड़े पुल
आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
चक्रवात के कारण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 19 और 20 नवंबर को कई जगहों पर बहुत भारी से बेहद भारी बारिश हो सकती है। तेज हवाओं और समुद्र में उठने वाली ऊंची लहरों से तटीय इलाकों में परेशानी बढ़ सकती है। तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मछुआरों और समुद्र के आसपास रहने वाले लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
ओडिशा में बचाव के लिए तैयारियां तेज
अकवान का असर ओडिशा के दक्षिणी जिलों में भी पड़ने की आशंका है। गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कंधमाल, मलकानगिरी और कोरापुट जैसे जिलों में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और निचले क्षेत्रों में पानी भरने का खतरा हो सकता है। इसलिए प्रशासन संवेदनशील गांवों और सड़कों की पहचान कर रहा है। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने की तैयारी भी की जा रही है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बदलेगा मौसम
चक्रवात अकवान का असर मध्य भारत तक पहुंचने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ के दक्षिणी जिलों में 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मध्य प्रदेश में 20 नवंबर को मौसम बदल सकता है। उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
भोपाल और इंदौर में ठंड का असर
मध्य प्रदेश में एक ओर बारिश की संभावना है, तो दूसरी ओर ठंड भी बढ़ रही है। भोपाल में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। भोपाल और इंदौर में सुबह के समय कोहरा भी देखा गया। आने वाले दिनों में उत्तरी हवाओं के कारण ग्वालियर-चंबल इलाके में रात का तापमान और नीचे जा सकता है।
किस देश ने रखा चक्रवात का नाम अकवान?
चक्रवातों को पहचानने और उनकी जानकारी देने में आसानी हो, इसलिए उन्हें अलग-अलग नाम दिए जाते हैं। अकवान नाम ईरान की ओर से सुझाया गया है। यह नाम क्षेत्र के 13 देशों की साझा सूची में शामिल है। इस सूची का इस्तेमाल मौसम विभाग चक्रवातों के नाम रखने के लिए करता है। फिलहाल मौसम विभाग तूफान की दिशा और ताकत पर लगातार नजर रख रहा है। प्रभावित राज्यों के लोगों को सलाह है कि वे स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।




















