कुलगाम में फिर गूंजी गोलियों की आवाज! आतंकियों से सुरक्षाबलों की मुठभेड़, लश्कर कमांडर को लेकर बड़ा खुलासा

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह एक बार फिर सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। जंगलपोरा इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों ने मिलकर अभियान शुरू किया। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस बीच, पुलिस ने हाल ही में मारे गए आतंकी उमर निसार डार को लेकर कई अहम जानकारियां साझा की हैं। जांच में सामने आया है कि वह लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट के साथ मिलकर CRPF जवानों पर हुए हमले की तैयारी में शामिल था।
कुलगाम में फिर शुरू हुई आतंकियों से मुठभेड़
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने आतंकियों के खिलाफ अभियान शुरू किया है। इलाके को घेरकर तलाशी ली जा रही है। यह कार्रवाई ऐसे समय में शुरू हुई है, जब जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार आतंकी गतिविधियों को लेकर सुरक्षा बढ़ाई गई है।
उमर निसार डार को लेकर पुलिस का बड़ा खुलासा
इस बीच जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ में मारे गए आतंकी उमर निसार डार को लेकर अहम जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक, उमर निसार डार लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट के साथ मिलकर CRPF जवानों पर हमले से पहले कई इलाकों में घूमकर जानकारी जुटा रहा था। पुलिस ने बताया कि दोनों ने मीर बार, अखरान, हबलिश और किलम जैसे इलाकों में सुरक्षा बलों की गतिविधियों पर नजर रखी थी। जांच में सामने आया कि दोनों ने हमले से पहले इन जगहों की जानकारी जुटाई थी।
CRPF हमले से पहले CCTV में दिखे आतंकी
जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से साझा किए गए CCTV फुटेज में उमर निसार डार और लतीफ भट की गतिविधियां दिखाई देने की बात कही गई है। पुलिस के अनुसार, 10 और 11 नवंबर के फुटेज में दोनों की मौजूदगी सामने आई थी। 11 नवंबर को अखरान इलाके में CRPF के एक नाके पर हमला हुआ था। बाइक सवार हमलावरों की गोलीबारी में तीन जवान घायल हो गए थे। हमले के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए थे। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाश अभियान तेज कर दिया था।
बांग्लादेश की सीमा में गलती से घुसा BSF जवान, BGB ने हिरासत में लिया
पांच महीने से आतंकी को दे रहा था पनाह
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उमर निसार डार पिछले पांच से छह महीनों से लश्कर कमांडर लतीफ भट को पनाह और दूसरी मदद दे रहा था। उमर के लापता होने के बाद उसके परिवार ने कुलगाम पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को उसकी आतंकी गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी मिली। बाद में लारू इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया।




















