Bomb Threat : नहीं थम रहा धमकियों का सिलसिला, एक दिन में 30 फ्लाइट्स को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

नई दिल्ली/मुंबई। देश की तमाम एयरलाइन कंपनियों के विमानों में बम की धमकी मिलने का सिलसिला कई दिनों से जारी है। लेकिन सबसे ज्यादा बढ़ोत्तरी शनिवार के दिन देखी गई है, सिर्फ शनिवार को 30 से ज्यादा विमानों में बम की धमकी मिली है। सूत्रों ने बताया कि विभिन्न सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए एअर इंडिया, इंडिगो, अकासा एयर, विस्तारा, स्पाइसजेट, स्टार एयर और अलायंस एयर की 30 से अधिक घरेलू और विदेशी उड़ानों में बम होने की धमकी मिली है। उन्होंने बताया कि एक उड़ान के शौचालय में एक नोट मिला, जिसमें विमान में बम होने की बात लिखी हुई थी।
इस हफ्ते अब तक भारतीय विमानन कंपनियों की कम से कम 70 उड़ानों में बम होने की धमकी मिली है। हालांकि, ये सभी धमकियां बाद में अफवाह निकलीं।
विस्तारा की पांच फ्लाइट में धमकी
विस्तारा ने शनिवार को बताया कि अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर संचालित उसकी 5 उड़ानों में सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बम की धमकी मिली, जिनमें UK106 (सिंगापुर से मुंबई), UK027 (मुंबई से फ्रैंकफर्ट), UK107 (मुंबई से सिंगापुर), UK121 (दिल्ली से बैंकॉक) और UK131 (मुंबई से कोलंबो) शामिल हैं। कंपनी के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, “प्रोटोकॉल पर अमल करते हुए सभी संबंधित प्राधिकारियों को तुरंत सतर्क किया गया। प्राधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।” इसके अलावा, उदयपुर से मुंबई जाने वाली विस्तारा की उड़ान UK624 को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं थीं और विमान के सुरक्षित रूप से उतरने के बाद उसे अनिवार्य जांच के लिए ‘आइसोलेशन बे' में ले जाया गया। मामले से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि विमान के शौचालय में एक नोट मिला था, जिसमें लिखा था कि उसमें बम है।





















