Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Nigeria Plane Crash: नाइजीरिया में वायुसेना का प्लेन क्रैश, 32 लोगों की मौत; 3 दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान

नाइजीरिया में वायुसेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से 32 लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने 3 दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है।
Nigeria Plane Crash: नाइजीरिया में वायुसेना का प्लेन क्रैश, 32 लोगों की मौत; 3 दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान
नाइजीरिया वायुसेना विमान हादसा, 32 लोगों की मौत

नाइजीरिया में सोमवार को एक दर्दनाक वायुसेना विमान हादसा हुआ, जिसमें 32 लोगों की मौत हो गई। यह विमान बेनिन शहर से लागोस के लिए एक नियमित मिशन पर रवाना हुआ था, लेकिन दक्षिण-पश्चिमी ओंडो राज्य के इग्बोकोडा इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 25 यात्रियों और 7 क्रू सदस्यों की जान चली गई। घटना के बाद राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने पूरे देश में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।

कैसे हुआ नाइजीरिया में विमान हादसा?

जानकारी के मुताबिक, वायुसेना का विमान सोमवार सुबह करीब 9 बजे स्थानीय समय पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। विमान बेनिन शहर से देश के आर्थिक केंद्र लागोस की ओर जा रहा था हादसा ओंडो राज्य के इग्बोकोडा इलाके में हुआ। दुर्घटना के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में नदी के पास बड़ी संख्या में लोगों और बचावकर्मियों को देखा गया। कुछ बचावकर्मी नावों के जरिए भी इलाके में तलाशी लेते नजर आए हादसे की असली वजह अभी जांच का विषय है। अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

हादसे के वक्त सुनाई दी बिजली कड़कने जैसी आवाज

हादसे की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दुर्घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर मौजूद लोगों ने भी तेज आवाज सुनी। लकड़ी बेचने वाली दायो अकिंटे ने बताया कि उन्होंने विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के समय बिजली कड़कने जैसी जोरदार आवाज सुनी थी। इसके बाद इलाके में हलचल मच गई और लोगों को हादसे की जानकारी मिली। प्रत्यक्षदर्शियों की ऐसी बातें दुर्घटना की गंभीरता को सामने लाती हैं, हालांकि विमान हादसे के वास्तविक कारण की पुष्टि आधिकारिक जांच के बाद ही होगी।

छत्तीसगढ़ प्लेन क्रेश मामला : कलेक्टर बोले-अभी तक किसी प्लेन का मलबा नहीं मिला

32 लोगों की मौत, 25 यात्री और 7 क्रू सदस्य

राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, हादसे में कुल 32 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में 25 यात्री, 7 क्रू सदस्य और वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल है।  हादसे में एयर स्टाफ के प्रमुख एयर मार्शल संडे केल्विन अनेके की भी मौत हुई है। उनके निधन से नाइजीरियाई सैन्य तंत्र को बड़ा झटका लगा है। राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इसे सेना और पूरे देश के लिए बेहद दुखद क्षण बताया।

राष्ट्रपति टिनुबू ने किया 3 दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान

विमान हादसे के बाद राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान देशभर में राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुकाने का निर्देश दिया गया है। राष्ट्रपति ने वायुसेना को दुर्घटना की तत्काल और गहन जांच करने को कहा है, ताकि हादसे के पीछे की वजह सामने आ सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपाय किए जा सकें। राष्ट्रीय शोक की घोषणा हादसे की गंभीरता को दर्शाती है।

कौन सा विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ?

रिपोर्ट के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान ATR-42 था। यह ट्विन-इंजन टर्बोप्रॉप विमान है, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर छोटी और मध्यम दूरी की उड़ानों के लिए किया जाता है ATR-42 में मॉडल और कॉन्फिगरेशन के आधार पर यात्रियों के बैठने की क्षमता अलग-अलग हो सकती है। नाइजीरिया में दुर्घटनाग्रस्त विमान सैन्य मिशन पर इस्तेमाल किया जा रहा था।

लंदन-शिकागो फ्लाइट 28 हजार फीट नीचे आई, पायलट ने भेजा 7700 अलर्ट; विमान वापस लंदन लौटा

नदी के पास हुआ हादसा, बचाव अभियान चला

विमान हादसे के बाद बचावकर्मियों ने घटनास्थल के आसपास तलाशी अभियान चलाया। हादसे की जगह के पास नदी होने के कारण बचाव अभियान में नावों का भी इस्तेमाल किया गया। स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल के आसपास जमा हो गई थी। हादसे के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में राहत एवं बचाव गतिविधियां शुरू कीं।
अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश करेंगी कि विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले उसकी स्थिति क्या थी और क्या किसी तकनीकी या मौसम संबंधी समस्या का सामना करना पड़ा था।

नाइजीरिया में पहले भी हो चुके हैं बड़े सैन्य विमान हादसे

नाइजीरिया में सैन्य विमानों से जुड़े हादसे पहले भी सामने आ चुके हैं। इनमें कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की मौत हुई है।

  • मई 2021 का विमान हादसा- मई 2021 में नाइजीरिया के शीर्ष सैन्य कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल इब्राहिम अत्ताहिरु समेत 10 अन्य अधिकारियों की मौत हो गई थी। उनका विमान उत्तरी कडुना राज्य में उतरने की कोशिश के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। उस समय खराब मौसम को संभावित कारणों में बताया गया था।
  • अगस्त 2015 का सैन्य विमान हादसा- अगस्त 2015 में उत्तरी नाइजीरिया में एक सैन्य विमान एक घर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हुई थी।
  • लागोस हेलीकॉप्टर हादसा- इसी महीने की शुरुआत में लागोस में एक हेलीकॉप्टर लैगून में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में अमेरिकी पायलट समेत 6 लोगों की मौत हुई थी।

जांच से सामने आएगा हादसे का कारण

नाइजीरिया के इस ताजा विमान हादसे ने एक बार फिर सैन्य विमान सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, दुर्घटना के कारणों को लेकर फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। तकनीकी खराबी, मौसम और अन्य संभावित कारणों की जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts