अमेरिका में तूफान से बिगड़े हालात! 9 लाख घरों में बिजली बंद, 400 उड़ानें रद्द; मैसीज परेड भी टली

अमेरिका में थैंक्सगिविंग के दौरान आए तेज तूफान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारी बारिश, तेज हवाओं और बाढ़ से कई राज्यों में बिजली सप्लाई बंद हो गई। करीब 9 लाख घरों और कारोबारों में अंधेरा छा गया। हवाई सफर पर भी असर पड़ा और 400 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। न्यूयॉर्क की मशहूर मैसीज परेड भी टाल दी गई।
अमेरिका में तूफान से बिगड़े हालात! 9 लाख घरों में बिजली बंद, 400 उड़ानें रद्द; मैसीज परेड भी टली
अमेरिका में तूफान का कहर

वॉशिंगटन। अमेरिका में थैंक्सगिविंग की छुट्टियों के बीच खराब मौसम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। देश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और कई जगह पेड़ गिर गए। इसका असर घरों से लेकर हवाई यात्रा तक देखने को मिला। पेंसिल्वेनिया, मैरीलैंड और वर्जीनिया जैसे राज्यों में लाखों लोग बिजली के बिना रहने को मजबूर हो गए। वहीं, छुट्टियां मनाने के लिए सफर कर रहे लोगों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा। खराब मौसम के कारण न्यूयॉर्क की मशहूर थैंक्सगिविंग परेड भी तय समय पर नहीं हो सकी।

X Post

9 लाख से ज्यादा घरों में छाया अंधेरा

तूफान का सबसे ज्यादा असर अमेरिका के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी इलाकों में देखने को मिला। तेज हवाओं के कारण कई पेड़ टूटकर घरों और बिजली की तारों पर गिर गए। इससे बिजली सप्लाई बंद हो गई। PowerOutage की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार शाम तक करीब 9 लाख घरों और कारोबारों में बिजली नहीं थी। पेंसिल्वेनिया, मैरीलैंड और वर्जीनिया में सबसे ज्यादा लोग प्रभावित हुए। कुछ रिपोर्टों में मिसूरी में भी बड़ी संख्या में बिजली कटने की जानकारी दी गई। कई परिवारों को बिना बिजली के थैंक्सगिविंग मनाना पड़ा।

400 से ज्यादा उड़ानें रद्द, हजारों यात्री परेशान

खराब मौसम का असर हवाई यात्रा पर भी पड़ा। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightAware के मुताबिक, गुरुवार को अमेरिका में 400 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गईं। वहीं, 2,200 से ज्यादा फ्लाइट्स देरी से चलीं। इससे हजारों यात्रियों को परेशानी हुई। थैंक्सगिविंग के दौरान अमेरिका में बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार से मिलने के लिए सफर करते हैं। इस सप्ताह 8 करोड़ से ज्यादा लोगों के यात्रा करने की उम्मीद थी। ऐसे में उड़ानों का रद्द होना लोगों की छुट्टियों पर भारी पड़ा। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद पहले से ही उड़ानों में देरी की आशंका जताई गई थी।

यूक्रेन का रूस के बड़े एयरबेस पर हमला, 5 सैन्य विमान क्षतिग्रस्त; दो तेल रिफाइनरियों को भी बनाया निशाना

100 साल में पहली बार टली मैसीज परेड

न्यूयॉर्क की मशहूर मैसीज थैंक्सगिविंग परेड भी खराब मौसम की वजह से टालनी पड़ी। तेज हवाओं के कारण बड़े गुब्बारों को उड़ाना सुरक्षित नहीं था। इसी वजह से आयोजकों ने परेड को शनिवार तक के लिए आगे बढ़ा दिया। इस परेड में हर साल बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। बड़े-बड़े रंगीन गुब्बारे इसका खास आकर्षण होते हैं। बताया गया कि करीब 100 साल के इतिहास में पहली बार परेड को इस तरह टाला गया। इससे पहले दूसरे विश्व युद्ध के दौरान तीन साल तक यह परेड नहीं हुई थी।

पुल बंद, पानी की सप्लाई पर भी खतरा

तेज बारिश और बाढ़ के कारण कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गईं। तेज हवाओं को देखते हुए कुछ बड़े पुलों को भी बंद करना पड़ा। मैरीलैंड में अधिकारियों ने पानी की सप्लाई को लेकर चिंता जताई। उन्होंने करीब 20 लाख लोगों से नल के पानी का इस्तेमाल कम करने की अपील की। न्यू जर्सी में खराब मौसम को देखते हुए पहले ही इमरजेंसी घोषित कर दी गई थी। लोगों से मोबाइल और दूसरे जरूरी उपकरण चार्ज रखने को कहा गया। साथ ही टूटे बिजली के तारों से दूर रहने की सलाह दी गई।

मिस्र के काहिरा हाईवे पर तेल टैंकर में लगी भीषण आग, 31 लोगों की मौत और 27 गाड़ियां जलकर खाक!

कैलिफोर्निया में भी खराब मौसम से परेशानी

अमेरिका के पश्चिमी हिस्से में भी मौसम ने लोगों को परेशान किया। कैलिफोर्निया के तटीय इलाकों में समुद्र की ऊंची लहरों के कारण लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने को कहा गया। सैन फ्रांसिस्को में भी भारी बारिश हुई। 

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts