NEET PG 2026 :एक शिफ्ट में होगी परीक्षा, घर के पास मिलेगा सेंटर, हर सवाल के लिए बढ़ा समय; केंद्र सरकार ने लागू किए बड़े बदलाव

नई दिल्ली। NEET PG 2026 परीक्षा को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और उम्मीदवारों के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने कई अहम बदलावों की घोषणा की है। इस बार परीक्षा एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। साथ ही उम्मीदवारों को अपने घर के नजदीक परीक्षा केंद्र मिलने की संभावना बढ़ेगी, परीक्षा शहर की जानकारी पहले से दी जाएगी और प्रत्येक प्रश्न के लिए पहले की तुलना में ज्यादा समय मिलेगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने परीक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूरी प्रक्रिया तकनीक आधारित, सुरक्षित और बिना किसी बाधा के संपन्न कराई जाए।
30 अगस्त को होगी परीक्षा, 2.73 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी होंगे शामिल
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली NEET PG परीक्षा के लिए इस बार 2,73,183 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 12.5 प्रतिशत से ज्यादा है। बढ़ती अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए परीक्षा व्यवस्था में कई बदलाव किए गए हैं ताकि सभी उम्मीदवारों को समान और निष्पक्ष अवसर मिल सके। स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने समीक्षा बैठक में नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS), तकनीकी टीम और संबंधित एजेंसियों के साथ तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित, पारदर्शी और अभ्यर्थियों के लिए सहज बनाया जाए।
अब घर के नजदीक मिलेगा परीक्षा केंद्र
इस बार परीक्षा केंद्र आवंटन की व्यवस्था पूरी तरह बदली गई है। पहले केंद्रों का आवंटन 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर होता था, जिससे देर से आवेदन करने वाले कई उम्मीदवारों को दूसरे राज्यों में परीक्षा देने जाना पड़ता था। नई व्यवस्था के तहत अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान तीन पसंदीदा राज्यों का चयन करना होगा। इसमें अपने गृह राज्य को पहली प्राथमिकता देना अनिवार्य रहेगा। मंत्रालय का कहना है कि इससे अधिकतर उम्मीदवारों को उनके निवास स्थान के नजदीक परीक्षा केंद्र आवंटित किए जा सकेंगे। इसके अलावा परीक्षा शहर की जानकारी परीक्षा तिथि से करीब तीन सप्ताह पहले उपलब्ध करा दी जाएगी, जिससे उम्मीदवार समय रहते यात्रा और ठहरने की व्यवस्था कर सकेंगे। पहले यह जानकारी परीक्षा से कुछ दिन पहले मिलने के कारण कई अभ्यर्थियों को अतिरिक्त खर्च और असुविधा का सामना करना पड़ता था।
प्रश्न कम हुए, लेकिन हर सवाल के लिए मिलेगा ज्यादा समय
NBEMS ने परीक्षा प्रारूप में भी बदलाव किया है। इस वर्ष प्रश्नों की संख्या 200 से घटाकर 180 कर दी गई है। इन्हें हल करने के लिए कुल 210 मिनट का समय मिलेगा। परीक्षा की कुल अवधि पहले जैसी ही रहेगी, लेकिन प्रश्न कम होने के कारण उम्मीदवारों को प्रत्येक प्रश्न पर पहले की तुलना में ज्यादा समय मिलेगा। इससे जल्दबाजी का दबाव कम होगा और अभ्यर्थी बेहतर तरीके से उत्तर दे सकेंगे।
एक ही शिफ्ट में होगी पूरी परीक्षा
पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न परिस्थितियों के कारण NEET PG परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित की गई थी। इस बार परीक्षा केवल एक शिफ्ट में होगी। स्वास्थ्य मंत्रालय का मानना है कि एक ही शिफ्ट में परीक्षा आयोजित होने से सभी उम्मीदवारों को समान कठिनाई स्तर का प्रश्नपत्र मिलेगा। इससे मूल्यांकन प्रक्रिया अधिक निष्पक्ष और पारदर्शी होगी तथा अलग-अलग शिफ्टों के प्रश्नपत्रों को लेकर उठने वाले विवादों की संभावना भी कम होगी।
सुरक्षा व्यवस्था पहले से ज्यादा सख्त
सरकार ने परीक्षा की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए बहुस्तरीय व्यवस्था लागू की है। आवेदन प्रक्रिया से लेकर परीक्षा केंद्र तक आधार आधारित सत्यापन किया जाएगा। यदि किसी उम्मीदवार की पहचान फिंगरप्रिंट से नहीं हो पाती है तो आइरिस बायोमेट्रिक सिस्टम का उपयोग किया जाएगा। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए मल्टी-लेयर एन्क्रिप्शन, सुरक्षित ऑफलाइन तैयारी और परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले नियंत्रित डिजिटल डिक्रिप्शन की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा NBEMS ने नकल, फर्जी उम्मीदवार और अन्य अनियमितताओं की शिकायत दर्ज कराने के लिए अलग ईमेल प्रणाली भी शुरू की है।
340 शहरों में होंगे परीक्षा केंद्र
NEET PG 2026 परीक्षा देश के करीब 340 शहरों में स्थित 1,300 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा संचालन के लिए 60 हजार से अधिक कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण, CCTV निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन, अभ्यर्थियों की जांच, सिग्नल जैमर, सुरक्षित कंप्यूटर आवंटन और लाइव मॉनिटरिंग जैसी व्यवस्थाएं लागू रहेंगी, ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराई जा सके।












