उमरिया के जंगल में मिला 7-10 साल के तेंदुए का शव, पास में मिले बाघ के पगमार्क

मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के घुनघुटी वन परिक्षेत्र में सोमवार को एक तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। तेंदुए का शव कांचोदर बीट के अमहाईधार क्षेत्र में कक्ष क्रमांक 233 के जंगल में मिला। उसकी उम्र करीब 7 से 10 वर्ष के बीच बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में बाघ के साथ संघर्ष के दौरान तेंदुए की मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
सर्चिंग के दौरान झाड़ियों में मिला शव
जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम को जंगल में तेंदुए के पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके बाद वनकर्मियों ने इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान तेंदुआ झाड़ियों में अचेत अवस्था में मिला। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर जांच की गई तो उसकी मौत की पुष्टि हुई।
घटनास्थल के पास मिले बाघ के पगमार्क
घटना की सूचना मिलते ही डीएफओ विवेक सिंह और एसडीओ दिगेंद्र पटेल मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वाड की मदद से घटनास्थल की जांच की गई। इस दौरान तेंदुए के शव के पास बाघ के पगमार्क भी मिले। पशु चिकित्सकों की टीम ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
आपसी संघर्ष में मौत की आशंका
डीएफओ विवेक सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में बाघ और तेंदुए के बीच आपसी संघर्ष में तेंदुए की मौत होने की आशंका है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। वन विभाग की टीम मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।




















