नीरज चोपड़ा का फिर बजा डंका!देश के नंबर-1 एथलीट बने, पीटी उषा को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को पहली बार आयोजित किए गए इंडियन एथलेटिक्स अवॉर्ड्स समारोह में साल 2025 का बेस्ट मेल एथलीट ऑफ द ईयर सर्वश्रेष्ठ चुना गया। यह सम्मान भारतीय एथलेटिक्स में उनके शानदार प्रदर्शन और लगातार हासिल की गई उपलब्धियों को देखते हुए दिया गया। पुरस्कार मिलने के बाद नीरज ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद खास है, क्योंकि इसे पाने के दौरान देश के अलग-अलग दौर के महान एथलीट एक ही मंच पर मौजूद थे।
नीरज चोपड़ा भारतीय खेल जगत का एक बड़ा नाम बन चुके हैं। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। इसके बाद पेरिस ओलंपिक में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले नीरज आज लाखों युवाओं के प्रेरणास्रोत बन चुके हैं।
दोहा डायमंड लीग में चौथे स्थान पर रहे नीरज
इस सम्मान से ठीक पहले नीरज चोपड़ा ने दोहा डायमंड लीग 2026 में हिस्सा लिया था। यह उनके नए सीजन का पहला बड़ा मुकाबला था। प्रतियोगिता में उन्होंने 85.69 मीटर दूर भाला फेंका और चौथे स्थान पर रहे। हालांकि वे पदक जीतने से चूक गए, लेकिन उनका प्रदर्शन काफी अच्छा माना गया।
इस प्रतियोगिता के जरिए नीरज ने आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भी अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। खेल एक्सपर्ट्स का मानना है कि सीजन की शुरुआत में ही इस तरह का प्रदर्शन आगे आने वाली बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए सकारात्मक संकेत है।
यह भी पढ़ें: पिता के संघर्ष ने दिलाई पहचान: बॉक्सर आशा रोका अब फिल्म 'जेलर-2' में आएंगी नजर, नेशनल गेम्स में 6 सिल्वर पदक जीते
नीरज बोले- यह सम्मान मेरे दिल के बहुत करीब
अवॉर्ड मिलने के बाद नीरज चोपड़ा ने कहा कि यह सम्मान उनके दिल के बेहद करीब रहेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय एथलेटिक्स लगातार आगे बढ़ रही है और देश के खिलाड़ियों को अब दुनिया भर में पहचान मिल रही है। नीरज ने कहा कि जब एक मंच पर कई पीढ़ियों के एथलीट मौजूद हों और उनके सामने ऐसा सम्मान मिले, तो उसकी अहमियत और भी बढ़ जाती है।
उन्होंने युवा खिलाड़ियों को मेहनत करने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करने का संदेश भी दिया। नीरज का मानना है कि भारतीय एथलेटिक्स का भविष्य बेहद उज्ज्वल है और आने वाले वर्षों में देश के खिलाड़ी और बड़े रिकॉर्ड बनाएंगे।
पीटी उषा को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
इस समारोह का एक और खास आकर्षण पूर्व दिग्गज धाविका और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष पीटी उषा रहीं। उन्हें भारतीय खेलों में उनके लंबे और शानदार योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
पीटी उषा को भारतीय एथलेटिक्स की सबसे महान खिलाड़ियों में गिना जाता है। उन्होंने अपने करियर में कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व किया और अनेक पदक जीते। आज भी उन्हें भारतीय एथलेटिक्स की प्रेरणा माना जाता है। उनके योगदान को सम्मानित करने के लिए यह पुरस्कार दिया गया।
पहली बार आयोजित हुआ इंडियन एथलेटिक्स अवॉर्ड्स
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ की ओर से पहली बार इंडियन एथलेटिक्स अवॉर्ड्स का आयोजन किया गया। इस समारोह का उद्देश्य खिलाड़ियों, कोचों और खेल अधिकारियों के योगदान को सम्मानित करना था। इस अवॉर्ड समारोह में कुल 10 अलग-अलग श्रेणियां रखी गई थीं। इनमें सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट, सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट, सर्वश्रेष्ठ कोच, सर्वश्रेष्ठ तकनीकी अधिकारी, सर्वश्रेष्ठ राज्य एथलेटिक्स संघ और लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड जैसी प्रमुख कैटेगरी शामिल थीं।
आयोजकों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और भारतीय एथलेटिक्स को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। इससे युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और खेलों के प्रति उनकी रुचि भी बढ़ेगी।
यह भी पढ़ें: IND vs AFG 3rd ODI : भारत ने अफगानिस्तान को 9 विकेट से हराया, 3-0 से वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप; जायसवाल ने जड़ा शतक
भारतीय एथलेटिक्स के लिए गर्व का पल
नीरज चोपड़ा को मिला यह सम्मान भारतीय एथलेटिक्स के लिए भी गर्व का क्षण माना जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों में नीरज ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया भर में भारत का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धियों ने देश में एथलेटिक्स को नई पहचान दिलाई है।











