बाबा महाकाल की भक्ति में डूबे सुरेश रैना, भस्म आरती में भाई-भतीजे संग किए दर्शन; बोले- यहां मिला दिव्य अनुभव

उज्जैन। भारतीय क्रिकेट के पूर्व स्टार सुरेश रैना शुक्रवार को बाबा महाकाल की भक्ति में डूबे नजर आए। वह सुबह करीब 4 बजे उज्जैन के प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने अपने भाई और भतीजे के साथ भगवान महाकाल के दर्शन किए। रैना ने सुबह होने वाली भस्म आरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना की और नंदी जी को जल चढ़ाया। इस दौरान उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर करीब दो घंटे तक भगवान का जाप किया। दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के दरबार में आकर उन्हें बहुत शांति और अलग तरह की ऊर्जा महसूस हुई।
भाई और भतीजे के साथ भस्म आरती में हुए शामिल
सुरेश रैना ने उज्जैन पहुंचकर सबसे पहले बाबा महाकाल की भस्म आरती में हिस्सा लिया। उनके साथ परिवार के सदस्य भी मौजूद थे। सुबह मंदिर में पूजा के दौरान रैना पूरी श्रद्धा के साथ भगवान की भक्ति में लीन नजर आए। उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल का ध्यान किया। इसके बाद नंदी जी की पूजा की और उन्हें जल अर्पित किया फिर मंदिर की देहरी से भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के खाते में कल आएंगे 1500 रुपये, CM मोहन यादव जारी करेंगे 42वीं किस्त
बाबा के दरबार में बोले- अनुभव बेहद दिव्य रहा
दर्शन और पूजा के बाद सुरेश रैना ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन करके उन्हें बहुत अच्छा लगा। भस्म आरती और पूजा में शामिल होना उनके लिए बेहद खास रहा। रैना के मुताबिक, मंदिर में एक अलग तरह की ऊर्जा और शांति महसूस होती है। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल का आशीर्वाद सभी को एक अच्छे उद्देश्य से जोड़ता है। उनके लिए उज्जैन की यह यात्रा यादगार बन गई।
मंदिर की व्यवस्था देखकर खुश हुए सुरेश रैना
महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ और उनके लिए की गई व्यवस्थाओं की भी रैना ने तारीफ की। उन्होंने बताया कि रात करीब 12:30 बजे से ही भक्तों की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने के बाद भी मंदिर में व्यवस्था संभालने वाले कर्मचारियों ने अच्छा काम किया। उन्होंने मंदिर में सेवा देने वाले सभी लोगों की मेहनत और लगन की सराहना की।
मध्यप्रदेश में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 5.48 करोड़ हुए वोटर; 12 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम
मंदिर समिति ने किया पारंपरिक स्वागत
पूजा और दर्शन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सुरेश रैना का स्वागत किया गया। सहायक प्रशासक आशीष फलवड़िया ने उन्हें पारंपरिक तरीके से सम्मानित किया। इस दौरान रैना ने मंदिर समिति और कर्मचारियों का आभार जताया। बताया जा रहा है कि वह भस्म आरती में शामिल होने के लिए पहले इंदौर पहुंचे थे। इसके बाद वहां से उज्जैन आकर बाबा महाकाल के दर्शन किए।




















