Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दिल्ली और बुंदेलखंड के लिए बड़ी सौगात :6-लेन द्वारका टनल और कानपुर-कबराई हाईवे को मंजूरी, मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला

मोदी कैबिनेट ने दिल्ली के लिए 6,970 करोड़ रुपये की 8 किमी लंबी द्वारका टनल और बुंदेलखंड के लिए कानपुर-कबराई 242 किमी एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं से ट्रैफिक आसान होगा, यात्रा का समय घटेगा और क्षेत्र में आर्थिक व औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
Follow on Google News
6-लेन द्वारका टनल और कानपुर-कबराई हाईवे को मंजूरी, मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला

केंद्र सरकार ने दिल्ली के लिए 6-लेन द्वारका टनल परियोजना को मंजूरी दी है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस परियोजना पर करीब 6,970 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह टनल लगभग 8 किलोमीटर लंबी होगी और लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी।

इस टनल के बनने से दिल्ली में एक नया यातायात कॉरिडोर तैयार होगा, जिससे लोगों का सफर आसान और तेज होगा। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि टनल का निर्माण इस तरह किया जाएगा कि दिल्ली रिज (Ridge) को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे। पूरा निर्माण कार्य रिज के नीचे सुरक्षित तरीके से किया जाएगा।

बुंदेलखंड को मिला नया एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे

कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए भी एक बड़े सड़क प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है। यह परियोजना कानपुर से भोपाल तक बनने वाले हाईवे का हिस्सा है। फिलहाल कानपुर से कबराई तक 242 किलोमीटर लंबे हिस्से को मंजूरी मिली है।

यह हाईवे कानपुर, हमीरपुर, कबराई और महोबा होते हुए आगे भोपाल तक जाएगा। इससे बुंदेलखंड के कई इलाकों की बेहतर कनेक्टिविटी होगी और लोगों की आवाजाही आसान बनेगी।

ट्रैफिक होगा तेज और सफर होगा आसान

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह हाईवे कानपुर से भोपाल की ओर जाने वाले ट्रैफिक के प्राकृतिक प्रवाह को बेहतर बनाएगा। यह एक एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे होगा, यानी इसमें प्रवेश और निकास तय स्थानों से ही होगा, जिससे यात्रा सुरक्षित और तेज होगी।

इस परियोजना को BOT (बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर) टोल मॉडल के तहत बनाया जाएगा। इसमें कुछ हिस्सा ग्रीनफील्ड और कुछ ब्राउनफील्ड होगा। सरकार का लक्ष्य है कि इसका निर्माण करीब ढाई साल में पूरा कर लिया जाए।

भविष्य को ध्यान में रखकर होगी योजना

मंत्री ने बताया कि परियोजना के पहले चरण में 4-लेन ग्रीनफील्ड हाईवे बनाया जाएगा, लेकिन इसके सभी स्ट्रक्चर भविष्य में 6 लेन तक विस्तार को ध्यान में रखकर तैयार किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की योजना विकसित भारत 2047 को ध्यान में रखकर बनाने का निर्देश दिया है, ताकि आने वाले वर्षों में जरूरत पड़ने पर आसानी से विस्तार किया जा सके।

डिफेंस और उद्योगों को मिलेगा फायदा

सरकार का कहना है कि बुंदेलखंड क्षेत्र में डिफेंस कॉरिडोर और कई नई औद्योगिक परियोजनाएं विकसित हो रही हैं। ऐसे में यह हाईवे डिफेंस और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को भी मजबूती देगा। इस परियोजना से कानपुर, घाटमपुर, हमीरपुर और कबराई जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ने और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।

डेढ़ घंटे में पूरा होगा सफर

हाईवे बनने के बाद कानपुर से कबराई तक का सफर काफी आसान हो जाएगा। अभी यह दूरी तय करने में करीब 3.5 घंटे लगते हैं, लेकिन नई सड़क बनने के बाद यही सफर घटकर करीब 1.5 घंटे में पूरा किया जा सकेगा।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts