'बेटे से प्यार करती हो तो मर जाओ'... 30 मिनट तक हुई बहस, फिर 17 साल की छात्रा की मौत, महिला पर आरोप

अहमदाबाद में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली 17 साल की छात्रा की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। छात्रा की मौत से कुछ घंटे पहले एक महिला उसके घर पहुंची थी। आरोप है कि महिला ने अपने किशोर बेटे से छात्रा की दोस्ती को लेकर उससे पूछताछ की और दोनों के बीच काफी देर तक बहस हुई। अब छात्रा के परिवार की शिकायत पर सरखेज पुलिस ने 39 वर्षीय महिला नेहा गोहिल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि छात्रा के घर हुई बातचीत का उसकी मौत से क्या संबंध था।
बेटे से दोस्ती को लेकर था विवाद
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, छात्रा अहमदाबाद के सैटेलाइट इलाके के एक स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। नेहा गोहिल का बेटा भी उसी स्कूल में पढ़ता था। दोनों किशोर सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे से बातचीत करते थे। करीब छह महीने पहले दोनों परिवारों को इसकी जानकारी हुई थी। इसके बाद दोनों के माता-पिता ने उन्हें पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी थी। लेकिन कुछ दिन बाद यह मामला फिर सामने आ गया।
स्कूल के मैदान में साथ बैठे मिले थे दोनों
शिकायत के मुताबिक, 29 अगस्त को दोनों छात्र स्कूल के मैदान में एक साथ बैठे मिले थे। इसकी जानकारी स्कूल के प्रिंसिपल ने छात्रा के माता-पिता को फोन करके दी थी। इसके दो दिन बाद 31 अगस्त को नेहा गोहिल अपने बेटे के साथ छात्रा के घर पहुंची। उस समय छात्रा के माता-पिता काम के सिलसिले में घर से बाहर थे। आरोप है कि महिला और छात्रा के बीच बातचीत शुरू हुई, जो बाद में बहस में बदल गई।
CCTV में रिकॉर्ड हुई करीब 30 मिनट की बातचीत
छात्रा के परिवार ने बाद में सोसाइटी के चेयरमैन के साथ वहां लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी। शिकायत के मुताबिक, सोसाइटी में लगे कैमरों में आवाज भी रिकॉर्ड होती है। परिवार का दावा है कि फुटेज में नेहा गोहिल और छात्रा के बीच करीब 30 मिनट तक बातचीत और बहस होती दिखाई देती है। इसी बातचीत को छात्रा की मौत से पहले की अहम घटना माना जा रहा है। हालांकि, बातचीत में वास्तव में क्या हुआ था और उसमें कही गई बातों का छात्रा पर कितना असर पड़ा, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
महिला पर मानसिक दबाव बनाने का आरोप
परिवार की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बहस के दौरान नेहा गोहिल ने छात्रा से ऐसी बातें कहीं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई। शिकायत में यह भी आरोप है कि छात्रा को सामाजिक बदनामी और परिवार की प्रतिष्ठा को लेकर डराया गया। परिवार का कहना है कि इस बातचीत के बाद छात्रा पर काफी मानसिक दबाव पड़ा और वह डर गई थी। शिकायत में महिला पर शाम को दोबारा लौटकर परिवार से बात करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
ये भी पढ़ें: घंसौर के केदारपुर में निकली भव्य विमान शोभायात्रा, अखाड़ों के करतब और झांकियों ने जीता दिल
कुछ घंटे बाद घर में हुई छात्रा की मौत
शिकायत के मुताबिक, उसी दिन छात्रा का छोटा भाई कुछ देर के लिए घर से बाहर गया था। वापस लौटने पर उसने अपनी बहन को गंभीर हालत में पाया। इसके बाद उसने तुरंत पड़ोसियों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिवार में चीख-पुकार मच गई। छात्रा की मौत के बाद पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया आत्महत्या के लिए उकसाने का केस
परिवार की शिकायत के आधार पर सरखेज पुलिस ने नेहा गोहिल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जांच में छात्रा और आरोपी महिला के बेटे के बीच सोशल मीडिया पर हुई बातचीत, स्कूल में दोनों के साथ बैठने की घटना और सोसाइटी के CCTV फुटेज को देखा जा रहा है।
बातचीत और मौत के बीच संबंध की जांच
पुलिस का सबसे अहम सवाल यही है कि छात्रा के घर महिला और उसके बीच हुई बातचीत में वास्तव में क्या कहा गया था और क्या उसका छात्रा की मौत से कोई सीधा संबंध था। फिलहाल महिला के खिलाफ लगाए गए आरोप परिवार की शिकायत पर आधारित हैं। पुलिस सभी उपलब्ध सबूतों की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी। इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है।




















