Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीधी में सड़क के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लीला साहू ग्रामीणों संग धरने पर बैठीं, निर्माण शुरू होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान

सीधी के ग्राम बगैहा में पक्की सड़क की मांग को लेकर बघेली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लीला साहू ग्रामीणों के साथ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गई हैं। 10.30 किमी लंबे मार्ग से जुड़े 7-8 गांवों के ग्रामीण बरसात में आवागमन की परेशानी झेल रहे हैं। लीला साहू ने सड़क निर्माण शुरू होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।
सीधी में सड़क के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लीला साहू ग्रामीणों संग धरने पर बैठीं, निर्माण शुरू होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
सीधी। धरने पर बैठीं लीला साहू और ग्रामीण।

सीधी। जिले के ग्राम बगैहा में पक्की सड़क की मांग को लेकर बघेली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लीला साहू ग्रामीणों के साथ एक बार फिर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गई हैं। सोमवार दोपहर 12 बजे से शुरू हुए इस प्रदर्शन में ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक सड़क निर्माण का काम धरातल पर शुरू नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन खत्म नहीं होगा।

चुरहट और धौहनी विधानसभा को जोड़ने वाला रास्ता

करीब 10.30 किलोमीटर लंबा यह मार्ग चुरहट और धौहनी विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने वाला अहम संपर्क रास्ता है। मार्ग के दोनों सिरों पर पक्की सड़कें मौजूद हैं, लेकिन बीच में पड़ने वाले 7 से 8 गांव आज भी मूलभूत सड़क सुविधा से वंचित हैं। बरसात के दिनों में यह कच्चा रास्ता कीचड़ और दलदल में बदल जाता है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और आम ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है।

जनप्रतिनिधियों से मिले केवल आश्वासन

गौरतलब है कि, लीला साहू वर्ष 2024 में अपने बघेली वीडियो "ओ मोदी जी, एमपी से 29 की 29 सीट जीते हैं, हमरे ईहन की रोड त बनवाई देई..." से देशभर में चर्चित हुई थीं। उनका कहना है कि वे पिछले दो वर्षों से मुख्यमंत्री, क्षेत्रीय सांसद और स्थानीय प्रशासन के चक्कर काट रही हैं, लेकिन केवल खोखले आश्वासन ही मिले हैं।

ये भी पढ़ें: मैहर में बंदरों का आतंक! घरों में घुसकर खाना-सामान ले जाते हैं, ग्रामीणों ने मांगी इच्छा मृत्यु

दो साल में एक पत्थर भी नहीं लगा

हम पिछले दो साल से सड़क के लिए लगातार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने गुहार लगा रहे हैं। सांसद ने सड़क स्वीकृति की बात कही थी, लेकिन दो साल बीतने के बाद भी जमीन पर एक पत्थर तक नहीं लगा। दो बरसात हमने जैसे-तैसे काट लीं, अब और बर्दाश्त नहीं होता। केवल आवेदनों और आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, जब तक निर्माण शुरू नहीं होगा, धरना जारी रहेगा।

-लीला साहू, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एवं आंदोलनकारी

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts