Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर में खाद्य विभाग का मिलावट पर शिकंजा, 42 क्विंटल मावा जब्त; लिए सैंपल

सीहोर। त्योहारों के बीच खाद्य पदार्थों में मिलावट और संदिग्ध कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। श्यामपुर में पुलिस और खाद्य सुरक्षा प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आयशर वाहन से करीब 42 क्विंटल मावा जब्त किया है। भिंड के दुलारपुरा से भोपाल ले जाई जा रही इस भारी खेप में 107 बोरियां मिली हैं। खाद्य विभाग ने मावे के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
सीहोर में खाद्य विभाग का मिलावट पर शिकंजा, 42 क्विंटल मावा जब्त; लिए सैंपल
सीहोर में खाद्य विभाग का मिलावट पर शिकंजा

सीहोर। जानकारी के अनुसार, पुलिस और खाद्य सुरक्षा प्रशासन को सूचना मिली थी कि एक वाहन में बड़ी मात्रा में मावा परिवहन कर भोपाल ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए श्यामपुर पुलिस और खाद्य विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। संदिग्ध आयशर वाहन को रोककर उसकी सघन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में मावे से भरी 107 बोरियां बरामद हुईं। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल मच गई।

107 बोरियों में करीब 42 क्विंटल मावा

खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जब्त वाहन का पंजीयन क्रमांक MP 04 YB 6936 है। वाहन में रखी प्रत्येक बोरी में लगभग 40 किलोग्राम मावा भरा हुआ था। इस तरह कुल खेप का वजन करीब 42 क्विंटल आंका गया है। वाहन चालक की पहचान सत्यभान सिंह के रूप में हुई है। पुलिस और खाद्य विभाग द्वारा चालक से पूछताछ कर परिवहन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य जानकारी की पड़ताल की जा रही है।

ये भी पढ़ें: खिलचीपुर में खाद्य विभाग की कार्रवाई, दूध-घी से लेकर मावा बर्फी तक के सैंपल लिए

आपूर्ति के दस्तावेजों पर सवाल

खाद्य विभाग के अनुसार, मावे की आपूर्ति और अंतिम डिलीवरी स्थल को लेकर मौके पर स्पष्ट और पुख्ता दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। चालक के पास माल कहां उतारा जाना था, इसकी विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में विभाग ने परिवहन व्यवस्था, माल के स्रोत और संबंधित कारोबारियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। भिंड से भोपाल तक मावे की खेप किन लोगों के माध्यम से पहुंचाई जा रही थी, यह भी जांच का विषय है।

सैंपल लैब भेजे, कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखवाई खेप

खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपाली कांगे के अनुसार, मावे की मौके पर प्रारंभिक जांच की गई। गुणवत्ता सामान्य लगने के बावजूद मिलावट और स्वास्थ्य संबंधी आशंकाओं को देखते हुए सैंपल लेकर राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। मावे के खराब होने की आशंका को ध्यान में रखते हुए पूरी खेप को सुपुर्दगी में लेकर स्थानीय कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखवाया गया है।

Breaking News

रिपोर्ट के बाद तय होगी कार्रवाई

खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई निर्धारित की जाएगी। अगर मावे में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और खाद्य विभाग की जांच जारी है। इतनी बड़ी मात्रा में मावे की खेप पकड़े जाने के बाद संदिग्ध खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। 

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts