PlayBreaking News

पहले किया "नाना" जांच में मिला हा-हा?ड्रग्स से लेकर ऑनलाइन सट्टे तक, नाना पटवारी के नेटवर्क की परतें खंगाल रही पुलिस, आज फिर पूछताछ के लिए तलब

ड्रग्स सप्लाई, ऑनलाइन सट्टा और संदिग्ध लेन-देन के एंगल पर जांच तेज, पुलिस ने जारी किया नया नोटिस।
Follow on Google News
ड्रग्स से लेकर ऑनलाइन सट्टे तक, नाना पटवारी के नेटवर्क की परतें खंगाल रही पुलिस, आज फिर पूछताछ के लिए तलब
गुरुवार को नाना पटवारी को पुलिस लाई थी थाने

इंदौर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी से जुड़े ड्रग्स प्रकरण की जांच अब कथित ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क तक पहुंच गई है। पुलिस ड्रग्स सप्लाई चेन के साथ-साथ ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े संभावित कनेक्शनों की भी गहन पड़ताल कर रही है। मोबाइल कॉल डिटेल, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की जांच में कुछ ड्रग्स पैडलरों, युवतियों और अन्य संदिग्धों को भी जांच के दायरे में लिया गया है। दूसरी ओर कांग्रेस ने पूरी कार्रवाई को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताते हुए सरकार पर विपक्ष की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है।

 

प्रॉपर्टी कारोबारी महिला सहित कई लोगों से पूछताछ

शुक्रवार को पुलिस ने पलासिया क्षेत्र निवासी एक प्रॉपर्टी कारोबारी महिला को पूछताछ के लिए बुलाया। पुलिस के अनुसार महिला नाना पटवारी के संपर्क में रही है। इसके अलावा कुछ अन्य युवतियों से भी पूछताछ की तैयारी की गई है। जांच अधिकारी नाना की गतिविधियों, संपर्कों और कथित आर्थिक लेन-देन की जानकारी जुटा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पुराने मामलों को भी खंगाला जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक खुशी कुलवाल आत्महत्या प्रकरण में भी नाना पटवारी का नाम सामने आया था। राजेंद्र नगर पुलिस ने ड्रग्स पैडलर संजय कौशल उर्फ रौनी भाई और इरफान उर्फ गोलू खान के बयानों के आधार पर नाना को हिरासत में लिया था। शुक्रवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया।

 बेंगलुरु के दावे पर उठे सवाल

नाना पटवारी के अधिवक्ता जय हार्डिया ने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज अधिकांश प्रकरण किसान आंदोलन के दौरान के हैं और किसी में भी वह दोषी सिद्ध नहीं हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का भाई होने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। नाना पटवारी ने भी दावा किया कि पुलिस ने पूरे दिन पूछताछ नहीं की और अलग-अलग स्थानों पर घुमाने के बाद रात में ड्रग्स मामले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वह तीन दिन पहले बेंगलुरु गए थे, जबकि पुलिस का दावा है कि मोबाइल के पीएसटीएन डेटा में उनकी लोकेशन भोपाल में मिली है।

संबंधित खबर: नाना पटवारी बोले- तीन साल पहले तक करता था ड्रग्स का सेवन: अब पूरी तरह नशामुक्त हूं

ड्रग्स सप्लाई के नए इनपुट, 10 हजार रुपये ट्रांसफर की जांच

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इरफान से दोबारा पूछताछ में उसने दावा किया कि नाना पटवारी अब भी ड्रग्स का सेवन करता है। पूछताछ में इरफान ने बताया कि बुधवार को नाना ने भूरु उर्फ राजू खान से ड्रग्स की मांग की थी। उस समय भूरु गुजरात में था, इसलिए उसने इरफान को फोन कर मुंबई बाजार क्षेत्र के एक सप्लायर से मादक पदार्थ लेने के लिए कहा। पुलिस के मुताबिक इरफान ने अपने परिचित अयान मंसूरी से ऑनलाइन 10 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए और कथित रूप से मुंबई बाजार निवासी सैयद से ब्राउन शुगर मंगवाई। पुलिस इस पूरे लेन-देन और डिजिटल ट्रेल की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: टिकट नहीं मिला तो भड़क उठे समर्थक! दतिया में हाईवे जाम, पुलिस पर पथराव से मचा हड़कंप, NH-44 पर 15 KM लंबा जाम

वाटर पार्क में ड्रग्स डिलीवरी का दावा

पुलिस ने नाना के करीबी सोहन उर्फ जोजो से भी दोबारा पूछताछ की। अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में वाटर पार्क में ड्रग्स की डिलीवरी किए जाने की जानकारी मिली है। जांच में भूरु, इरफान, संजय कौशल, सैयद और धीरज के नाम भी सामने आए हैं। इन सभी की भूमिका की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें: मासूम आरव की हत्या का पूरा सच : टॉफी के बहाने ले गया, 30 सेकेंड में 8 बार पटका

आज फिर होगी पूछताछ

पुलिस ने नाना पटवारी को पुनः पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है। उन्हें शनिवार दोपहर 3 बजे राजेंद्र नगर थाने बुलाया गया है। वहीं, उनके साथी मानव गंगवानी को दोपहर 12:30 बजे पूछताछ के लिए उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों, कॉल रिकॉर्ड, बैंक ट्रांजेक्शन और आरोपियों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: बारिश से बदला सीएम का कार्यक्रम : अब लहार से जारी करेंगे लाड़ली बहना योजना की 38वीं किस्त

ड्रग्स सप्लायर राजू उर्फ भुरू गिरफ्तार

जांच के दौरान युवती ने कृष्णा मौरे, बंटी असरानी, आकांक्षा और राजू खान उर्फ भुरू के नाम भी पुलिस को बताए। इसके बाद पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए राजू उर्फ भुरू को गिरफ्तार कर लिया। भुरू वर्ष 2020 में विजय नगर थाना क्षेत्र के ड्रग्स प्रकरण में भी आरोपी रह चुका है। पुलिस अब उसके मोबाइल, व्हाट्सएप चैट, कॉल डिटेल और बैंक ट्रांजेक्शन की गहन जांच कर रही है ताकि पूरे ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts