Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

नाना पटवारी बोले- तीन साल पहले तक करता था ड्रग्स का सेवन:अब पूरी तरह नशामुक्त हूं

जीतू पटवारी ने पुलिस कार्रवाई को बताया राजनीतिक प्रतिशोध, कहा- भाई को बिना वजह हिरासत में लिया गया
Follow on Google News
अब पूरी तरह नशामुक्त हूं
मेहरूँन टी-शर्ट में नाना पटवारी प्रेस से चर्चा करते हुए

इंदौर। राजेंद्र नगर थाना पुलिस द्वारा ड्रग्स तस्करी के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों की पूछताछ के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी का नाम सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। देर रात पुलिस पूछताछ के बाद छोड़े गए नाना पटवारी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर पुलिस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताया। इस दौरान नाना पटवारी ने स्वीकार किया कि वह तीन वर्ष पहले तक ड्रग्स का सेवन करते थे, लेकिन रिहैब सेंटर में उपचार के बाद पिछले तीन वर्षों से पूरी तरह नशामुक्त हैं।

प्रेस वार्ता में नाना पटवारी ने कहा कि उनकी गलती केवल इतनी है कि वह जीतू पटवारी के भाई हैं। उन्होंने दावा किया कि जिन लोगों को पुलिस ने ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया है, उनसे उनका किसी भी प्रकार का ड्रग्स संबंधी लेन-देन या बातचीत नहीं है। उनके अनुसार वह अपनी गाड़ी सर्विसिंग के लिए लेकर गए थे, तभी पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई। थाने में उनसे केवल नाम पूछा गया और हिरासत में लेने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस पूरे दिन उन्हें अलग-अलग स्थानों पर लेकर घूमती रही और देर रात छोड़ दिया।

 

नाना पटवारी ने बताया कि उनकी गाड़ी संजय कौशल उर्फ रॉनी के कार वॉश सेंटर पर धुलती है, जहां इरफान उर्फ गोलू भी आता-जाता है। पुलिस ने उनसे संजय कौशल और इरफान के संबंध में पूछताछ की। उन्होंने कहा कि दोनों कांग्रेस कार्यकर्ता हैं और चुनाव के दौरान पार्टी के लिए काम कर चुके हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिस स्कॉर्पियो वाहन की चर्चा की जा रही है, वह संजय कौशल उर्फ रॉनी की है और उसमें मिले किसी भी सामान से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वह तीन वर्ष पहले तक ड्रग्स का सेवन करते थे, लेकिन रिहैब सेंटर में उपचार के बाद नशा पूरी तरह छोड़ चुके हैं। उनका कहना था कि अब उनका किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ से कोई संबंध नहीं है।

 

संबंधित खबर: Breaking News : ड्रग्स कनेक्शन के मामले में पुलिस ने मप्र कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई को हिरासत में लिया

वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पुलिस कार्रवाई को सत्ता का दुरुपयोग और राजनीतिक प्रतिशोध बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए उनके परिवार को निशाना बना रही है। जीतू पटवारी ने कहा कि उनके भाई किसी भी ड्रग्स तस्करी मामले में शामिल नहीं हैं, फिर भी उन्हें हिरासत में लेकर पूरे दिन पूछताछ की गई। उन्होंने कहा कि नाना पटवारी ने अपने पुराने नशे की लत को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है, जो उनकी पारदर्शिता और ईमानदारी को दर्शाता है। फिलहाल पुलिस की ओर से प्रेस वार्ता में लगाए गए आरोपों और नाना पटवारी के दावों पर कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि ड्रग्स तस्करी मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts