उज्जैन के बालिका छात्रावास में मचा हड़कंप, 21 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी; चक्कर और उल्टी की शिकायत

उज्जैन। जिले के खाचरौद तहसील स्थित चांपाखेड़ा गांव के शासकीय बालिका छात्रावास में अचानक अफरातफरी मच गई। यहां एक के बाद एक 21 छात्राओं को चक्कर आने, उल्टी और घबराहट की शिकायत होने लगी। छात्राओं की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल खाचरौद सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल सभी की हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।
खेत में चिरायता फसल की कटाई के दौरान बिगड़ी तबीयत
मिली जानकारी के अनुसार, छात्रावास के पास स्थित खेत में किसान चिरायता फसल की कटाई और निकलई का काम कर रहा था। इस दौरान उड़ने वाला भूसा और धूल हवा के साथ छात्रावास परिसर तक पहुंच गई। बताया जा रहा है कि इसकी गंध के संपर्क में आने के बाद छात्राओं को परेशानी होने लगी और उनकी तबीयत बिगड़ गई।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी प्रभावित छात्राओं को उपचार के लिए खाचरौद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण और इलाज किया गया। फिलहाल सभी छात्राओं की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।




















