गुजरात के बाद अब मुंबई में जुटी बेरोजगारों की भीड़, Air India में इंटरव्यू के लिए पहुंचे हजारों युवा, मुंबई एयरपोर्ट पर बनी भगदड़ जैसी स्थिति

मुंबई। मुंबई एयरपोर्ट में लोडर पद के लिए आवेदन देने हजारों की संख्या में उम्मीदवारों के पहुंचने से एयरपोर्ट के पास भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए। पुलिस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी है। सहार पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि घटना मंगलवार की सुबह की है और जल्द ही स्थिति पर काबू पा लिया गया। वहीं एअर इंडिया के कर्मचारियों को भीड़ को कंट्रोल करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
एयरपोर्ट लोडर की वैकेंसी पर 25 हजार से ज्यादा कैंडिडेट इंटरव्यू के लिए पहुंच गए। अब इसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसी तरह का मामला कुछ दिन पहले गुजरात के भरूच जिले के अंकलेश्वर में भी देखा गया था।
https://x.com/psamachar1/status/1813538328001802699
आवेदकों से दस्तावेज जमा करने को कहा था
बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट पर लोडर के पद के लिए रिक्ति के बारे में पता चलने पर नौकरी पाने के इच्छुक लोग अपने आवेदन और दस्तावेज लेकर सहार कार्गो कॉम्प्लेक्स के पास गेट नंबर 5 पर इकट्ठा हुए। स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर आवेदकों से बायोडाटा, आवेदन पत्र और अन्य दस्तावेज जमा कराकर जाने के लिए कहा गया। अधिकारी ने बताया कि बाद में एयरपोर्ट के अधिकारियों ने 200 आवेदकों को साक्षात्कार के लिए बुलाने का फैसला किया। ये सभी नए आवेदक हैं और अधिकतर ने हाल ही में 12वीं पास की है। अधिकारी ने बताया, ‘‘किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है, बाद में स्थिति पर काबू पा लिया गया।''
https://x.com/psamachar1/status/1813538328001802699












