जबलपुर में शिक्षकों पर दोहरी जिम्मेदारी, जनगणना और छमाही परीक्षाएं एक साथ; पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका

जबलपुर। सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के सामने दिसंबर और जनवरी में दोहरी जिम्मेदारी निभाने की चुनौती खड़ी हो गई है। एक ओर पहली से 12वीं कक्षा तक छमाही परीक्षाओं की तैयारी की जा रही है, वहीं दूसरी ओर 5 जनवरी से जनगणना का काम भी शुरू होना है। ऐसे में प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों के सामने सवाल है कि वे बच्चों को पढ़ाएं, परीक्षाओं का संचालन करें या घर-घर जाकर जनगणना की जिम्मेदारी निभाएं। दोनों काम एक साथ आने से स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। इसे लेकर स्कूलों के प्राचार्य भी चिंतित हैं। जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में पहली से 12वीं कक्षा तक कुल 4 लाख 36 हजार 296 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। जिले में 1,732 सरकारी प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल संचालित हैं। इनमें करीब 7,200 शासकीय शिक्षक कार्यरत हैं जबकि निजी स्कूलों में शिक्षकों की संख्या करीब 16 हजार बताई गई है।
परीक्षा के दौरान शिक्षकों की गैरमौजूदगी बनेगी परेशानी
छमाही परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र वितरण, परीक्षा संचालन, उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन और परिणाम तैयार करने की जिम्मेदारी शिक्षकों पर रहती है। इसके साथ ही विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान और परीक्षा की तैयारी कराना भी जरूरी होता है। इसी अवधि में शिक्षकों को जनगणना की ड्यूटी मिलने से स्कूलों में उनकी उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों को जनगणना के लिए घर-घर जाकर जानकारी जुटानी होगी। ऐसे में स्कूलों में शिक्षकों की कमी होने से पढ़ाई और परीक्षा संचालन दोनों प्रभावित होने की आशंका है। स्कूल प्रबंधन के सामने भी परीक्षा व्यवस्था सुचारु रखने की चुनौती रहेगी।
5 जनवरी से शुरू होगी जनगणना, निजी स्कूलों के शिक्षक भी होंगे शामिल
जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे के मुताबिक भारत सरकार से जनगणना के संबंध में निर्देश प्राप्त हो चुके हैं। 5 जनवरी से जनगणना का काम शुरू होना है। उन्होंने बताया कि जनगणना और अध्यापन के साथ परीक्षा का काम भी अनिवार्य है। जनगणना के लिए प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों के साथ निजी स्कूलों के शिक्षकों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। हालांकि, बोर्ड परीक्षाओं में शामिल शिक्षकों को जनगणना के काम में नहीं लगाया जाएगा।
शिक्षक संगठन ने कहा- काम का आवंटन इस तरह हो कि पढ़ाई प्रभावित न हो
तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ मध्यप्रदेश के प्रांताध्यक्ष अतुल मिश्रा का कहना है कि जनगणना और परीक्षा दोनों ही अनिवार्य कार्य हैं। ऐसे में शिक्षकों पर काम का काफी दबाव रहेगा। विभाग को जिम्मेदारियों का आवंटन इस तरह करना चाहिए कि बच्चों की पढ़ाई, परीक्षा और जनगणना का काम प्रभावित न हो।\
4.36 लाख विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षा व्यवस्था की चुनौती
जिले में सरकारी और निजी स्कूलों को मिलाकर 4 लाख 36 हजार से अधिक विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी लगने पर स्कूलों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। अब शिक्षा विभाग के सामने जनगणना और परीक्षा की जिम्मेदारियों के बीच तालमेल बैठाने की चुनौती है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षा व्यवस्था पर इसका असर कम से कम पड़े।




















