मैं जो कुछ भी हूं, नेहरू-गांधी परिवार की वजह से हूं सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के 18वें दिन बोले दिग्विजय सिंह

गुना। 5 नवंबर से विश्राम के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा 18वें दिन फिर शुरू हुई। बुधवार को राघौगढ़ के श्री हनुमान मंदिर पाटई आश्रम में विधि-विधान से पूजन के बाद यात्रा की शुरूआत हुई। यात्रा गणेश मंदिर, रामनगर जोड़, हनुमान मंदिर कटरा, जैन मंदिर कटरा, मंगल भवन, अखाड़ा मंदिर, रानीजी मंदिर, बिलाल मस्जिद होते हुए कैंची बीड़ी कारखाने के पास पहुंची। इसके बाद किला राघौगढ़, धीरपुर, ईशातोड़ा, खैराई, शहरोक गांवों से होते हुए यात्रा ने आरोन कस्बे में प्रवेश किया, जहां सनकादिक आश्रम में 18वें दिन की यात्रा का विश्राम हुआ।
सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के पुन: शुभारंभ के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा, लोकतंत्र को समाप्त करने के लिए भाजपा और आरएसएस प्रयासरत हैं। यदि लोकतंत्र समाप्त हो गया तो एकतंत्र आएगा, जो केवल एक ही वर्ग के लिए राज करेगा और उसी वर्ग को सारी योजनाओं का लाभ देगा।
निष्पक्ष चुनाव प्रणाली पर जोर देते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा- एक सफल लोकतंत्र के लिए विश्वसनीय और निष्पक्ष चुनाव आयोग की आवश्यकता है। हमारा यह दायित्व है कि हम वोट चोरी पकड़ें और उसे ठीक कराएं। कांग्रेस पार्टी मतपत्र से ही चुनाव कराना चाहती है और यही इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भी है।
राम मंदिर मुद्दे पर उठाए सवाल
अयोध्या राम मंदिर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, भगवान राम मंदिर निर्माण में जिन लोगों ने चोरी की है, उनके खिलाफ आज तक देश के प्रधानमंत्री मौन क्यों हैं? वे ऐसे चंदा चोरों को बचाने में लगे हैं, जिन्हें पकड़वाना हमारा काम है। विश्व हिंदू परिषद, भाजपा और आरएसएस धर्म के नाम पर आमजन को गुमराह कर रहे हैं, जबकि सभी धर्मों का सम्मान करना ही सच्चा सनातन धर्म है। गांधी-नेहरू परिवार के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए दिग्विजय सिंह ने भावुक अंदाज में कहा कि वे आज राजनीति और सार्वजनिक जीवन में जो कुछ भी हैं, वह सब नेहरू-गांधी परिवार की ही बदौलत है।
भाजपा ने तोड़ा हैं संविधान रूपी धर्म: जीतू पटवारी
कार्यक्रम में मौजूद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सत्तारूढ़ भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि धर्म और अध्यात्म के साथ-साथ हमारी जिम्मेदारियों की भावना भी जुड़ी हुई है। हमारे पूर्वजों ने देश संचालन के लिए संविधान बनाया है, जिसका पालन करना हम सभी का परम धर्म है। पटवारी ने तंज कसते हुए कहा, भाजपा ने संविधान रूपी धर्म को तोड़ा है और उसे लगातार अपमानित किया है। इस यात्रा का उद्देश्य सच्चाई को सामने लाना, संविधान की रक्षा करना और देश के लोकतंत्र को बचाना है। भाजपा नेता जनार्दन मिश्रा पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता सत्ता के नशे में चूर हैं। शिवराज सिंह चौहान द्वारा किसानों से किए गए एमएसपी के वादे का जिक्र करते हुए उन्होंने याद दिलाया कि वादा पूरा करने के बजाय 6 किसानों को गोलियों से भून दिया गया था। पटवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव किसानों से जुड़ी गलतियों पर जल्द माफी मांगें, अन्यथा किसान के बेटे चुप नहीं बैठने वाले हैं। दिग्विजय सिंह की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने लोक व्यवहार और राजनीतिक मयार्दाएं दिग्विजय सिंह से ही सीखी हैं।
मेरे लिए 40 की उम्र में भी मुमकिन नहीं: जयवर्धन सिंह
राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने दिग्विजय सिंह के प्रति आत्मीय भाव व्यक्त करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह ने 20वीं और 21वीं सदी में राघौगढ़ का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है। उन्होंने कहा- आज 80 वर्ष की आयु में दिग्विजय जी जिस तरह पैदल यात्रा कर रहे हैं, वह मेरे लिए 40 वर्ष की आयु में कर पाना भी मुमकिन नहीं दिखता। इससे पहले वे नर्मदा परिक्रमा और राहुल गांधी के साथ 'भारत जोड़ो यात्रा' जैसी कठिन पदयात्राएं सफलता पूर्वक पूरी कर चुके हैं।
दिग्विजय सिंह की अनूठी अपील- फूल न बरसाएं, सहयोग करें परेशान नहीं
सभा के दौरान दिग्विजय सिंह ने समर्थकों द्वारा किए जा रहे भव्य स्वागत पर कहा- मुझे लगातार चलने में बिल्कुल भी थकावट नहीं होती है, लेकिन जब मेरे ऊपर बड़ी-बड़ी मालाएं और फूलों की बारिश होती है, उससे जितनी थकावट होती है उतनी तो 50 किलोमीटर पैदल चलने से भी नहीं होती। उन्होंने समर्थकों से अपील करते हुए कहा, मेरा सहयोग करें, मुझे परेशान न करें। यदि ऐसा ही चलता रहा तो कहीं मुझे अपनी यात्रा स्थगित न करनी पड़े, इसलिए कृपया मेरे ऊपर फूलों की पंखुड़ियां न डालें।
प्रदेशभर के नेताओं की रही मौजूदगी
राघौगढ़ के कैंची बीड़ी कारखाने के पास हुई आमसभा के दौरान राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, एआईसीसी राष्ट्रीय सचिव व यूपी प्रभारी कुणाल चौधरी, पूर्व मंत्री सुरेश सिंह, विधायक महेश परमार, श्योपुर विधायक बाबू सिंह जंडेल, पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह, जौरा विधायक पंकज उपाध्याय, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ अध्यक्ष बैजनाथ कुशवाह, सुसनेर विधायक भैरों सिंह बापू, जिला पंचायत राजगढ़ अध्यक्ष चंदर सिंह, पूर्व विधायक बापू सिंह तंवर और बमौरी विधायक इंजी. ऋषि अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।




















