भोपाल के रहवासी इलाकों में कारोबार पर 6 जनवरी को फैसला, नगर निगम की रिपोर्ट पर रहवासियों ने उठाए सवाल

भोपाल। सोमवार को जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस संजीव सचदेवा की पीठ ने मामले की सुनवाई की। इस दौरान आवासीय क्षेत्रों में अवैध व्यावसायिक उपयोग और अनधिकृत निर्माण को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए। कोर्ट ने सभी राज्यों के नगर निगमों और नगरपालिकाओं से 6 जनवरी तक अवैध निर्माणों पर रिपोर्ट मांगी है।
जनवरी को अरेरा कॉलोनी समेत अन्य इलाकों पर फैसला
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के बाद भोपाल की अरेरा कॉलोनी और अन्य आवासीय क्षेत्रों में अवैध भू-उपयोग, व्यावसायिक गतिविधियों और हजारों अनधिकृत निर्माणों पर निर्णय होगा। यह मामला सिर्फ भोपाल तक सीमित नहीं है, बल्कि आवासीय परिसरों में अवैध व्यावसायिक उपयोग और निर्माण के खिलाफ देशभर में चल रही कार्रवाई से जुड़ा है। याचिकाकर्ता विवेक त्रिपाठी के मुताबिक, लोंगनाथम बनाम तमिलनाडु राज्य मामले की सुनवाई के दौरान न्यायालय ने मौजूदा हालात पर नाराजगी जताई।
ये भी पढ़ें: भोपाल में सीलिंग की कार्रवाई, 2 दिन में 340 प्रतिष्ठान सील; 23 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
घर के बाद होटल और फिर कारोबार कैसे शुरू हो जाता है?
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सवाल उठाया कि यह कैसे संभव है कि आज किसी जगह घर हो, अगले दिन वहां होटल बन जाए और फिर कुछ समय बाद दूसरी व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हो जाएं। न्यायालय ने कहा कि बड़े भ्रष्टाचार और राजनीतिक हस्तक्षेप के बिना ऐसा होना संभव नहीं है। कोर्ट के मुताबिक, यह समस्या अब पूरे देश में फैल चुकी है और इसके समाधान के लिए सिर्फ सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर्याप्त नहीं है।
हाईकोर्ट को भी अवैध गतिविधियों पर सुनवाई करनी होगी
याचिकाकर्ता त्रिपाठी ने बताया कि न्यायालय ने कहा है कि हर प्रदेश के हाईकोर्ट को भी ऐसी अनियमितताओं के खिलाफ सुनवाई करनी होगी। कोर्ट ने अपनी टिप्पणी में सीधे भ्रष्टाचार शब्द का इस्तेमाल किए बिना कहा कि नगर निगम और नगरपालिका स्तर पर अवैध गतिविधियों और भूमि उपयोग के उल्लंघन के लिए मानो एक कीमत तय है। यह कीमत ली और दी जाती है, जिसके चलते शहरों का स्वरूप बिगड़ता जा रहा है।
घर के बगल में होटल-रेस्टोरेंट बनाने की अनुमति कौन देता है?
सुनवाई के दौरान न्यायालय ने यह भी सवाल किया कि एक घर के बगल में होटल या रेस्टोरेंट कैसे बन सकता है और इसकी अनुमति कौन देता है। कोर्ट ने कहा कि हर राज्य में शहरों का आवासीय स्वरूप बिगाड़ा जा रहा है। न्यायालय ने उन अधिकारियों और प्राधिकरणों की भूमिका पर भी सवाल उठाया, जिनकी शक्तियों के चलते अवैध निर्माणों को बढ़ावा मिल रहा है।
सभी राज्यों से 6 जनवरी तक मांगी गई रिपोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने सभी राज्यों के नगर निगमों और नगरपालिकाओं से अवैध निर्माण और भूमि उपयोग के उल्लंघन के मामलों में 6 जनवरी तक अनुपालन रिपोर्ट मांगी है। भोपाल नगर निगम ने अब तक की गई सीलिंग कार्रवाई की रिपोर्ट कोर्ट में पेश की, लेकिन रहवासियों ने इस पर आपत्ति दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि रिपोर्ट के जरिए न्यायालय को गुमराह किया जा रहा है।
रहवासियों ने मिलीभगत का आरोप लगाया
याचिकाकर्ता विवेक त्रिपाठी ने कहा कि इस मामले में भूमाफिया और जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत उजागर हुई है। उन्हें भरोसा है कि सुप्रीम कोर्ट रहवासियों के हित में फैसला करेगा। उन्होंने बताया कि अब जबलपुर हाईकोर्ट की खंडपीठ में भी अपना पक्ष रखने की तैयारी है और पूरे मामले में विधिक राय मांगी गई है। इस पर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।




















