बंगाल में बेरोजगार युवाओं को जनवरी से हर महीने मिलेंगे 2,000 रुपए, गैर-स्नातकों को 1,500 रुपए भत्ता

पश्चिम बंगाल सरकार ने बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए 'भोरशा कर्मसूची' योजना के तहत जनवरी से मासिक भत्ता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को बताया कि इस योजना के अंतर्गत बेरोजगार स्नातकों और सरकारी व्यावसायिक संस्थानों एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) से डिप्लोमा प्राप्त युवाओं को हर महीने 2,000 रुपए दिए जाएंगे। वहीं बेरोजगार गैर-स्नातक युवाओं को 1,500 रुपए प्रतिमाह की आर्थिक सहायता मिलेगी।
जनवरी से शुरू होगा मासिक भत्ता
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के मुताबिक योजना का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। इसके तहत शैक्षणिक योग्यता के आधार पर भत्ते की दो श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। स्नातक डिग्री प्राप्त बेरोजगार युवाओं के साथ सरकारी व्यावसायिक संस्थानों और आईटीआई से डिप्लोमा हासिल करने वाले उम्मीदवारों को हर महीने 2,000 रुपए मिलेंगे। दूसरी ओर जिन बेरोजगार युवाओं के पास स्नातक की डिग्री नहीं है, उन्हें 1,500 रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे।
2028-29 से बढ़ेगी भत्ते की राशि
मुख्यमंत्री ने बताया कि भाजपा के चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादे के अनुसार वित्त वर्ष 2028-29 से बेरोजगारी भत्ते की राशि बढ़ाई जाएगी। इसके तहत स्नातक और पात्र डिप्लोमाधारी बेरोजगार युवाओं को मिलने वाला मासिक भत्ता 2,000 रुपए से बढ़ाकर 3,000 रुपए किया जाएगा। वहीं गैर-स्नातक बेरोजगार युवाओं का मासिक भत्ता 1,500 रुपए से बढ़ाकर 2,000 रुपए कर दिया जाएगा।
21 से 45 साल के युवा होंगे पात्र
भोरशा कर्मसूची योजना का लाभ लेने के लिए उम्मीदवारों की उम्र 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए।




















