PlayBreaking News

MP Weather Update :9 दिन लेट आया मानसून… 15 जिलों में एंट्री, 46 में बारिश का अलर्ट; अगले चार दिन कैसा रहेगा मौसम?

मध्य प्रदेश में 9 दिन की देरी से मानसून की एंट्री हो गई है। 15 जिलों में मानसून पहुंच चुका है, जबकि अगले 2-3 दिनों में पूरा प्रदेश इसकी चपेट में होगा। 46 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। जानिए मौसम विभाग का ताजा अपडेट और 4 दिन का पूर्वानुमान।
Follow on Google News
9 दिन लेट आया मानसून… 15 जिलों में एंट्री, 46 में बारिश का अलर्ट; अगले चार दिन कैसा रहेगा मौसम?

भोपाल। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मध्य प्रदेश में आधिकारिक दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से के 15 जिलों में मानसून के पहुंचने की घोषणा की है। छिंदवाड़ा समेत कई सीमावर्ती जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान हुई अच्छी बारिश और नमी से भरी दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के आधार पर यह घोषणा की गई।

हालांकि, मानसून इस बार तय समय से 9 दिन देरी से पहुंचा है। सामान्य तौर पर प्रदेश में मानसून 15 जून तक प्रवेश कर जाता है, लेकिन इस बार इसकी एंट्री 24 जून को दर्ज की गई।

इन 15 जिलों में पहुंच चुका है मानसून

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मानसून ने प्रदेश के दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों को कवर कर लिया है। जिन जिलों में मानसून की आधिकारिक एंट्री हो चुकी है, उनमें आलीराजपुर, इंदौर, हरदा, धार, बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, खरगोन, सिवनी, बालाघाट, मंडला, बड़वानी और डिंडौरी शामिल हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले दो से चार दिनों के भीतर मानसून पूरे मध्य प्रदेश को कवर कर लेगा। सबसे आखिर में ग्वालियर-चंबल संभाग में मानसून पहुंचने की संभावना है।

कैसे तय होता है कि मानसून आ गया?

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, किसी राज्य में मानसून की एंट्री केवल बारिश के आधार पर नहीं मानी जाती। इसके लिए कई वैज्ञानिक मानकों का अध्ययन किया जाता है। छिंदवाड़ा में पिछले 24 घंटों में करीब 75 मिमी यानी लगभग 3 इंच बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सीमावर्ती जिलों में लगातार बारिश, पर्याप्त नमी और दक्षिण-पश्चिम दिशा से आने वाली मानसूनी हवाओं का विश्लेषण किया गया। इन सभी संकेतों के बाद मध्य प्रदेश में मानसून के आगमन की आधिकारिक घोषणा की गई।

MP weather update

46 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 46 जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, सागर, सतना, शहडोल, अनूपपुर, दमोह, पन्ना, कटनी और कई अन्य जिलों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

वहीं सीधी जिले में लू चलने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा नीमच, मंदसौर, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, रीवा और सिंगरौली में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।

1 जून से अब तक 50% कम बारिश

मानसून के देरी से पहुंचने का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिला है। 1 जून से 24 जून तक प्रदेश में औसतन 84.8 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 42 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य से करीब 50 प्रतिशत कम है। यही वजह है कि, जून के अधिकांश दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में सूखे जैसे हालात बने रहे।

48 जिलों में सामान्य से कम बारिश

अब तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से नीचे रहा है।

कम बारिश वाले प्रमुख जिले-

अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आलीराजपुर, बड़वानी, बैतूल, भिंड, बुरहानपुर, दतिया, देवास, धार, ग्वालियर, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, खरगोन, मुरैना, नर्मदापुरम, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, शाजापुर, सीहोर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा।

सामान्य से ज्यादा बारिश वाले जिले-

भोपाल, अशोकनगर, आगर-मालवा, गुना, मंदसौर, नीमच और श्योपुर।

Featured News

इस साल सामान्य से कम बारिश का अनुमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, इस साल मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर समेत 47 जिलों में बारिश का आंकड़ा औसत से नीचे रहने की संभावना जताई गई है। प्रदेश में सामान्य रूप से करीब 37.3 इंच बारिश होती है, लेकिन इस वर्ष 30 से 32 इंच बारिश होने का अनुमान लगाया गया है।

तापमान में भी दिख रहा बदलाव

मानसून की एंट्री के साथ कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

सबसे गर्म शहर

शहर

अधिकतम तापमान

नौगांव

41.5°C

दतिया

41.2°C

खजुराहो

41.2°C

गुना

39.9°C

ग्वालियर

39.9°C

सबसे ठंडे शहर

शहर

न्यूनतम तापमान

धार

19.0°C

पचमढ़ी

19.6°C

खंडवा

20.0°C

दमोह

21.0°C

बैतूल

21.5°C

तापमान में सबसे बड़ी गिरावट

खंडवा में पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस गिरा, जबकि बैतूल में 3.8 डिग्री और छिंदवाड़ा में 3.6 डिग्री की कमी दर्ज की गई।

अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम?

25 जून : प्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। सीधी में लू का अलर्ट जारी किया गया है।

26 जून : भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में गर्मी बनी रह सकती है।

Breaking News

27 जून : दक्षिण और मध्य मध्य प्रदेश के जिलों में अच्छी बारिश होने के संकेत हैं। वहीं ग्वालियर, मुरैना, भिंड और रीवा क्षेत्र में गर्मी का असर बना रह सकता है।

28 जून : मानसून और ज्यादा सक्रिय होगा। भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, जबलपुर, शहडोल और महाकौशल क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

किसानों के लिए राहत की खबर

मानसून की एंट्री से किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। प्रदेश के कई हिस्सों में बोवनी का इंतजार कर रहे किसान अब बारिश बढ़ने की उम्मीद कर रहे हैं। यदि अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहता है, तो खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिल सकती है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts