Teja Sajja Engaged: ‘हनुमान’ फेम तेजा सज्जा ने की सगाई, अमेरिका में रहती हैं होने वाली पत्नी

साउथ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर एक्टर तेजा सज्जा इन दिनों अपनी फिल्मों के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में हैं। ‘हनुमान’ और ‘मिराय’ जैसी फिल्मों से दर्शकों का दिल जीतने वाले तेजा सज्जा ने अब अपनी जिंदगी की नई शुरुआत कर दी है। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों के मुताबिक, एक्टर ने 16 नवंबर 2026 को हैदराबाद में अपनी गर्लफ्रेंड मौर्या से सगाई कर ली है. इस खास मौके पर परिवार के सदस्यों के साथ फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे भी शामिल हुए।
सगाई में पहुंचे चिरंजीवी और रवि तेजा समेत कई सितारे
तेजा सज्जा और मौर्या की सगाई का कार्यक्रम हैदराबाद में रखा गया था. इस खास मौके को परिवार और करीबी दोस्तों के बीच मनाया गया। समारोह में साउथ सिनेमा के कई बड़े नाम नजर आए. मेगास्टार चिरंजीवी, रवि तेजा और एक्टर नानी ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर कपल को बधाई दी और नई जिंदगी के लिए शुभकामनाएं दीं, सितारों की मौजूदगी ने इस समारोह को और खास बना दिया। हालांकि, तेजा सज्जा ने अभी तक अपनी सगाई को लेकर सोशल मीडिया या किसी दूसरे प्लेटफॉर्म पर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
कौन हैं तेजा सज्जा की होने वाली पत्नी मौर्या?
तेजा सज्जा की होने वाली पत्नी का नाम मौर्या बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह हैदराबाद की रहने वाली हैं, लेकिन उनकी परवरिश अमेरिका में हुई है. मौर्या पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। बताया जा रहा है कि वह अमेरिका में अपने पिता के साथ टेक्नोलॉजी से जुड़े कारोबार में भी काम करती हैं। खास बात यह है कि मौर्या का फिल्मी दुनिया से कोई रिश्ता नहीं है। वह लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करती हैं। तेजा सज्जा ने एक इंटरव्यू में बताया था कि मौर्या को कैमरे और फिल्म इंडस्ट्री की चकाचौंध से दूर रहना पसंद है। दोनों की शादी परिवार की सहमति से तय हुई है। यानी यह एक अरेंज मैरिज है, जिसे दोनों के माता-पिता ने मिलकर तय किया है।
दिसंबर में उदयपुर में हो सकती है डेस्टिनेशन वेडिंग
सगाई के बाद अब तेजा सज्जा और मौर्या की शादी को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों दिसंबर 2026 में शादी कर सकते हैं, बताया जा रहा है कि राजस्थान के उदयपुर में एक प्राइवेट डेस्टिनेशन वेडिंग रखी जा सकती है। हालांकि, अभी तक शादी की तारीख और जगह को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। खबरों के मुताबिक, शादी में दोनों परिवारों के सदस्य और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल होंगे, वहीं, हैदराबाद में फिल्म इंडस्ट्री के दोस्तों और रिश्तेदारों के लिए एक अलग रिसेप्शन पार्टी रखी जा सकती है। फिलहाल फैंस को तेजा सज्जा की ओर से शादी से जुड़ी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।




















