PU Special :आर्मी डे परेड से पहले भोपाल के भेल इलाके में बाहरी रहवासियों की जांच तेज, पुलिस मांग रही दस्तावेज

विजय एस. गौर, भोपाल। आर्मी डे परेड से पहले भोपाल के भेल इलाके में पुलिस और स्पेशल ब्रांच ने जांच तेज कर दी है। टीमें सी सेक्टर, बरखेड़ा, अन्नानगर, अब्बासनगर और गोविंदपुरा सहित कई क्षेत्रों की झुग्गियों में रह रहे बाहरी लोगों से दस्तावेज मांग रही हैं। पहले अन्नानगर के बौद्ध मठ के पते पर 30 बांग्लादेशी नागरिकों के पासपोर्ट बनने का खुलासा हो चुका है। इसी मामले के बाद सुरक्षा एजेंसियां संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।
परिवार, पहचान और निवास पर सवाल
- पहला मामला: भेल के सी सेक्टर निवासी मुस्लिम परिवार मूलत: बिहार के भागलपुर का है, जिसके पास भोपाल में बना बीपीएल कार्ड सहित वोटर आईडी है। इसी परिवार की अब्बासनगर में भी झुग्गियां हैं, जो किराए पर चलाते हैं। इस परिवार से मिलने आने वाले बंगाली टोन में बात करते हैं, जो कुछ दिन रुक कर चले जाते हैं।
- दूसरा मामला: बिहार के बारां जिले का मुस्लिम परिवार ने भोपाल में बीपीएल कार्ड बनाकर भेल इलाके में झुग्गी बनाकर अवैध निवास है। इस परिवार का इसी इलाके की पॉश कॉलोनी में ही जिम है और गोविंदपुरा औद्योगिक इलाके में जिम सप्लीमेंट बनाने की फैक्ट्री भी है। इनकी संपत्ति में अचानक इजाफा चर्चाओं में है।
यह दो मामले यह बताने के लिए काफी हैं कि सामान्यत: काम की तलाश में भोपाल आने वाले कथित बिहारी और बंगाली मजदूरों की भेल सहित अन्य आसपास के इलाकों में अवैध बसाहट बढ़ती जा रही है। ऐसे में आर्मी डे परेड से पहले भेल इलाके की झुग्गीबस्तियों में छानबीन तेज हो गई है।
इसके तहत बीते कुछ सालों में यहां आकर रहने वाले उन लोगों के बारे में पता किया जा रहा है, जिनकी भाषा स्थानीय नही है। सूत्रों के अनुसार स्थानीय पुलिस और स्पेशल ब्रांच की टीमें भेल, सी सेक्टर, बरखेड़ा, अब्बासनगर, गोविंदपुरा औद्योगिक ऐरिया, आनंद नगर के अलावा गांधी नगर इलाके की झुग्गीबस्तियों में चेकिंग में जुटी हैं।
फर्जी पासपोर्ट कांड में दो और गिरफ्तार, बोले हमारे पूर्वज थे बांग्लादेशी
एसआईआर के लिए मांगे दस्तावेज
जांचकर्ता पुलिस टीमें झुग्गियों के संदिग्ध रहवासियों से निवास, मतदाता परिचय पत्र और बीपीएल कार्ड के साथ ही अन्य निवास संबंधी दस्तावेज मांग रही हैं। इसके लिए बाकायदा एसआईआर के नोटिस जारी किए जाकर झुग्गियों मे पुलिस वाले रहवासियों को एकत्रित करके जल्द जानकारी देने के लिए ताकीद कर रहे हैं।
बांग्लादेसी घुसपैठियों के पासपोर्ट बने
भेल की झुग्गीबस्तियां पूर्व से ही संवेदनशील हैं। ज्ञात हो कि भेल के अन्नानगर स्थित बौद्ध मठ का पता देकर पूर्व में 30 बांग्लादेसी घुसपैठियों के पासपोर्ट बनने का खुलासा एसटीएफ कर चुकी है, जिसके बाद अभी तक मास्टर माइंड रियल चौधरी उर्फ भंते मेतानंद सहित आधा दर्जन गिरफ्तार हो चुके हैं। इस मामले में भी गोविंदपुरा पुलिस ने एड्रेस वेरीफिकेशन और गवाहों की पुष्टि में संदिग्ध लापरवाही बरती, जिसकी जांच चल रही है।
प्रदेशव्यापी चेकिंग चल रही है
इंटेलीजेंस एडीजी अंशुमन यादव ने बताया कि बांग्लादेसियों के फर्जी पासपोर्ट बनने का खुलासा होने के बाद से ही प्रदेशव्यापी चेकिंग चल रही है, जिसमें संदिग्ध गतिविधियां और बाहरी लोगों पर नजर रखी जा रही है। कई संदिग्ध बांग्लादेसियों को पकड़ा भी गया है। भोपाल के भेल इलाके में भी अवैध रहवासियों की जांच हो रही है।




















