Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कुलगाम में आतंकियों की रेकी का CCTV वीडियो आया सामने, टैक्सी से उतरते दिखे लतीफ और उमर

कुलगाम में CRPF पोस्ट पर हमले के बाद लश्कर कमांडर लतीफ भट और उमर निसार डार का CCTV फुटेज सामने आया है। 15 लाख का इनामी लतीफ गोली लगने के बाद फरार है, जबकि मुठभेड़ में उमर निसार मारा गया।
कुलगाम में आतंकियों की रेकी का CCTV वीडियो आया सामने, टैक्सी से उतरते दिखे लतीफ और उमर
कुलगाम में CRPF हमले के बाद लतीफ भट और उमर निसार डार का CCTV फुटेज सामने आया

जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के नेटवर्क को खत्म करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों का अभियान लगातार जारी है। कुलगाम में CRPF पोस्ट पर हुए हमले के बाद अब आतंकियों का CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें लश्कर कमांडर मोहम्मद लतीफ भट अपने साथी उमर निसार डार के साथ अलग-अलग इलाकों में रेकी करता दिखाई दे रहा है। दोनों पर 11 नवंबर को CRPF पोस्ट पर हुए हमले में शामिल होने का आरोप है। सोमवार, 16 नवंबर को कुलगाम के लारू इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें लतीफ भट का साथी उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ गोली लगने के बावजूद सुरक्षाबलों के घेरे से भागने में कामयाब रहा। उसके घायल होने की आशंका है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। आखिर कौन था 22 साल का लतीफ भट? उस पर 15 लाख रुपए का इनाम क्यों घोषित किया गया था और CRPF पोस्ट पर हमले से पहले उसने किन इलाकों की रेकी की थी? जानिए पूरी कहानी।

लतीफ भट पर था 15 लाख रुपए का इनाम

मोहम्मद लतीफ भट दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के ख्रेवन गांव का रहने वाला है। उसकी उम्र करीब 22 साल बताई जा रही है। इतनी कम उम्र में ही वह लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय नेटवर्क में एक अहम चेहरा बन गया था। जानकारी के मुताबिक, नवंबर 2025 में वह घर छोड़कर आतंकी संगठन में शामिल हो गया था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया। उस पर 15 लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, लतीफ दक्षिण कश्मीर में कई आतंकी घटनाओं से जुड़ा रहा है। उस पर सुरक्षाबलों और आम नागरिकों को निशाना बनाने वाले हमलों में शामिल होने के आरोप हैं। कुलगाम में मजदूरों की टारगेट किलिंग से जुड़े मामलों में भी उसका नाम सामने आया था। बताया जाता है कि वह हमले के बाद स्थानीय आबादी के बीच घुल-मिल जाता था। इसी वजह से उसकी पहचान करना और उसकी गतिविधियों पर नजर रखना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बन गया था।

CCTV में दिखे लतीफ भट और उमर निसार डार

जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से जारी CCTV फुटेज में लतीफ भट अपने साथी उमर निसार डार के साथ दिखाई दे रहा है। करीब 56 सेकेंड के वीडियो में दोनों एक टैक्सी से उतरते नजर आते हैं। पहले लतीफ और फिर उमर गाड़ी से बाहर निकलता है। इसके बाद दोनों CRPF पोस्ट की दिशा में जाते दिखाई देते हैं। जांच एजेंसियों ने 10 और 11 नवंबर के CCTV फुटेज खंगाले। इसमें दोनों की गतिविधियां कुलगाम के अलग-अलग इलाकों में रिकॉर्ड हुई थीं। जांच के मुताबिक, दोनों ने हमले से पहले चार जगहों पर रेकी की थी।

  • मीर बाजार: दोनों की आवाजाही CCTV में रिकॉर्ड हुई।
  • अखरन: CRPF पोस्ट के आसपास दोनों की गतिविधियां दिखाई दीं।
  • हबलिश: दोनों की मौजूदगी के सुराग मिले।
  • किलम: CCTV फुटेज में दोनों की आवाजाही सामने आई।

11 नवंबर को CRPF पोस्ट पर किया था हमला

कुलगाम के नौपोरा अखरन इलाके में 11 नवंबर को आतंकियों ने CRPF पोस्ट को निशाना बनाया था। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। जानकारी के मुताबिक, आतंकियों ने CRPF की 46वीं बटालियन के जवानों पर फायरिंग की और फिर मौके से फरार हो गए। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। CCTV फुटेज और जांच के बाद लतीफ भट और उमर निसार डार के नाम सामने आए। जांच में यह भी पता चला कि उमर पिछले 5 से 6 महीने से लतीफ भट को पनाह और दूसरी तरह की मदद दे रहा था। उमर के लापता होने के बाद उसके परिवार ने कुलगाम पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक, CRPF पोस्ट पर हमले के तुरंत बाद उमर द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) में शामिल हो गया था।

लारू में मुठभेड़, उमर निसार डार मारा गया

CRPF पोस्ट पर हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां दोनों आतंकियों की तलाश कर रही थीं। इसी बीच सोमवार, 16 नवंबर को कुलगाम के लारू इलाके में सुरक्षाबलों को दोनों की मौजूदगी की जानकारी मिली। सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी की। सुरक्षाबलों को देखकर दोनों संदिग्ध पास के दो स्कूलों और एक सेब के बगीचे की तरफ भागे। उस समय स्कूलों में बच्चे मौजूद थे। ऐसे में सुरक्षाबलों ने पहले बच्चों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद इलाके में मुठभेड़ शुरू हुई।  मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया। उसका शव घटनास्थल से बरामद किया गया। वहीं, लतीफ भट गोली लगने के बावजूद सुरक्षाबलों के शुरुआती घेरे से निकलने में कामयाब रहा। उसके घायल होने की आशंका जताई गई है।

600 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ, 15 गांवों में सर्च ऑपरेशन

हमले के बाद कुलगाम के ग्रामीण इलाकों में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की संयुक्त टीमें 15 से ज्यादा गांवों में तलाशी ले रही हैं। इस अभियान में ड्रोन, खोजी कुत्तों और मेटल डिटेक्टरों की मदद ली जा रही है। आतंकियों के संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिए घरों, कमरों, बगीचों और घनी झाड़ियों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 600 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। जांच के तहत कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। संवेदनशील इलाकों में चेकपोस्ट बनाए गए हैं और आने-जाने वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ाई गई है।

लश्कर-ए-तैयबा और TRF का क्या है कनेक्शन?

लश्कर-ए-तैयबा पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन है, जो लंबे समय से जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा है। वहीं, द रेजिस्टेंस फ्रंट यानी TRF को लश्कर-ए-तैयबा का प्रॉक्सी संगठन माना जाता है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, स्थानीय युवाओं को अपने नेटवर्क में शामिल करना आतंकी संगठनों की रणनीति का हिस्सा रहा है। स्थानीय मददगारों के जरिए आतंकियों को ठिकाने, जरूरी सामान और इलाके की जानकारी मिलती है। उमर निसार डार पर भी लतीफ भट को लंबे समय तक पनाह और दूसरी मदद देने का आरोप है। अब जांच एजेंसियां दोनों के संपर्कों और स्थानीय नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts