Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दिल्ली में दिखेगी भारत की 5 हजार साल पुरानी विरासत, डांसिंग गर्ल समेत 1,000 अनमोल चीजें होंगी खास

दिल्ली में बनने जा रहे युगे युगेन भारत संग्रहालय में देश की कई अनमोल ऐतिहासिक चीजें देखने को मिलेंगी। करीब 4,500 साल पुरानी मोहनजोदड़ो की डांसिंग गर्ल, निजाम के कीमती गहने और तक्षशिला के आभूषण भी यहां रखे जाएंगे। पहली गैलरी का नाम अलंकरण होगा। वहीं, मौजूदा राष्ट्रीय संग्रहालय अपनी पुरानी जगह पर ही बना रहेगा।
दिल्ली में दिखेगी भारत की 5 हजार साल पुरानी विरासत, डांसिंग गर्ल समेत 1,000 अनमोल चीजें होंगी खास
डांसिंग गर्ल बनेगी संग्रहालय का खास आकर्षण

नई दिल्ली। भारत के इतिहास और संस्कृति से जुड़ी अनमोल चीजें अब एक ही जगह देखने को मिलेंगी। दिल्ली में बन रहे युगे युगेन भारत संग्रहालय में मोहनजोदड़ो की मशहूर कांस्य प्रतिमा डांसिंग गर्ल समेत 1,000 से अधिक खास चीजें रखी जाएंगी। इनमें निजाम के कीमती गहने, तक्षशिला के आभूषण और गांधार कला की मूर्तियां भी शामिल होंगी। केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने सोमवार को कर्तव्य भवन में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नए संग्रहालय के लिए ज्यादातर चीजें दिल्ली के राष्ट्रीय संग्रहालय से लाई जाएंगी। हालांकि, मौजूदा राष्ट्रीय संग्रहालय को बंद नहीं किया जाएगा। वह अपनी जगह पर पहले की तरह बना रहेगा और वहां इतिहास से जुड़ी चीजें दिखाई जाएंगी।

डांसिंग गर्ल बनेगी नई गैलरी की पहचान

युगे युगेन भारत संग्रहालय की पहली गैलरी का नाम 'अलंकरण' रखा गया है। इस गैलरी में करीब 4,500 साल पुरानी डांसिंग गर्ल प्रतिमा को खास जगह मिलेगी। मोहनजोदड़ो से मिली यह कांस्य प्रतिमा भारत की सबसे चर्चित पुरानी कलाकृतियों में शामिल है। इसे देखकर उस समय के लोगों के पहनावे और गहनों के बारे में जानकारी मिलती है। संस्कृति सचिव के अनुसार, इस गैलरी में 1,000 से ज्यादा चीजें रखी जाएंगी। इनमें निजाम के बेशकीमती गहने, तक्षशिला के आभूषण, पुरानी पेंटिंग, गांधार कला की मूर्तियां और भारतीय संग्रहालय की कुछ खास मूर्तियां शामिल होंगी। प्रयागराज संग्रहालय से भी कुछ चीजें यहां लाई जाएंगी।

Delhi Building Collapse: विवेक विहार में पुराने मकान की छत गिरी, मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका

18 लाख चीजों में से होगा खास संग्रह का चुनाव

सरकार नए संग्रहालय को खास बनाने के लिए देशभर के संग्रहालयों और निजी संग्रहों से ऐतिहासिक चीजों की जानकारी जुटा रही है। अब तक करीब 18 लाख वस्तुओं की पहचान की गई है। इनमें राष्ट्रीय संग्रहालय, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के 52 संग्रहालय, राज्य संग्रहालय और निजी संग्रह शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रीय संग्रहालय में रखी कुल चीजों में से अभी केवल 10 प्रतिशत ही लोगों को दिखाई जाती हैं। बाकी 90 प्रतिशत सामान सुरक्षित जगहों पर रखा है। नए संग्रहालय में इन्हीं में से जरूरी और खास चीजों को जगह दी जाएगी।

3,230 करोड़ रुपये में तैयार होगा संग्रहालय

युगे युगेन भारत संग्रहालय को बनाने पर करीब 3,230 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 11 नवंबर को इस योजना को मंजूरी दी थी। इसे दिल्ली के नॉर्थ और साउथ ब्लॉक की इमारतों में तैयार किया जाएगा। यहां भारत के 5,000 साल से ज्यादा पुराने इतिहास और संस्कृति को दिखाया जाएगा। संग्रहालय में आठ अलग-अलग हिस्से होंगे। इनमें भारत की इमारतों, शहरों, गणित, अंतरिक्ष की जानकारी, भाषाओं, धर्म, व्यापार और दूसरे देशों के साथ पुराने संबंधों की कहानी दिखाई जाएगी। पूरी परियोजना को 2031 तक अलग-अलग चरणों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

2027 में खुल सकती है पहली गैलरी

सरकार की योजना के अनुसार, संग्रहालय की पहली गैलरी अलंकरण 2027 के आखिरी महीनों में आम लोगों के लिए खोली जा सकती है। फिलहाल इसके डिजाइन और सजावट पर काम चल रहा है। इसके बाद विशेषज्ञों की एक समिति वहां रखी जाने वाली चीजों की जांच करेगी और उनके बारे में जानकारी तैयार करेगी।

आंध्र प्रदेश में ONGC के गैस कुएं से भारी रिसाव, 800 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

पुरानी जगह पर ही बना रहेगा राष्ट्रीय संग्रहालय

दिल्ली के जनपथ पर स्थित राष्ट्रीय संग्रहालय को लेकर भी सरकार ने स्थिति साफ कर दी है। करीब 35 हजार वर्ग मीटर में फैली इस इमारत में लगभग दो लाख ऐतिहासिक चीजें मौजूद हैं। इसकी नींव 12 मई 1955 को देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने रखी थी। संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने बताया कि यह इमारत राष्ट्रीय संग्रहालय के रूप में ही बनी रहेगी। यहां इतिहास से जुड़ी चीजें दिखाई जाएंगी, जबकि युगे युगेन भारत संग्रहालय में भारत की पूरी सभ्यता और संस्कृति की कहानी पेश की जाएगी। इस तरह दोनों संग्रहालयों की अपनी अलग पहचान होगी।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts