Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP Weather Update: पहाड़ों पर बर्फबारी का असर! प्रदेश में गिरने लगा रात का पारा; 9 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में 20 नवंबर को 9 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी समेत दक्षिण-पूर्वी जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं भोपाल, इंदौर समेत कई जिलों में धूप खिलने का अनुमान है। मौसम में बदलाव की वजह जानिए।
MP Weather Update: पहाड़ों पर बर्फबारी का असर! प्रदेश में गिरने लगा रात का पारा; 9 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 20 नवंबर को प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से के 9 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के कई जिलों में मौसम साफ रहने और धूप खिलने का अनुमान है। मौसम में यह बदलाव बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन और चक्रवाती तूफान के असर से हो रहा है। इससे पहले ही भोपाल समेत कई जिलों में बादल छाने लगे हैं।

इन 9 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

20 नवंबर को उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बारिश हो सकती है। दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की भी संभावना है।

बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम से बदलेगा मौसम

मौसम केंद्र के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन और चक्रवाती तूफान मध्य प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है। 17 नवंबर को इसके मध्य-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है। इसके आगे बढ़ने के साथ प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है। 20 नवंबर को इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।

भोपाल में धुंध, शाम को छाए बादल

इससे पहले सोमवार को भोपाल में धुंध का असर देखने को मिला। शाम करीब 4 बजे के बाद मौसम में बदलाव आया और आसमान में बादल छा गए। प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम का मिजाज बदलता नजर आया।

करौंदी में सबसे ठंडी रही रात, 11.4 डिग्री पहुंचा पारा

बीती रात कटनी के करौंदी में सबसे कम 11.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा अमरकंटक में 11.8 डिग्री, कल्याणपुर में 12.1 डिग्री, दमोह में 12.4 डिग्री और छिंदवाड़ा में 13 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। भोपाल और इंदौर में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री, नौगांव में 13.5 डिग्री और मलाजखंड में 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 14.6 डिग्री रहा। यानी भोपाल और इंदौर में पचमढ़ी से भी कम न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। उज्जैन में यह 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के 17 शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया।

MP weather

पहाड़ों पर बर्फबारी से MP में बढ़ी ठंड

कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी हो रही है। वहीं, राजस्थान में चक्रवाती सिस्टम के कारण हल्की बारिश भी दर्ज की गई है। इन मौसमी गतिविधियों का असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है और रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ रही है।

नवंबर के दूसरे पखवाड़े में बढ़ती है ठंड

मौसम विभाग के पिछले 10 साल के आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में 9 साल नवंबर के दूसरे पखवाड़े में तेज ठंड पड़ी है। इस बार भी 20 नवंबर के बाद प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने का अनुमान है।

ग्वालियर-चंबल में गिर सकता है तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर और बढ़ सकता है। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं के सीधे पहुंचने से रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। वहीं, उज्जैन में 53 साल पहले न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर के दौरान बारिश होने का ट्रेंड भी रहा है। इस बार महीने की शुरुआत में ही बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में सिस्टम सक्रिय होने पर बारिश हो सकती है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

Latest Posts