PU Special :इंदौर में पानी की कमी से बदला कॉलेजों का शैक्षणिक कैलेंडर, मार्च तक परीक्षाएं; गर्मियों में खाली होंगे हॉस्टल

प्रभा उपाध्याय, इंदौर। कम बारिश और लगातार गिरते भूजल स्तर का असर अब शहर के बड़े शिक्षण संस्थानों पर भी दिखाई देने लगा है। गर्मियों में पानी की किल्लत से निपटने के लिए देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) और एसजीएसआईटीएस (SGSITS) ने अपना शैक्षणिक कैलेंडर बदल दिया है। दोनों संस्थानों में पाठ्यक्रम और परीक्षाएं तय समय से पहले पूरी कराने की तैयारी है ताकि गर्मियों के दौरान कैंपस और हॉस्टलों में विद्यार्थियों की संख्या कम की जा सके। DAVV के 16 बोरवेल में से दो सूख चुके हैं जबकि 6 में जलस्तर काफी नीचे चला गया है। ऐसे में संस्थान पढ़ाई का समय बढ़ाकर और परीक्षाएं पहले कराकर पानी की खपत कम करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
DAVV के 16 बोरवेल में से दो सूखे, 6 में जलस्तर गिरा
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के परिसर और आवासीय क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति के लिए कुल 16 बोरवेल हैं। इनमें से दो पूरी तरह सूख चुके हैं जबकि 6 में जलस्तर काफी नीचे चला गया है। हालांकि आईईटी परिसर के पांच बोरवेल में फिलहाल जलस्तर स्थिर बना हुआ है। कुछ स्थानों पर ओवरहेड टैंक भरने के लिए दो से तीन बार पानी चढ़ाना पड़ रहा है। DAVV के कुलगुरु डॉ. राकेश सिंघई ने बताया कि विश्वविद्यालय में करीब 14 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और यहां 13 हॉस्टल संचालित होते हैं। गर्मियों में पानी की खपत कम करने के लिए हॉस्टलों को खाली कराने की तैयारी की जा रही है। इससे परिसर में रहने वाले विद्यार्थियों की संख्या कम होगी और पानी की मांग पर भी नियंत्रण किया जा सकेगा।
मार्च के अंत तक परीक्षाएं पूरी कराने की तैयारी
DAVV प्रबंधन ने मार्च के अंत तक परीक्षाएं पूरी कराने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए विभागों में अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जा रही हैं ताकि निर्धारित समय से पहले पाठ्यक्रम पूरा किया जा सके। विश्वविद्यालय प्रबंधन का मानना है कि परीक्षाएं जल्दी पूरी होने से गर्मियों में कैंपस में विद्यार्थियों की मौजूदगी कम रहेगी। इससे पानी की खपत घटाने में मदद मिलेगी।
SGSITS में फरवरी तक पूरा होगा पाठ्यक्रम
एसजीएसआईटीएस में छह हजार से अधिक विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। संस्थान में पांच बॉयज और तीन गर्ल्स हॉस्टल हैं। संस्थान के डायरेक्टर डॉ. नितेश पुरोहित ने बताया कि कलेक्टर की अध्यक्षता में कॉलेजों के डायरेक्टर और डीन की बैठक हुई थी। इसके बाद अगस्त में ही शैक्षणिक कैलेंडर में बदलाव कर दिया गया था। संस्थान का लक्ष्य फरवरी तक पाठ्यक्रम पूरा कराने का है। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं और विद्यार्थियों का पाठ्यक्रम समय पर पूरा कराने के लिए अतिरिक्त कक्षाएं भी लगाई जा रही हैं।
हर विद्यार्थी को एलुमनाई मेंटर से जोड़ा
एसजीएसआईटीएस के डीन डॉ. राकेश खरे ने बताया कि शैक्षणिक कैलेंडर में बदलाव के कारण विद्यार्थियों पर पढ़ाई का अतिरिक्त दबाव न पड़े, इसके लिए हर विद्यार्थी को एक एलुमनाई मेंटर से जोड़ा गया है। ये मेंटर विद्यार्थियों की पढ़ाई और अन्य समस्याओं में सहयोग करते हैं। पाठ्यक्रम समय पर पूरा कराने के लिए सेमेस्टर के बीच मिलने वाला अवकाश कम किया गया है। इसके अलावा सप्ताह में पांच दिन के बजाय 6 दिन कक्षाएं लगाई जा रही हैं। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त और रेमेडियल कक्षाएं भी संचालित की जा रही हैं ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
इंदौर के IET हॉस्टल में नशे का नेटवर्क? पुलिस जांच के बाद बड़ा एक्शन
दोनों संस्थानों की तैयारी
|
विवरण |
DAVV |
SGSITS |
|---|---|---|
|
विद्यार्थी |
करीब 14 हजार |
6 हजार से अधिक |
|
हॉस्टल |
13 |
5 बॉयज, 3 गर्ल्स |
|
बोरवेल |
16 |
जानकारी उपलब्ध नहीं |
|
सूखे बोरवेल |
2 |
जानकारी उपलब्ध नहीं |
|
जलस्तर घटा |
6 बोरवेल में |
जानकारी उपलब्ध नहीं |
|
शैक्षणिक तैयारी |
अतिरिक्त कक्षाएं |
6 दिन कक्षाएं, अतिरिक्त और रेमेडियल कक्षाएं |
|
लक्ष्य |
मार्च अंत तक परीक्षाएं पूरी |
फरवरी तक पाठ्यक्रम पूरा |
निजी हॉस्टलों में भी रहते हैं हजारों विद्यार्थी
इंदौर में कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के अलावा निजी हॉस्टलों में भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी रहते हैं। पुराने अनुमान के मुताबिक शहर में निजी हॉस्टलों में रहने वाले विद्यार्थियों की संख्या दो हजार से अधिक है। वहीं शहर में बाहर से आकर पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों की संख्या चार से 6 लाख तक बताई जाती है। ये विद्यार्थी कॉलेजों के साथ-साथ कोचिंग संस्थानों में भी अध्ययनरत हैं। भंवरकुआं, गीतानगर, राजेंद्र नगर और विजय नगर जैसे क्षेत्रों में विद्यार्थियों की बड़ी आबादी रहती है। ऐसे में गर्मियों के दौरान पानी की उपलब्धता बनाए रखना शहर के लिए बड़ी चुनौती हो सकता है।




















