PU Special :बड़वाह विधायक सचिन बिरला ने कलेक्टर को लिखा पत्र, बोले- मेरी अनुशंसा के बिना क्षेत्र में माइनिंग की अनुमति न दें

भाजपा विधायक सचिन बिरला ने खरगोन कलेक्टर से अपनी अनुशंसा के बिना माइनिंग अनुमति नहीं देने को कहा। पत्र पर प्रशासनिक और सियासी हलचल है।
बड़वाह विधायक सचिन बिरला ने कलेक्टर को लिखा पत्र, बोले- मेरी अनुशंसा के बिना क्षेत्र में माइनिंग की अनुमति न दें

राजीव सोनी, भोपाल। बड़वाह से भाजपा विधायक सचिन बिरला द्वारा खरगोन कलेक्टर को लिखे गए एक अटपटे पत्र से प्रशासन हैरान है। विधायक ने लिखा है कि मेरी अनुशंसा के बिना क्षेत्र में कोई भी नई खनन लीज अथवा अनुमति जारी न की जाए। क्षेत्र में संचालित नई-पुरानी खनन गतिविधियों की जानकारी मुझे दी जाए। बिना पूर्व सूचना एवं आवश्यक परीक्षण के बड़वाह क्षेत्र में खनन संबंधी अनुमति स्वीकृत न की जाए।

विधायक को ऐसा कोई अधिकार नहीं

विधायक बिरला के इस अनूठे पत्र से खनन विभाग सहित प्रशासन भी हैरान है। अपने पत्र में उन्होंने कलेक्टर से यह भी मांग की है कि खनन विभाग की हर गतिविधि की जानकारी उन्हें दी जाए। शासन के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि नियमानुसार विधायक को ऐसा कोई अधिकार नहीं है। खनिज लीज, नवीनीकरण और नई स्वीकृति का अधिकार शासन और खनिज विभाग के नियमों के तहत कलेक्टर और राज्य शासन को है।

अवैध खनन से पर्यावरण को नुकसान 

विधायक बिरला ने लिखा है कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में नदी नाले, राजस्व भूमि तथा वन भूमि पर विभिन्न खनिजों के उत्खनन की अनुमतियां जारी की जाती हैं। कई स्थानों पर अवैध खनन के कारण जनाक्रोश और पर्यावरणीय क्षति भी होती है।

चुनाव से पहले BJP के हो ही गए विधायक सचिन बिरला : दो साल पहले थामा था दामन, लेकिन विधानसभा में दल-बदल सिद्ध नहीं कर सकी कांग्रेस

वीटो पॉवर मांगने जैसा

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'यह तो अपने विधानसभा क्षेत्र में वीटो पाँवर मांगने जैसा है। विधायक सुझाव दे सकते हैं, आपत्ति दर्ज करा सकते हैं, लेकिन 'मेरी अनुमति के बिना काम न हो' कहना नियम विरुद्ध है।'पत्र से सियासी गलियारों में भी हलचल है। जिले के पुराने भाजपा नेताअों का कहना है कि विधायक खुद को सरकार से ऊपर समझ रहे हैं। पत्र को लेकर विधायक बिरला और कलेक्टर से कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया है, लेकिन  उनकी प्र​तिक्रिया नहीं मिली।

ऐसी कोई बाध्यता नहीं

 वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने बताया कि इस तरह की कोई बाध्यता नहीं है। पत्र यदि सुझावात्मक हो तो ही ठीक है। यह अधिकार विभाग, कलेक्टर अथवा ग्राम सभा का है।.

Jitendra Shrivastava
By Jitendra Shrivastava

शांत स्वभाव और सौम्य व्यक्तित्व के साथ खबरों की गहरी समझ। यही पहचान है जितेंद्र श्रीवास्तव की। पिछले...

Latest Posts