भोपाल:5,017 चयनित शिक्षकों को मिली नियुक्ति, दो साल का इंतजार खत्म; इसी सत्र से संभालेंगे स्कूलों की जिम्मेदारी

मध्यप्रदेश में शिक्षक भर्ती 2024 के तहत चयनित 5,017 अभ्यर्थियों का करीब दो साल लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षक पदों के लिए नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। सभी नियुक्तियां 3 और 4 जुलाई को संभागीय संयुक्त संचालकों के माध्यम से जारी की गईं जिससे नव-नियुक्त शिक्षक मौजूदा शैक्षणिक सत्र से ही स्कूलों में पढ़ाना शुरू कर सकेंगे।
4,067 माध्यमिक और 950 प्राथमिक शिक्षकों को मिली नियुक्ति
स्कूल शिक्षा विभाग ने कुल 5,017 नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। इनमें 4,067 माध्यमिक शिक्षक और 950 प्राथमिक शिक्षक शामिल हैं। माध्यमिक शिक्षक पदों पर हिन्दी, गणित, अंग्रेजी, संस्कृत, सामाजिक विज्ञान, खेल तथा गायन-वादन विषयों के लिए नियुक्तियां हुई हैं। वहीं प्राथमिक स्तर पर खेल, नृत्य और गायन-वादन विषयों के लिए शिक्षकों की भर्ती की गई है।
नियुक्ति में देरी से अभ्यर्थियों में थी नाराजगी
ये सभी अभ्यर्थी मध्यप्रदेश माध्यमिक एवं प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा-2024 के तहत चयनित हुए थे। परीक्षा परिणाम आने के बाद लंबे समय तक नियुक्तियां नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी थी। इस दौरान उन्होंने कई बार प्रदर्शन कर जल्द नियुक्ति की मांग भी उठाई थी। बाद में लोक शिक्षण संचालनालय ने चयनित अभ्यर्थियों से शाला विकल्प (चॉइस फिलिंग) की प्रक्रिया पूरी कराई जिसकी अंतिम तिथि 21 जून 2026 निर्धारित की गई थी। इसके करीब एक सप्ताह बाद नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए।
ये भी पढ़ें: MP News: मध्यप्रदेश में UCC कानून पर बढ़ा सस्पेंस, मानसून सत्र में पेश होना मुश्किल
स्कूल शिक्षा मंत्री ने दी शुभकामनाएं
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से सभी नव-नियुक्त शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि 5,017 चयनित अभ्यर्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं और विश्वास है कि वे प्रदेश के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ये नियुक्तियां राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
ये भी पढ़ें: इंदौर में ‘पीएम ई-बस सेवा’ की शुरुआत: आई-14 रूट पर 10 इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल रन शुरू
लोक शिक्षण आयुक्त ने की लगातार मॉनिटरिंग
लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह ने नए शैक्षणिक सत्र से पहले स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार समीक्षा बैठकें कीं। विभागीय स्तर पर आ रही बाधाओं को दूर करने के बाद संभागीय संयुक्त संचालकों को जल्द नियुक्ति आदेश जारी करने के निर्देश दिए गए। इसी के बाद 3 और 4 जुलाई को सभी चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र जारी कर दिए गए जिससे अब वे नए सत्र से अपनी सेवाएं दे सकेंगे।












