चुनाव आयोग को लेकर CM मोहन यादव ने राहुल गांधी को घेरा-कहा केरल में SIR के बाद कांग्रेस की सरकार बनी, इस पर क्या बोलोगे?

भोपाल। मध्यप्रदेश में मतदाता सूची से जुड़ी SIR प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस और राहुल गांधी के आरोपों पर सवाल उठाए हैं। दोनों नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुका है और कांग्रेस को बिना ठोस दस्तावेजों के आरोप लगाने से बचना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और सबसे युवा देश है। उन्होंने राहुल गांधी का नाम लेते हुए कहा कि गांधी परिवार लंबे समय से केंद्रीय राजनीति में रहा है, लेकिन किसी को गाली देने या बिना आधार आरोप लगाने की राजनीति स्वीकार नहीं की जा सकती। सीएम ने कहा केरल में SIR के बाद कांग्रेस की सरकार बनी, इस पर राहुल गांधी क्या बोलना चाहेंगे? मीठा-मीठा गप और कड़वा-कड़वा थू ऐसा नहीं चलेगा।
CM बोले- आरोप सही हैं तो आधार भी बताना चाहिए
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी के मौजूदा रुख पर सवाल उठाते हुए इंदिरा गांधी के दौर की इमरजेंसी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बार-बार अपने आरोपों के सही साबित होने की बात कर रहे हैं, लेकिन यह किस आधार पर कहा जा रहा है, इसे स्पष्ट किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री के अनुसार चुनाव आयोग ने अपने फैसले को सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय बताया है। उन्होंने इसी आधार पर राहुल गांधी से माफी मांगने की बात कही।
सिर्फ माफी से काम नहीं चलेगा, इस्तीफा देना चाहिए
डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी राहुल गांधी को समझाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुछ भी बोलकर बाद में माफी मांग लेने से काम नहीं चलेगा। मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर इस्तीफे की मांग की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के घेराव से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब चुनाव आयोग ने पूरी स्थिति स्पष्ट कर दी है तो उसके बाद इस तरह का घेराव क्यों किया जा रहा है? उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि लोकतंत्र के महत्वपूर्ण संस्थानों को कमजोर करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।
उज्जैन 2028 के सिंहस्थ के लिए उत्साहित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में विकास कार्यों के लिए अपने पुराने मकान को हटाए जाने के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने कहा कि उज्जैन 2028 के सिंहस्थ के लिए उत्साहित है और विकास के लिए लोग स्वयं आगे आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने अपना जीवन उज्जैन में बिताया है और उनका पुराना मकान करीब पांच दशक पुराना था। जब मकान बनाया गया था, तब उनकी उम्र करीब पांच साल थी। उन्होंने कहा कि उनके पिता भी कहते थे कि जब जरूरत पड़े तो सरकार के साथ सहभागी बनना चाहिए।
लोग विकास के लिए खुद हटा रहे आशियाने
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लोग स्वयं अपने आशियाने विकास के लिए हटा रहे हैं और यह बड़ी बात है। उनके अनुसार यह विरासत के संरक्षण के साथ विकास का समय है। उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री ने लोगों की सहभागिता का उल्लेख किया। उन्होंने अपने पुराने मकान को हटाए जाने को भी इसी व्यापक विकास प्रक्रिया से जोड़कर अपनी बात रखी।
ये भी पढ़ें: जिस घर में बीता बचपन, वहीं CM मोहन यादव ने खुद चलाई गैंती ; पेश की मिसाल
हेमंत खंडेलवाल बोले- SIR पर भ्रम फैला रही कांग्रेस
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने SIR को लेकर कांग्रेस पर जनता में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने इसे सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय बताया है। Form-6 को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग स्पष्ट कर चुका है कि Form-6 में आपत्ति जैसी कोई बात नहीं है। खंडेलवाल ने राहुल गांधी पर राजनीतिक विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए आरोप लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बार-बार लोकतंत्र की मर्यादा को भंग कर रही है और बिना ठोस दस्तावेजों के आरोप लगाए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Mann Ki Baat: PM मोदी ने युवाओं से लेकर सर्जिकल स्ट्राइक तक की बात, अशोक सिंघल को भी किया याद


















