Mann Ki Baat: PM मोदी ने युवाओं से लेकर सर्जिकल स्ट्राइक तक की बात, अशोक सिंघल को भी किया याद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने युवाओं और नई पीढ़ी से जुड़े विषयों के साथ देश की सुरक्षा, सर्जिकल स्ट्राइक और खेलों में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने देश के विकास में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और अलग-अलग क्षेत्रों में उनकी भागीदारी की चर्चा की।
सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे होने का जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे होने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 28 और 29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा यानी LoC के पार जाकर पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई की थी। PM मोदी ने कहा कि भारतीय सेना के जवानों ने जिस तरह आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की, उससे पूरी दुनिया का ध्यान भारत की ओर गया। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक को आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति का एक उदाहरण बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवादी हमलों के कारण भारत ने लंबे समय तक जिस पीड़ा का सामना किया, सर्जिकल स्ट्राइक उस दर्द के खिलाफ भारत की निर्णायक प्रतिक्रिया थी।
Hargila Bird: PM Modi ने मन की बात में सुनाई हरगिला की प्रेरक कहानी, बदली गांवों की सोच
PM मोदी बोले- 'आतंकवाद बर्दाश्त नहीं करेगा भारत'
सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का भारत आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करता है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भारत का रुख स्पष्ट है। प्रधानमंत्री के संबोधन में सर्जिकल स्ट्राइक का उल्लेख ऐसे समय हुआ है, जब इस सैन्य कार्रवाई के 10 साल पूरे होने जा रहे हैं। 2016 में उरी आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा के पार आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था।
‘यंग क्रिएटर्स की कमी नहीं’… PM मोदी के बयान ने खींचा ध्यान, बताई इतिहास की अनोखी वेबसाइट
एशियन गेम्स में भारत के प्रदर्शन की भी चर्चा
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन का भी जिक्र किया। प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। भारत ने अब तक 4 स्वर्ण, 12 रजत और 14 कांस्य पदक समेत कुल 30 पदक जीते हैं। पदक तालिका में भारत फिलहाल 10वें स्थान पर है। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से देश में खेलों को लेकर उत्साह बढ़ा है। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धियों को युवाओं के लिए प्रेरणा से जोड़ते हुए खेलों में आगे बढ़ने की भावना पर जोर दिया।
अशोक सिंघल को PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ में श्रद्धेय स्वर्गीय अशोक सिंघल को याद किया। उन्होंने कहा कि 27 सितंबर 1926 को आज ही के दिन आगरा में अशोक सिंघल का जन्म हुआ था। उनकी जन्म शताब्दी के अवसर पर PM मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। PM मोदी ने कहा कि अशोक सिंघल ने समाज के बीच रहते हुए तपस्वी जैसा जीवन बिताया। उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन को नई दिशा और ऊर्जा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण उसी लंबे प्रयास का परिणाम है।
मोढेरा सूर्य मंदिर के विध्वंस के 1000 साल पूरे होने की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड में गुजरात के प्रसिद्ध मोढेरा सूर्य मंदिर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक मंदिर के विध्वंस को इस साल 1000 साल पूरे हो रहे हैं। PM मोदी के मुताबिक, 1026 ईस्वी में गजनी ने सोमनाथ मंदिर पर हमला किया था। इसी दौर में गुजरात के मोढेरा में स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर को भी नुकसान पहुंचाया गया था। उन्होंने बताया कि मोढेरा सूर्य मंदिर का निर्माण 1025 ईस्वी में राजा भीमदेव ने कराया था।
इतिहास और आधुनिक विकास का अनोखा संगम
प्रधानमंत्री ने कहा कि मोढेरा आज सिर्फ अपने ऐतिहासिक सूर्य मंदिर के लिए ही नहीं, बल्कि आधुनिक ऊर्जा के क्षेत्र में अपनी पहचान के लिए भी जाना जाता है। आज मोढेरा देश के पहले ‘सोलर विलेज’ यानी सौर ग्राम के रूप में भी पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि एक तरफ मोढेरा अपने हजारों साल पुराने इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए है, वहीं दूसरी ओर आधुनिक तकनीक और सौर ऊर्जा के इस्तेमाल के जरिए भविष्य की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है।



















