Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

BJP में शाम 5 बजे शामिल हो सकते हैं कमलनाथ-नकुलनाथ, पीसी शर्मा बोले- इन अटकलों में कोई दम नहीं; नाथ समर्थक नेता ने कहा- जय श्रीराम

Follow on Google News
BJP में शाम 5 बजे शामिल हो सकते हैं कमलनाथ-नकुलनाथ, पीसी शर्मा बोले- इन अटकलों में कोई दम नहीं; नाथ समर्थक नेता ने कहा- जय श्रीराम
भोपाल/नई दिल्ली। मध्य प्रदेश की सियासत में आज बड़ा दिन है। प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ और उनके बेटे सांसद नकुलनाथ का भाजपा में जाना लगभग तय माना जा रहा है। दोनों शनिवार से दिल्ली में ही हैं, ऐसे में रिपोर्ट्स के मुताबिक वे आज शाम 5 बजे भाजपा जॉइन कर सकते हैं। इसके अलावा उनके खास समर्थक भी दिल्ली में हैं। आज कमलनाथ और नकुलनाथ की पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात हो सकती है। मप्र के कुछ कांग्रेस विधायक भी पार्टी छोड़ सकते हैं।

मुझे इन अटकलों में कोई दम नहीं दिखता : पीसी शर्मा

एमपी के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता कमल नाथ को लेकर चल रहीं अटकलों को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस नेता पीसी शर्मा का कहना है, ''मैंने कमल नाथ की कार्यशैली को बहुत करीब से देखा है, यह संभव नहीं है कि वह कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल होंगे... यह सब मीडिया की अटकलें हैं और ऐसा कुछ भी नहीं है। जहां तक ​​मुझे पता है, सोनिया जी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे लगातार उनसे (कमल नाथ) बात कर रहे हैं। मुझे इन अटकलों में कोई दम नहीं दिखता।''

अलर्ट पर कांग्रेस आलाकमान

बताया जा रहा है कि कमलनाथ समर्थक विधायक और नेता दिल्ली पहुंच सकते हैं। ये सभी नेता कमलनाथ के साथ बीजेपी में शामिल हो सकते हैं! वहीं कमलनाथ के भाजपा में जाने की अटकलों के बीच कांग्रेस आलाकमान अलर्ट हैं। प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस विधायकों के संपर्क में हैं। दोनों नेता वन टू वन विधायकों से संपर्क कर रहे हैं।

मैं सिर्फ काशी विश्वनाथ की बात करता हूं : जयराम रमेश

उत्तर प्रदेश के भदोही में कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के भाजपा में शामिल होने की खबरों पर कहा, “मैं सिर्फ काशी विश्वनाथ की बात करता हूं, कमलनाथ की नहीं।”

सज्जन सिंह वर्मा दिल्ली पहुंचे

रविवार को दिल्ली पहुंचने के बाद कमलनाथ समर्थक और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर जय श्री राम लिखा। उनके बायो में भी कहीं कांग्रेस का जिक्र नहीं हैं। बता दें कि वर्मा पहले ही कह चुके हैं कि जहां कमलनाथ जाएंगे, उन्हें भी वहां जाना पड़ेगा।

लक्ष्मण सिंह ने कही बड़ी बात

दिग्विजय सिंह के भाई व कांग्रेस के पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट कर लिखा- 2024 में “उत्तराधिकार” की राजनीति करना “न्यायपूर्ण” नहीं है। हम इसके परिणाम भी देख रहे हैं। ऐसा करने से कई राजनीतिक दल और उनके समर्पित कार्यकर्ता निराश होकर घर बैठने पर मजबूर हैं, जो प्रजातत्र और उन दलों और कार्यकर्ताओं के लिए घातक है।

जीतू पटवारी ने कहा- सब भ्रमित बातें हैं

कमलनाथ समर्थक विधायकों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से मिलने व बात करने से दूरी बना ली है। वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी शनिवार रात सपत्नीक आगर मालवा जिले के नलखेड़ा पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस छोड़ भाजपा में जाने के सवाल पर जीतू पटवारी ने कहा कि कमलनाथ, सज्जन सिंह वर्मा या कोई भी विधायक कहीं नहीं जा रहा है, सब भ्रमित बातें हैं।

ये हैं कमलनाथ के करीबी

निलय डागा, सुखदेव पांसे, लखन घनघोरिया, बाला बच्चन, राजेन्द्र मंडलोई, संजय उईके, सुनील उईके, सोहन वाल्मीकि, विजय चौरे, निलेश उईके, सुजीत चौधरी, कमलेश शाह, दिनेश गुर्जर, संजय उईके, मधु भगत, विवेक पटेल, भूपेंद्र गुप्ता, मुरैना और छिंदवाड़ा महापौर।

विधायक गए तो होंगे उपचुनाव!

यदि कमलनाथ के साथ उनके समर्थक विधायक पाला बदलते हैं तो प्रदेश में उपचुनाव की स्थिति बन सकती है, जैसा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस से टूटने के समय हुआ था। दरअसल, दलबदल कानून में अयोग्य होने से बचने के लिए नाथ को 44 विधायकों की जरूरत होगी।

दिग्विजय बोले- बीजेपी में जाने की उम्मीद भी नहीं करनी चाहिए

कमलनाथ के बीजेपी में शामिल होने की अटकलों पर कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने शनिवार को जबलपुर में कहा- कमलनाथ की बीजेपी में जाने की बात सिर्फ मीडिया की ब्रेकिंग न्यूज है। कमलनाथ ने अपने करियर की शुरुआत ही गांधी परिवार के साथ की थी। कमलनाथ कांग्रेस पार्टी के साथ मजबूती से खड़े होने वाले नेता है। गांधी परिवार से कमलनाथ का बेहद अटूट रिश्ता है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि जनसंघ पार्टी इंदिरा गांधी को जेल में डालने वाली थी, उस वक्त भी कमलनाथ पार्टी के साथ थे मजबूती से खड़े थे। दिग्विजय सिंह ने कहा- मेरी कल ही उनसे बात हुई है वह कहीं नहीं जा रहे हैं, जो आदमी हर समय कांग्रेस के साथ खड़ा रहा, वह पार्टी छोड़ने का सोच भी नहीं सकता है। यह खबरे सिर्फ मीडिया में सनसनी फैलाने के लिए बनाई जा रही है।

परिवर्तन का समय है : विवेक तन्खा

कमलनाथ और नकुलनाथ को लेकर कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा है कि  ” परिवर्तन का समय है, इसलिए कुछ नहीं कह सकते”। हालांकि तन्खा के खुद बीजेपी में जाने की अटकलें चल रही थीं, जिन्हें उन्होंने कारिज कर दिया था। हालांकि उनके बेहद करीबी जबलपुर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और पूर्व महाधिवक्ता शशांक शेखर कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम चुके हैं। ये भी पढ़ें- चार साल के अंतराल में कांग्रेस पर भाजपा की दूसरी बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक! ये भी पढ़ें- क्या “कमल” के होंगे “नाथ”….! सस्पेंस बरकरार, दिग्गी का इंकार, तन्खा का दूसरा ही इशारा, “X” पर टॉप ट्रेंडिंग में शामिल हुए कमलनाथ
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts