PU Special :राष्ट्रीय एकता दिवस परेड: पहली बार भोपाल से रवाना होंगी 14 राज्यों की पुलिस बाइकर्स टीम

विजय एस. गौर, भोपाल। गुजरात के केवड़िया में 31 अक्टूबर को होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल होने के लिए पहली बार मध्यप्रदेश सहित 14 राज्यों की पुलिस बाइकर्स टीम भोपाल से रवाना होंगी। 22 अक्टूबर को लाल परेड मैदान से 146 पुलिस बाइकर्स के दल को पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रवाना होने से पहले पुलिस बैंड के साथ रंगारंग कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
एसएएफ एडीजी डी. श्रीनिवास करेंगे नेतृत्व
इस आयोजन की तैयारियां मध्यप्रदेश पुलिस ने शुरू कर दी हैं। बाइकर्स दल की अगुवाई एडीजी, एसएएफ डी. श्रीनिवास वर्मा करेंगे। गुजरात रवाना होने से पहले दल इंदौर और आलीराजपुर में रुकेगा। यहां दो दिन तक स्थानीय युवाओं, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और कलाकारों से संवाद किया जाएगा। कार्यक्रम में नशे से दूर रहने, कानून की जानकारी देने और विभिन्न राज्यों की संस्कृति से परिचित कराने पर जोर रहेगा। स्थानीय पुलिस अधिकारी भी इसमें शामिल होंगे।
इन राज्यों की टीमें होंगी शामिल
पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के अलावा पूर्वोत्तर के सात राज्यों—त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, मणिपुर, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश की पुलिस बाइकर्स टीमें हिस्सा लेंगी। इनके साथ सहयोगी स्टाफ भी रहेगा।
मध्यप्रदेश पुलिस की टीम
टीम लीडर आरआई ग्वालियर धनंजय शर्मा के नेतृत्व में एएसआई प्रभांशु सिंह, आरक्षक अरविंद जाटव, शोभित परतेती, हेमंत परमार, दुर्गेश कुमार और गोविंद कटारे शामिल होंगे। कमांडेंट, 7वीं बटालियन एसएएफ, भोपाल हितेष चौधरी के अनुसार, विभिन्न राज्यों से मध्यप्रदेश पहुंचने वाले बाइकर्स दलों के मार्ग से लेकर भोपाल तक आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
ये भी पढ़ें: Rashtriya Ekta Diwas 2025: एक भारत, श्रेष्ठ भारत के प्रणेता सरदार पटेल के अद्वितीय योगदान




















