Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पिपरिया में पटवारी और दो बच्चों की मौत का मामला, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

पिपरिया में पटवारी अजय धाकड़ और उनके दो बच्चों की मौत के मामले में पुलिस जांच जारी है। FSL टीम ने साक्ष्य जुटाए और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पिपरिया में पटवारी और दो बच्चों की मौत का मामला

सोहागपुर। मध्य प्रदेश के पिपरिया में पटवारी अजय धाकड़ और उनके दो बच्चों की मौत के मामले में पुलिस की जांच जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले से पहुंची फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल से संबंधित जांच की और जरूरी नमूने एकत्र किए। तीनों के पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण थोटा ने भी पिपरिया पहुंचकर मामले की जानकारी ली।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे

पिपरिया थाना प्रभारी आदित्य सेन ने पीपुल्स समाचार को बताया कि तीनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। मृतक अजय धाकड़ की उम्र करीब 40 वर्ष थी, जबकि उनके दोनों बच्चों शिवम और समर्थ की उम्र क्रमशः 11 और 14 वर्ष बताई गई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही घटनाक्रम से जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

कार में मिले थे दोनों बच्चों के शव

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों बच्चों की मौत गला घोंटने से होने की आशंका जताई गई है। बताया गया है कि कथित तौर पर जीआई तार का इस्तेमाल किया गया था और दोनों के शव कार की पिछली सीट के नीचे छिपाए गए थे। हालांकि बच्चों की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगी।

फिल्म दिखाने के बहाने पिपरिया लाने की जानकारी

मिली जानकारी के मुताबिक अजय धाकड़ अपने दोनों बच्चों को फिल्म दिखाने के बहाने पिपरिया लेकर आए थे। उन्होंने रेलवे स्टेशन की पार्किंग में अपनी कार खड़ी की थी। इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे अजय धाकड़ रेलवे लाइन पर संघमित्रा एक्सप्रेस ट्रेन के सामने आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। रेलवे ट्रैक के आउटर के पास हुई इस घटना की जांच के दौरान जब कार की तलाशी ली गई, तो उसमें दोनों बच्चों के शव मिले। इसके बाद मामला गंभीर हो गया और पुलिस ने जांच तेज कर दी।

पिपरिया के पास OHE लाइन पर बंदरों का उत्पात, इटारसी-जबलपुर के बीच बंद रहा रेल यातायात

उदयपुरा में पदस्थ थे अजय धाकड़

जानकारी के अनुसार, अजय धाकड़ मूल रूप से अलीगंज के निवासी थे और वर्तमान में बरेली में रह रहे थे। वे उदयपुरा में पटवारी के पद पर पदस्थ थे।एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से मामला बेहद संवेदनशील हो गया है। फिलहाल इस घटनाक्रम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

FSL रिपोर्ट के बाद सामने आ सकते हैं अहम तथ्य

पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। FSL टीम द्वारा जुटाए गए नमूनों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही मौतों से जुड़ी परिस्थितियों और घटनाक्रम के बारे में अधिक स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Neelam Tiwari
By Neelam Tiwari

नीलम तिवारी - सोहागपुर के वरिष्ठ पत्रकार, 40 वर्षों से निष्पक्ष, जनसरोकार और ग्रामीण मुद्दों की निर्...

Latest Posts